Muthoot Finance shares: गोल्ड लोन देने वाली दिग्गज मुथूट फाइनेंस के शेयर आज 11 अप्रैल को बाजार खुलते ही 8% तक गिर गए। इस गिरावट के पीछे 2 मुख्य वजहें मानी जा रही है। पहला, भारतीय रिजर्व बैंक (RBI) ने गोल्ड लोन कंपनियों को लेकर एक नया ड्राफ्ट नियम जारी किया है। और दूसरा, ब्रोकरेज फर्म कोटक इंस्टीट्यूशनल इक्विटीज ने इस स्टॉक की रेटिंग को घटा दिया है। इसी के बाद इसके शेयरों में यह गिरावट आई है।
RBI गवर्नर संजय मल्होत्रा ने बुधवार को मॉनिटिरी पॉलिसी कमेटी की बैठक के बाद गोल्ड लोन कंपनियों को लेकर नए गाइडलाइंस लाने की योजना की जानकारी दी थी। इसी के बाद अब गोल्ड गिरवी लेकर कर्ज देने वाली कंपनियों के लिए नए ड्राफ्ट नियम जारी किए हैं।
ड्राफ्ट नियमों में क्या है खास?
- बुलेट रीपेमेंट लोन की अधिकतम अवधि 12 महीने रखी गई है।
- NBFC कंपनियों को गोल्ड लोन पोर्टफोलियो पर लिमिट लगाने के निर्देश दिए गए हैं।
इन नियमों का असर मुथूट फाइनेंस के साथ-साथ उसकी प्रतिद्वंद्वी कंपनी IIFL फाइनेंस और मणप्पुरम फाइनेंस पर भी पड़ा है। IIFL फाइनेंस के शेयर 1.1% गिरकर बंद हुए, जबकि मणप्पुरम फाइनेंस के शेयर 0.8% की तेजी के साथ हरे निशान पर बंद हुए।
कोटक इंस्टीट्यूशनल इक्विटीज ने मुथूट फाइनेंस की रेटिंग को ‘Buy’ से घटाकर ‘Add’ कर दिया है और टारगेट प्राइस को भी ₹2,400 से घटाकर ₹2,250 कर दिया है। कोटक ने मुथूट की अर्निंग ग्रोथ के अनुमान में 10% की कटौती की है। कोटक ने कहा है कि जब तक अंतिम नियम सामने नहीं आते, तब तक रेगुलेटरी अनिश्चितता स्टॉक के प्रदर्शन पर असर डाल सकती है।
वहीं Morgan Stanley ने मुथूट पर 'Equalweight' रेटिंग दी है और कहा है कि निकट भविष्य में स्टॉक दबाव में रह सकता है। उसने मणप्पुरम को थोड़ा बेहतर बताया गया है, खासकर बेन कैपिटल के ओपन ऑफर प्राइस को देखते हुए।
Jefferies का मानना है कि सख्तलोन-टू-वैल्यू (LTV) नियमों का थोड़ा असर ग्रोथ और प्रोविजन पर पड़ सकता है, लेकिन गोल्ड लोन रोलओवर नॉर्म्स पहले जैसी सख्ती वाले नहीं हैं। उन्होंने मुथूट के लिए 2,615 रुपये का टारगेट प्राइस दिया है और इसे गोल्फ फाइनेंस कंपनियों में एक मजबूत विकल्प बताया है।
CLSA ने अपनी रिपोर्ट में कहा है कि नए दिशानिर्देश कंपनी की ग्रोथ में थोड़ी रुकावटें डाल सकते हैं और उसने वित्त वर्ष 2026-27 के लिए मुथूट और मणप्पुरम की 12% से 15% ग्रोथ की उम्मीद जताई है।
सुबह 9.45 बजे के करीब, मुथूट फाइनेंस के शेयर 6% की गिरावट के साथ 2,007 रुपये के भाव पर कारोबार कर रहे थे। वहीं IIFL फाइनेंस का शेयर 1.1% नीचे था। हालांकि मणप्पुरम फाइनेंस 0.8% की तेजी के साथ कारोबार कर रहा था। लेकिन यह शेयर F&O बैन में है, यानी इस पर कोई नई पोजिशन नहीं ली जा सकती।
CSB बैंक और Federal Bank के पोर्टफोलियो में गोल्ड लोन का अहम हिस्सा है, दोनों ही शेयर 1% से अधिक की तेजी के साथ ट्रेड कर रहे थे।
डिस्क्लेमरः Moneycontrol पर एक्सपर्ट्स/ब्रोकरेज फर्म्स की ओर से दिए जाने वाले विचार और निवेश सलाह उनके अपने होते हैं, न कि वेबसाइट और उसके मैनेजमेंट के। Moneycontrol यूजर्स को सलाह देता है कि वह कोई भी निवेश निर्णय लेने के पहले सर्टिफाइड एक्सपर्ट से सलाह लें।