Multibagger Stocks: स्टील और अलॉय व्हील्स बनाने वाली दिग्गज कंपनी स्टील स्ट्रिप्स व्हील्स (Steel Strips Wheels) के शेयर आज कमजोर मार्केट सेंटिमेंट में भी मजबूत रहे। वहीं लॉन्ग टर्म में तो इसने निवेशकों को करोड़पति बना दिया है। अब मार्केट एक्सपर्ट्स इसमें आगे भी अच्छी तेजी के आसार देख रहे हैं। आज बाजार के हालत की बात करें तो BSE Sensex आज 1.02 फीसदी की गिरावट के साथ 65,782.78 पर बंद हुआ है लेकिन स्टील स्ट्रिप्स व्हील्स के शेयर बीएसई स्मॉलकैप पर 3.27 फीसदी की तेजी के साथ 247.80 रुपये पर बंद हुए हैं। इस कंपनी का फुल मार्केट कैप 3,878.40 करोड़ रुपये है।
Steel Strips Wheels ने 20 साल में बनाया करोड़पति
स्टील स्ट्रिप्स व्हील्स के शेयर 8 अगस्त 2003 को महज 2.21 रुपये पर थे। अब यह 247.80 रुपये पर है यानी कि 20 साल में इसने निवेशकों के एक लाख रुपये को 1.12 करोड़ रुपये की पूंजी बना दिया। ऐसा नहीं है कि इसने सिर्फ लॉन्ग टर्म में ही शानदार रिटर्न दिया है बल्कि कम टाइम फ्रेम में भी इसने शानदार कमाई कराई है। 30 जनवरी 2023 को यह एक साल के निचले स्तर 126.20 रुपये पर था। इसके बाद 6 महीने में ही यह 104 फीसदी से अधिक उछलकर 26 जुलाई 2023 को 258.10 रुपये की रिकॉर्ड ऊंचाई पर पहुंच गया। हालांकि इसके बाद मुनाफावसूली के चलते भाव नरम हुए और फिलहाल इस हाई से यह करीब 4 फीसदी नीचे है।
स्टील और अलॉय व्हील्स बनाने वाली स्टील स्ट्रिप्स व्हील की एक्सपोर्ट मार्केट में मजबूत स्थिति है। घरेलू मार्केट की बात करें तो पैसेंजर वेईकल्स सेगमेंट में इसकी 50 फीसदी, कॉमर्शियल वेईकल सेगमेंट में 53 फीसदी, ट्रैक्टर सेगमेंट में इसकी 44 फीसदी और दोपहिया-तिपहिया गाड़ियों के मामले में 30 फीसदी हिस्सेदारी है। अब कंपनी अपने प्रोडक्ट मिक्स को हाई मार्जिन वाले अलॉय व्हील्स और एक्सपोर्ट पर शिफ्ट कर रही है। यह दुनिया में सबसे कम लागत पर अलॉय व्हील बनाती है यानी कि इसके पास मार्जिन सुधारने का काफी मौका है। मौजूदा OEMs (ओरिजिनल इक्विपमेंट मैनुफैक्चरर्स) के लिए अलॉय व्हील स्पेस में कंपनी का ऑर्डर बुक वित्त वर्ष 2026 तक फुल है।
कंपनी अधिग्रहण के जरिए अपना प्रोडक्शन बढ़ा रही है और इस वित्त वर्ष 2024 में टोटल व्हील कैपेसिटी बढ़कर 3.2 करोड़ पर पहुंच जाएगी। इसके अलावा कंपनी का एलुमिनियम कास्टिंग और ईवी बिजनेस अगले वित्त वर्ष से रेवेन्यू जेनेरेट करना शुरू कर देगा। वहीं कंपनी अपने कर्जों को तेजी से चुका रही है। इस प्रकार ब्रोकरेज फर्म आशिका रिसर्च ने हाई मार्जिन प्रोडक्ट्स पर फोकस, दमदार ऑर्डर बुक और मजबूत होते बैलेंस शीट के आधार पर इसे खरीदारी की रेटिंग दी है। ब्रोकरेज ने इसमें निवेश के लिए 301 रुपये का टारगेट दिया है।
डिस्क्लेमर: मनीकंट्रोल.कॉम पर दिए गए सलाह या विचार एक्सपर्ट/ब्रोकरेज फर्म के अपने निजी विचार होते हैं। वेबसाइट या मैनेजमेंट इसके लिए उत्तरदायी नहीं है। यूजर्स को मनीकंट्रोल की सलाह है कि कोई भी निवेश निर्णय लेने से पहले हमेशा सर्टिफाइड एक्सपर्ट की सलाह लें।