Multibagger Stocks: सालाना 8.25 मीट्रिक टन सीमेंट बनाने वाली दिग्गज कंपनी सागर सीमेंट्स (Sagar Cements) के शेयर इस साल 11 फीसदी से अधिक कमजोर हुए हैं। हालांकि कुछ दिनों से इसमें अच्छी तेजी दिख रही है। पिछले पांच दिनों में यह 7 फीसदी मजबूत हुआ है। लॉन्ग टर्म में तो इसने 20 साल से भी कम समय में निवेशकों को 78 हजार रुपये के निवेश पर ही करोड़पति बना दिया है। घरेलू ब्रोकरेज फर्म एचडीएफसी सिक्योरिटीज के मुताबिक इसमें अब भी पैसे लगाने का अच्छा मौका है। इसके शेयर बीएसई पर शुक्रवार 12 मई को 1.34 फीसदी की गिरावट के साथ 205.80 रुपये के भाव (Sagar Cements Share Price) पर बंद हुए थे। इसका फुल मार्केट कैप 2,689.96 करोड़ रुपये है।
Sagar Cements पर ब्रोकरेज को भरोसा क्यों
मार्च तिमाही में दक्षिण भारत में बेहतर मांग के चलते सागर सीमेंट्स की सेल्स वॉल्यूम बढ़ी। हालांकि लोअर रियलाइजेशन, अधिक भाड़े और बाकी खर्चों में उछाल के चलते इसका EBITDA मार्जिन तिमाही आधार पर प्रति मीट्रिक टन 100 रुपये गिर गया। इसके बावजूद घरेलू ब्रोकरेज फर्म एचडीएफसी सिक्योरिटीज ने सागर सीमेंट्स के बढ़ते रीजनल डाइवर्सिफिकेशन, ग्रीन फ्यूल और पावर कंजम्प्शन पर बढ़ते फोकस और ब्लेंडेड सीमेंट का प्रोडक्शन बढ़ाने पर फोकस के चलते इस पर भरोसा बरकरार रखा है। ब्रोकरेज ने 220 रुपये प्रति शेयर के टारगेट पर ऐड रेटिंग बरकरार रखा है।
मल्टीबैगर साबित हुआ है शेयर
सागर सीमेंट्स के शेयर 14 मई 2004 को महज 1.60 रुपये में मिल रहे थे। अब यह 12762 फीसदी ऊपर 205.80 रुपये पर है। इसका मतलब हुआ कि 19 साल में निवेशकों को इसने 78 हजार रुपये के निवेश पर ही करोड़पति बना दिया है। अब पिछले एक साल में शेयरों के चाल की बात करें तो पिछले साल 21 जून 2022 को यह 155.15 रुपये पर था जो इसका एक साल का निचला स्तर है। इसके बाद महज छह महीने में यह करीब 73 फीसदी उछलकर एक साल के हाई 267.75 रुपये पर पहुंच गया। हालांकि शेयरों की तेजी यहीं थम गई और इस हाई लेवल से फिलहाल यह 23 फीसदी नीचे है। एक्सपर्ट्स के मुताबिक मौजूदा लेवल से यह करीब 7 फीसदी ऊपर चढ़ सकता है।
डिस्क्लेमर: मनीकंट्रोल.कॉम पर दिए गए सलाह या विचार एक्सपर्ट/ब्रोकरेज फर्म के अपने निजी विचार होते हैं। वेबसाइट या मैनेजमेंट इसके लिए उत्तरदायी नहीं है। यूजर्स को मनीकंट्रोल की सलाह है कि कोई भी निवेश निर्णय लेने से पहले हमेशा सर्टिफाइड एक्सपर्ट की सलाह लें।