Multibagger Stocks: देश की चौथी सबसे बड़ी लिक्वर कंपनी रेडिको खेतान (Radico Khaitan) के शेयर आज मजबूत मार्केट सेंटिमेंट में भी इंट्रा-डे में 4% से अधिक टूट गए थे। रिकॉर्ड हाई से पांच दिन में ही यह 9% से अधिक टूट चुका है। हालांकि लॉन्ग टर्म में इसने महज 58 हजार रुपये के निवेश पर करोड़पति बना दिया है। अब आगे की बात करें तो चालू वित्त वर्ष 2023-24 की पहली तिमाही अप्रैल-जून कंपनी के लिए बेहतर रही और प्रॉफिट-रेवेन्यू में अच्छी तेजी रही लेकिन ब्रोकरेज ने इसे बेचने की सलाह दी है। ब्रोकरेज के दिए टारगेट के हिसाब से यह मौजूदा लेवल से करीब 33 फीसदी फिसल सकता है। इसके शेयर आज बीएसई पर 3.27 फीसदी की गिरावट के साथ 1339.65 रुपये (Radico Khaitan Share Price) पर बंद हुए हैं।
58 हजार रुपये के निवेश पर बना दिया करोड़पति
रेडिको खेतान के शेयर 20 जून 2003 को महज 7.78 रुपये में मिल रहे थे। अब आज यह 1339.65 रुपये पर है यानी कि करीब 20 साल में निवेशकों की पूंजी 17119 फीसदी से अधिक बढ़ गई और महज 58 हजार रुपये के निवेश पर निवेशक करोड़पति बन गए। शॉर्ट टर्म में शेयरों के चाल की बात करें तो पिछले साल 10 अगस्त 2022 को यह 908.65 रुपये पर था जो इसका एक साल का रिकॉर्ड निचला स्तर है। इसके बाद एक साल में यह करीब 63 फीसदी उछलकर 1 अगस्त 2023 को 1478.45 रुपये की रिकॉर्ड ऊंचाई पर पहुंच गया। हालांकि शेयरों की तेजी यहीं थम गई और इस हाई से अब तक यह 9 फीसदी से भी अधिक फिसल चुका है।
Radico Khaitan में अब आगे क्या है रुझान
चालू वित्त वर्ष की पहली तिमाही अप्रैल-जून 2023 में रेडिको का रेवेन्यू सालाना आधार पर 24 फीसदी और शुद्ध मुनाफा 9 फीसदी बढ़ गया। इस दौरान नेट सेल्स 26 फीसदी बढ़ा। घरेलू ब्रोकरेज फर्म एचडीएफसी सिक्योरिटीज आगे भी प्रोडक्शन इनोवेशन और लग्जरी पोर्टफोलियो में ग्रोथ को लेकर पॉजिटिव है लेकिन लागत के चलते कमाई पर झटके की भी आशंका बनी हुई है। ऐसे में ब्रोकरेज वित्त वर्ष 2025 की अनुमानित ईपीएस के आधार पर इसकी वैल्यू 30x PE लगाई है और इसके आधार पर 900 रुपये का टारगेट प्राइस निकाला है जो मौजूदा भाव से करीब 33 फीसदी नीचे है। ब्रोकरेज ने इसकी रिड्यूस रेटिंग बरकरार रखा है।
डिस्क्लेमर: मनीकंट्रोल.कॉम पर दिए गए सलाह या विचार एक्सपर्ट/ब्रोकरेज फर्म के अपने निजी विचार होते हैं। वेबसाइट या मैनेजमेंट इसके लिए उत्तरदायी नहीं है। यूजर्स को मनीकंट्रोल की सलाह है कि कोई भी निवेश निर्णय लेने से पहले हमेशा सर्टिफाइड एक्सपर्ट की सलाह लें।