Multibagger stocks: देश के सबसे बड़े प्राइवेट बैंकों में से एक आईसीआईसीआई बैंक (ICICI Bank) ने पिछले दो दशकों में अपने निवेशकों को मालामाल कर दिया है। जिन निवेशकों ने साल 2000 के आसपास ICICI बैंकों के शेयरों में 1 लाख रुपये निवेश किया था और अपने निवेश को निकाला नहीं, वे आज करोड़पति बन गए हैं। ICICI बैंक ने पिछले 23 सालों में अपने निवेशकों की संपत्ति में 220 गुना का इजाफा किया है। आइए इसके शेयर के बारे में विस्तार से जानते हैं-
ICICI बैंक के शेयर गुरुवार 8 सितंबर को नेशनल स्टॉक एक्सचेंज (NSE) पर 899.60 रुपये के भाव पर बंद हुए। हालांकि 1 जनवरी 1999 को जब NSE पर पहली बार ICICI बैंक के शेयरों में कारोबार शुरू हुआ, तब इसकी कीमत सिर्फ 4.08 रुपये थी। इस तरह पिछले 23 सालों में यह शेयर अपने निवेशकों को करीब 21,950 फीसदी का धांसू रिटर्न दे चुका है।
इसका मतलब है कि अगर किसी निवेशक ने 1 जनवरी 1999 को 1 लाख रुपये लगाकर ICICI बैंक के शेयर खरीदा होता तो आज उसका 1 लाख रुपये बढ़कर 2.20 करोड़ रुपये हो गए होते। वहीं अगर किसी निवेशक ने सिर्फ 50 हजार रुपये इस शेयर में निवेश किया होता, तो आज उसके 50,000 रुपये की वैल्यू बढ़कर 1.10 करोड़ रुपये हो गई होती और वह करोड़पति होता।
ICICI बैंक के शेयर की हालिया प्रदर्शन की बात करें तो पिछले एक महीने में इसमें करीब 6 फीसदी की तेजी आई है। वहीं पिछले एक साल में इसकी कीमत 24.90 फीसदी बढ़ी है। जबकि पिछले 5 सालों में इसने अपने निवेशकों को 208.50 फीसदी का मल्टीबैगर रिटर्न दिया है।
एनालिस्ट को यहां से 35% की तेजी का अनुमान
मॉर्गन स्टैनली के एनालिस्ट्स ने 6 सितंबर को जारी एक नोट में लगभग पूरे बैंकिंग सेक्टर की री-रेटिंग की थी। हालांकि उन्होंने सबसे अधिक तेजी का अनुमान ICICI बैंक के शेयरों में जताया था। मार्गन स्टैनली ने ICICI बैंक का टारगेट प्राइस 1,040 रुपये से बढ़ाकर अब 1,225 रुपये कर दिया है। यह ICICI बैंक के मौजूदा बाजार भाव से करीब 35 फीसदी अधिक है।
ICICI बैंक लिमिटेड एक मल्टीनेशनल भारतीय बैंक और फाइनेंशियल सर्विस कंपनी है जिसका मुख्यालय गुजरात के वडोदरा में है। बैंक के पास भारत में 5,275 शाखाओं और 15,589 एटीएम का नेटवर्क है। इसके अलावा 17 देशों में इसकी मौजूदगी है। ICICI बैंक का मार्केट कैपिटलाइजेशन 6.26 लाख करोड़ है और यह एक लॉर्ज-कैप शेयर है।
डिस्क्लेमर: मनीकंट्रोल.कॉम पर दिए गए सलाह या विचार एक्सपर्ट/ब्रोकरेज फर्म के अपने निजी विचार होते हैं। वेबसाइट या मैनेजमेंट इसके लिए उत्तरदायी नहीं है। यूजर्स को मनीकंट्रोल की सलाह है कि कोई भी निवेश निर्णय लेने से पहले हमेशा सर्टिफाइड एक्सपर्ट की सलाह लें।