Multiabagger Stocks: देश के पश्चिमी और दक्षिणी हिस्से में मैकडोनाल्ड (McDonald's) के रेस्टोरेंट चलाने वाली वेस्टलाइफ फूडवर्ल्ड (Westlife Foodworld) के लिए सितंबर तिमाही कुछ खास नहीं रही। नतीजे आने के अगले दिन यह 7 फीसदी टूट गया था। हालांकि मार्केट एक्सपर्ट्स का भरोसा अब भी इस पर बना हुआ है। इसके शेयरों ने महज 11 साल में ही निवेशकों को करोड़पति बना दिया है और अब आगे भी इसमें शानदार तेजी के संकेत दिख रहे हैं। इसके शेयर मौजूदा लेवल से करीब 27 फीसदी ऊपर चढ़ सकते हैं। फिलहाल यह 820.35 रुपये (बीएसई पर 27 अक्टूबर का क्लोजिंग प्राइस) पर है।
कंपनी के वित्तीय नतीजे की बात करें तो इसका कंसालिडेटेड नेट प्रॉफिट सितंबर तिमाही में सालाना आधार पर 29 फीसदी गिरकर 22.37 करोड़ रुपये पर आ गया। हालांकि इसका सेल्स 7.11 फीसदी बढ़कर 610.82 करोड़ रुपये पर पहुंच गया।
Westlife Foodworld में निवेश के लिए क्या है टारगेट
वित्त वर्ष 2016-वित्त वर्ष 2020 के दौरान नए प्रोडक्ट की लॉन्चिंग और हर साल लागत में 1-2 फीसदी की कटौती के चलते इसका रेवेन्यू 17 फीसदी और EBITDA करीब 51 फीसदी की दर से बढ़ा। इसके चलते ब्रोकरेज फर्म एक्सिस सिक्योरिटीज इसे लेकर काफी पॉजिटिव है कि इसका ट्रैक रिकॉर्ड काफी अच्छा रहा है और आगे भी ऐसा रहने के आसार हैं। ब्रोकरेज को उम्मीद है कि वित्त वर्ष 2022 से वित्त वर्ष 2025 के बीच इसकी रेवेन्यू ग्रोथ 28 फीसदी और EBITDA ग्रोथ 43 फीसदी रह सकती है। इसकी रेवेन्यू ग्रोथ को मैकडिलीवरी (McDelivery), मैककैफे (McCafe), मैकब्रेकफास्ट (McBreakfast) और फ्रायड चिकन जैसे कैटेगरी में तेजी से सपोर्ट मिलेगा। कंपनी ने छोटे शहरों और नगरों में विस्तार का लक्ष्य रखा है और नए स्टोर खोलने का लक्ष्य सालाना 25-30 से 40-45 स्टोर्स कर दिया है। इन सब बातों को देखते हुए ब्रोकरेज फर्म एक्सिस सिक्योरिटीज ने इसमें निवेश के लिए 1000 रुपये का टारगेट प्राइस रखा है और खरीदारी की रेटिंग बरकरार रखा है।
एक और ब्रोकरेज Emkay Global Financial के मुताबिक वेस्टलाइप फूडवर्ल्ड के लिए सितंबर तिमाही निराश करने वाली रही लेकिन फिर भी पियर्स के मुकाबले बेहतर रही क्योंकि इसका मार्केट शेयर बढ़ा है। ब्रोकरेज को उम्मीद है कि कंपनी का परफॉर्मेंस आगे अच्छा रहने वाला है। लोअर टिकट साइज भी इसे कमजोर मैक्रो माहौल में सपोर्ट देगी। ऐसे में ब्रोकरेज ने इसे 1040 रुपये के टारगेट पर खरीदारी की रेटिंग कायम रखा है।
11 साल में ही ₹1 लाख बन गया ₹1 करोड़
वेस्टलाइफ फूडवर्ल्ड के शेयर 23 जुलाई 2012 को महज 8.20 रुपये के भाव पर थे। अब यह 820.35 रुपये पर है यानी कि महज 11 साल में निवेशकों के एक लाख रुपये तेजी से उछलकर 1 करोड़ रुपये की पूंजी बन गए। पिछले एक साल में शेयरों के चाल की बात करें तो 28 फरवरी 2023 को यह एक साल के निचले स्तर 639.60 रुपये पर थे। इसके बाद सात महीने से भी कम समय में यह 60 फीसदी से अधिक चढ़कर 8 सितंबर 2023 को 1024.55 रुपये की रिकॉर्ड ऊंचाई पर पहुंच गया। हालांकि इसके बाद तेजी थम गई और इस ऊंचाई से फिलहाल यह 20 फीसदी डाउनसाइड है।
डिस्क्लेमर: मनीकंट्रोल.कॉम पर दिए गए सलाह या विचार एक्सपर्ट/ब्रोकरेज फर्म के अपने निजी विचार होते हैं। वेबसाइट या मैनेजमेंट इसके लिए उत्तरदायी नहीं है। यूजर्स को मनीकंट्रोल की सलाह है कि कोई भी निवेश निर्णय लेने से पहले हमेशा सर्टिफाइड एक्सपर्ट की सलाह लें।