Multibagger Stocks: वुडपैनल बनाने वाली देश की सबसे प्रमुख कंपनियों में से एक ग्रीनपैनल इंडस्ट्रीज (Greenpanel Industries) ने पिछले 3 सालों में अपने निवेशकों को 1000 फीसदी से अधिक का रिटर्न दिया है। ब्रोकरेज फर्मों की मानें तो ग्रीनपैनल इंडस्ट्रीज के शेयरों में जारी रफ्तार अभी थमने वाली नहीं है और वे निवेशकों को मौजूदा स्तर से करीब 60 फीसदी तक की कमाई करा सकते हैं। ग्रीनपैनल इंडस्ट्रीज के शेयर मंगलवार 27 दिसंबर को दिन के कारोबार के दौरान करीब 1 फीसदी टूटकर 415.40 रुपये पर कारोबार कर रहे थे।
नेशनल स्टॉक एक्सचेंज (NSE) पर Greenpanel Industries के शेयरों में पहली बार आज से करीब 3 साल पहले 25 अक्टूबर 2019 को कारोबार शुरू हुआ था। इस समय इसके शेयरों की कीमत सिर्फ 36.55 फीसदी थी, जो अब बढ़कर 415.40 रुपये पर पहुंच गई है। इस तरह पिछले 3 सालों में इस कंपनी ने अपने निवेशकों को करीब 1040 फीसदी का रिटर्न दिया है।
इसका मतलब है कि अगर किसी निवेशक ने 25 अक्टूबर 2019 को ग्रीनपैनल इंडस्ट्रीज के शेयरों में 1 लाख रुपये का निवेश किया होता और उस निवेश को आज तक बनाए रखा होता, तो उसके 1 लाख रुपये की वैल्यू आज 1,040 फीसदी बढ़कर 11.40 लाख रुपये हो गई होती।
स्टॉक पर क्या है ब्रोकरेज फर्मों की राय?
घरेलू ब्रोकरेज फर्म आईसीआईसीआई सिक्योरिटीज (ICICI Securities) ने 26 सितंबर को जारी अपनी एक रिपोर्ट में Greenpanel Industries के स्टॉक पर 'बाय' रेटिंग बरकरार रखी और इसे 662 रुपये के टारगेट प्राइस के साथ खरीदने की सलाह दी। यह ग्रीनपैनल इंडस्ट्रीज के मौजूदा बाजार भाव से करीब 58 फीसदी अधिक है।
इससे पहले बीओबी कैपिटल मार्केट (BOB Capital Markets) ने भी इस महीने की शुरुआत में ग्रीनपैनल इंडस्ट्रीज के शेयरों को बाय रेटिंग दी थी और इसे 595 रुपये के टारगेट प्राइस के साथ खरीदने की सलाह दी थी। यह ग्रीनपैनल इंडस्ट्रीज के मौजूदा भाव से करीब 43 फीसदी अधिक है। इसके अलावा हेम सिक्योरिटीज (Hem Securities) ने भी ग्रीनपैनल इंडस्ट्रीज के शेयरों को बाय रेटिंग दी है और इसे 552 रुपये के टारगेट प्राइस के साथ खरीदने की सलाह दी है।
करीब 5 हजार करोड़ के मार्केट कैप वाली ग्रीनपैनल इंडस्ट्रीज, हाई क्वालिटी वाले मीडियम डेनसिटी फाइबरबोर्ड (MDF), प्लाईवुड, सजावटी लिबास, फर्श और दरवाजे बनाने के कारोबार में है। यह एशिया और भारत में MDF की सबसे बड़ी निर्माता है। जून 2022 तिमाही में कंपनी का शुद्ध मुनाफा 76.1 करोड़ रुपये रहा था, जो इसके पिछले वित्त वर्ष की इसी तिमाही में 28.6 करोड़ रुपये था। वहीं कंपनी का कुल रेवेन्यू जून तिमाही में 471.2 करोड़ रुपये रहा, जो इसके पिछले वित्त वर्ष की इसी तिमाही में 308.7 करोड़ रुपये था।
डिस्क्लेमर: मनीकंट्रोल.कॉम पर दिए गए सलाह या विचार एक्सपर्ट/ब्रोकरेज फर्म के अपने निजी विचार होते हैं। वेबसाइट या मैनेजमेंट इसके लिए उत्तरदायी नहीं है। यूजर्स को मनीकंट्रोल की सलाह है कि कोई भी निवेश निर्णय लेने से पहले हमेशा सर्टिफाइड एक्सपर्ट की सलाह लें।