Multibagger Share: पिछले कुछ सालों से अपने निवेशकों को लगातार तगड़ा रिटर्न देने वाली कंपनी मान एल्युमिनियम (Maan Aluminium) ने अब शेयरधारकों को बोनस शेयर देने का ऐलान किया है। साथ ही इसने स्टॉक को 1:2 के अनुपात में बांटने यानी स्टॉक स्प्लिट (Stock Split) का भी ऐलान किया है। कंपनी ने शेयर बाजारों को भेजी सूचना में बताया, "कंपनी के बोर्ड ने योग्य शेयरधारकों को 1:1 के अनुपात में बोनस शेयर जारी करने की मंजूरी दी है। साथ ही उसने कंपनी के 10 रुपये के फेस वैल्यू वाले प्रत्येक 1 शेयर को 5 रुपये के फेस वैल्यू वाले 2 शेयरों में बांटने का ऐलान किया है।"
Maan Aluminium ने बताया कि वह स्टॉक स्प्लिट और बोनस शेयर के लिए अगले कुछ दिनों में रिकॉर्ड डेट (Record Date) का ऐलान करेगी। शुक्रवार को बीएसई पर 1.60% की तेजी के साथ 322.90 रुपये के भाव पर बंद हुए।
Maan Aluminium ने पिछले 7 साल में अपने निवेशकों को 4,000 पर्सेंट से भी अधिक का रिटर्न दिया है। आज से करीब 7 साल पहले 24 जून 2016 को बीएसई पर मान एल्युमिनियम के शेयरों की प्रभावी कीमत बस 7.83 रुपये थी, जो आज बढ़कर 322.90 रुपये पर पहुंच गई है। इस तरह पिछले 7 साल में इस शेयर की कीमत करीब 4023.88% बढ़ी है।
इसका मतलब है कि अगर आज से 7 पहले इस शेयर में किसी ने 1 लाख रुपये लगाया होता और आज तक उस निवेश को बेचा नहीं होता, तो आज उसके 1 लाख रुपये की वैल्यू 4,000% बढ़कर 41 लाख रुपये से अधिक हो गई होती।
कंपनी के शेयरों की हालिया प्रदर्शन की बात करें तो पिछले एक साल में इसके शेयरों में 179.33% की तेजी आई है। वहीं इस साल की शुरुआत से अबतक यह शेयर करीब 90.50% बढ़ चुका है। जबकि सिर्फ पिछले एक महीने में इसमें 74.40% की बंपर तेजी आई है।
डिस्क्लेमर: यहां मुहैया जानकारी शेयर परफार्मेंस के आधार पर दी गई है। यह बताना जरूरी है कि मार्केट में निवेश बाजार जोखिमों के अधीन है। निवेशक के तौर पर पैसा लगाने से पहले हमेशा एक्सपर्ट से सलाह लें। मनीकंट्रोल की तरफ से किसी को भी पैसा लगाने की यहां कभी भी सलाह नहीं दी जाती है।