Multibagger Stocks: कुछ शेयर ऐसे होते हैं जिनमें पैसे लगाकर फटाफट तगड़ा रिटर्न हासिल किया जा सकता है। ऐसा ही एक शेयर ही स्पेशल्टी केमिकल बालाजी एमाइन्स (Balaji Amines) का जिसके शेयरों ने महज 58 हजार रुपये के निवेश पर ही 15 साल में करोड़पति बना दिया। पिछले कुछ समय से इसके शेयर दबाव में दिख रहे हैं और दिसंबर 2023 तिमाही में इसकी कारोबारी सेहत बेहतर नहीं थी। हालांकि एक्सपर्ट्स का इस पर भरोसा बना हुआ है और इसे फिर से खरीदारी की रेटिंग दी है। शेयरों की बात करें तो BSE पर अभी यह 2108.30 रुपये के भाव (Balaji Amines Share Price) पर है।
Balaji Amines ने 15 साल में ही बना दिया करोड़पति
बालाजी एमाइन्स के शेयर 20 मार्च 2009 को महज 12.06 रुपये के भाव पर थे। अब यह 2108.30 रुपये पर है यानी कि महज 15 साल में 58 हजार रुपये के निवेश पर ही निवेशक करोड़पति बन गए। अब पिछले एक साल में शेयरों के चाल की बात करें तो पिछले साल 22 मई 2023 को यह एक साल के निचले स्तर 1872.90 रुपये पर था। इसके बाद करीब 7 महीने में यह 46 फीसदी से अधिक उछलकर 1 जनवरी 2024 को 2736.35 रुपये पर पहुंच गया जो इसका एक साल का रिकॉर्ड हाई है। हालांकि शेयरों की यह तेजी यहीं थम गई और फिलहाल इस लेवल से यह करीब 23 फीसदी डाउनसाइड है।
चाइनीज कंपनियों की तरफ से इंवेंटरी की डीस्टॉकिंग और एंड यूजर इंडस्ट्री की दिक्कतों के चलते बालाजी एमाइन्स का रेवेन्यू दिसंबर 2023 तिमाही में 34.6 फीसदी गिरकर 383.36 करोड़ रुपये पर आ गया। इसका बिक्री लायक वॉल्यूम भी 4.4 फीसदी गिर गया। हालांकि ब्रोकरेज फर्म सीडी इक्विसर्च के मुताबिक फार्मा और एपीआई इंडस्ट्री के दम पर अगली कुछ तिमाहियों में इसका वॉल्यूम रिकवर हो सकता है। दिसंबर 2023 तिमाही में इसका ऑपरेटिंग प्रॉफिट 41.9 फीसदी गिरकर 74.20 करोड़ रुपये पर आ गया। हालांकि ब्रोकरेज का मानना है कि कच्चे माल की कीमतों में सुधार के दम पर इंडस्ट्री में सुधार के आसार दिख रहे हैं।
हाल ही में महाराष्ट्र सरकार ने पैकेज्ड स्कीम इंसेंटिव्स (PSI), 2019 के तहत बालाजी स्पेशल्टी केमिकल की 750 करोड़ रुपये के प्रस्तावित निवेश वाली विस्तार प्रोजेक्ट को मंजूरी दी है। इस निवेश के जरिए कई प्रकार के प्रोडक्ट्स तैयार किए जाएंगे। इसके अलावा पैरेंट कंपनी को मॉर्फीन के लिए इसे बीआईएस सर्टिफिकेट मिला है जिससे इसे प्रोडक्ट की क्वालिटी का स्टैंडर्ड बढ़ाने में मदद मिलेगी। इन सब बातों को देखते हुए ब्रोकरेज ने 2653 रुपये के टारगेट प्राइस पर फिर से इसे खरीदारी की रेटिंग दी है।
डिस्क्लेमर: मनीकंट्रोल.कॉम पर दिए गए सलाह या विचार एक्सपर्ट/ब्रोकरेज फर्म के अपने निजी विचार होते हैं। वेबसाइट या मैनेजमेंट इसके लिए उत्तरदायी नहीं है। यूजर्स को मनीकंट्रोल की सलाह है कि कोई भी निवेश निर्णय लेने से पहले हमेशा सर्टिफाइड एक्सपर्ट की सलाह लें।