Multibagger Stock: एक स्मॉलकैप मल्टीबैगर शेयर ऐसा है, जिसने पिछले 10 साल में निवेशकों को 11576 प्रतिशत का रिटर्न दिया है। इसके चलते 1 लाख रुपये का निवेश आज की तारीख में 1 करोड़ रुपये से ज्यादा हो गया है। यह शेयर है रेफ्रिजरेंट गैस बनाने वाली रेफेक्स इंडस्ट्रीज का। कंपनी के शेयर की कीमत बीएसई पर 7 जून को 151.80 रुपये पर क्लोज हुई। इसका मार्केट कैप 1600 करोड़ रुपये से ज्यादा है। कंपनी में मार्च 2024 के आखिर तक प्रमोटर्स के पास 55.28 प्रतिशत और पब्लिक शेयरहोल्डर्स के पास 44.72 प्रतिशत हिस्सेदारी थी।
10 साल के रिटर्न की बात करें तो साल 2014 में 6 जून को शेयर की कीमत बीएसई पर 1.3 रुपये के लेवल पर थी। वहीं 2024 के जून महीने में 7 जून को कीमत 151.80 रुपये है। इस तरह पिछले 10 साल में रेफेक्स इंडस्ट्रीज का शेयर 11576 प्रतिशत मजबूत हुआ है। अगर किसी ने 10 साल पहले इस शेयर में 20000 रुपये लगाए होंगे और अभी तक शेयरों को रखा होगा तो वह अमाउंट 23.35 लाख रुपये से ज्यादा बन चुका होगा। वहीं अगर किसी ने 50000 रुपये लगाए होंगे तो आज यह निवेश 58.38 लाख रुपये हो गया होगा। 1 लाख रुपये का निवेश 1.16 करोड़ रुपये से ज्यादा बन चुका होगा।
4 साल में 1 लाख के बने 14 लाख
अगर पिछले 4 साल पर नजर डालें तो साल 2020 में 5 जून को बीएसई पर रेफेक्स इंडस्ट्रीज के शेयर की कीमत 10.6 रुपये थी। इसका मतलब है कि इन 4 वर्षों में शेयर की कीमत में 1332 प्रतिशत का उछाल आया है। अगर 4 साल पहले 10.6 रुपये के भाव पर किसी ने शेयर में 50000 रुपये लगाए होंगे तो यह निवेश आज 7.16 लाख रुपये में तब्दील हो गया होगा। अगर किसी ने 1 लाख रुपये का निवेश किया होगा तो अमाउंट 14.32 लाख रुपये बन गया होगा।
कैसी है Refex Industries की वित्तीय स्थिति
जनवरी-मार्च 2024 तिमाही में रेफेक्स इंडस्ट्रीज का ऑपरेशंस से कंसोलिडेटेड रेवेन्यू घटकर 342.34 करोड़ रुपये रहा, जो एक साल पहले 630.12 करोड़ रुपये था। तिमाही के दौरान शुद्ध मुनाफा कम होकर 33.37 करोड़ रुपये पर आ गया, जो मार्च 2023 तिमाही में 50.66 करोड़ रुपये रहा था। वित्त वर्ष 2024 में कंपनी का ऑपरेशंस से कंसोलिडेटेड रेवेन्यू घटकर 1182.87 करोड़ रुपये रहा, जो वित्त वर्ष 2023 में 1629.14 करोड़ रुपये था। वित्त वर्ष 2024 में शुद्ध मुनाफा कम होकर करीब 93 करोड़ रुपये रह गया, जो इससे पहले के वित्त वर्ष में 116 करोड़ रुपये था।
रेफेक्स इंडस्ट्रीज लिमिटेड भारत में रेफ्रिजरेंट गैसों की स्पेशलिस्ट मैन्युफैक्चरर और रिफिलर है, विशेष रूप से पर्यावरण की दृष्टि से स्वीकार्य गैसों के मामले में, जो क्लोरो-फ्लोरो-कार्बन (सीएफसी) का रिप्लेसमेंट हैं।
Disclaimer: यहां मुहैया जानकारी शेयर परफॉरमेंस के आधार पर दी गई है। यह बताना जरूरी है कि मार्केट में निवेश बाजार जोखिमों के अधीन है। निवेशक के तौर पर पैसा लगाने से पहले हमेशा एक्सपर्ट से सलाह लें। मनीकंट्रोल की तरफ से किसी को भी पैसा लगाने की यहां कभी भी सलाह नहीं दी जाती है।