Multibagger Stock: ऑटो कंपोनेंट्स बनाने वाली दिग्गज कंपनी मदरसन इंटरनेशनल (Samvardhana Motherson International) के शेयरों में आज 7 दिसंबर को मामूली गिरावट दिख रही है। हालांकि लांग टर्म में इसने 20 हजार रुपये से कम के निवेश पर निवेशकों को करोड़पति बना दिया और आगे भी शानदार तेजी का रूझान दिख रहा है। घरेलू ब्रोकरेज फर्म आईसीआईसीआई सिक्योरिटीज ने इसमें निवेश के लिए 110 रुपये का टारगेट प्राइस फिक्स किया है जो मौजूदा भाव से से करीब 50 फीसदी अपसाइड है। इसके शेयर अभी एनएसई पर 73.15 रुपये के भाव (Samvardhana Motherson Share Price) पर ट्रेड हो रहे हैं।
महज 16500 रुपये के निवेश पर बना दिया करोड़पति
Samvardhana Motherson के शेयर 1 जनवरी 1999 को महज 12 पैसे में मिल रहे थे। अब यह करीब 609 गुना उछलकर 73 रुपये के भाव में आज मिल रहा है। इसका मतलब हुआ कि उस समय इसमें लगाए हुए महज 16500 रुपये ने निवेशकों को आज करोड़पति बना दिया है। ऐसा नहीं है कि इसने लांग टर्म में ही निवेशकों को बेहतर रिटर्न दिया है। कम टाइम फ्रेम में भी यह बेहतर स्टॉक साबित हुआ है।
एक महीने में यह करीब 10 फीसदी मजबूत हुआ है। हालांकि अभी यह काफी डिस्काउंट पर मिल रहा है और इस साल 2022 में अब तक यह 51 फीसदी कमजोर हुआ है। 21 जुलाई 2022 को यह 91.67 रुपये के एक साल के रिकॉर्ड हाई और 25 अक्टूबर 2022 को 61.80 रुपये के रिकॉर्ड निचले स्तर पर था।
समवर्धन मदरसन इंटरनेशनल ने ऑर्गेनिक और इनऑर्गेनिक ग्रोथ के जरिए अगले तीन से चार वर्षों में रेवेन्यू को 3600 करोड़ डॉलर (2.97 लाख करोड़ रुपये) तक ले जाने का लक्ष्य रखा है। इसमें भी 25 फीसदी रेवेन्यू गैर-ऑटो सेग्मेंट से हासिल करने का लक्ष्य है जोकि अभी महज तीन फीसदी है। कंपनी का लक्ष्य RoCE यानी कारोबार में लगाई हुई पूंजी पर रिटर्न के लक्ष्य को 40 फीसदी पर बरकरार रखा है। इंडस्ट्री वॉल्यूम ग्रोथ, महंगी गाड़ियों के बढ़ते क्रेज, इलेक्ट्रिक गाड़ियों के दौर, नए प्रोडक्ट और वॉलेट शेयर गेन्स से कंपनी की ऑर्गेनिक ग्रोथ को सपोर्ट मिलेगा।
गैर-ऑटो सेग्मेंट की बात करें तो कंपनी एयरोस्पेस, लॉजिस्टिक्स, मेडिकल इक्विपमेंट और आईटी सर्विसेज में स्थिति मजबूत करने पर भी फोकस कर रही है। इन सब बातों को देखते हुए ब्रोकरेज फर्म आईसीआईसीआई सिक्योरिटीज ने समवर्धन मदरसन इंटरनेशनल (पूर्व नाम मदरसन सुमी सिस्टम्स) में 110 रुपये के टारगेट प्राइस पर निवेश की सलाह दी है।
डिस्क्लेमर: मनीकंट्रोल.कॉम पर दिए गए सलाह या विचार एक्सपर्ट/ब्रोकरेज फर्म के अपने निजी विचार होते हैं। वेबसाइट या मैनेजमेंट इसके लिए उत्तरदायी नहीं है। यूजर्स को मनीकंट्रोल की सलाह है कि कोई भी निवेश निर्णय लेने से पहले हमेशा सर्टिफाइड एक्सपर्ट की सलाह लें।