Russia Attacks Ukraine: स्टॉक मार्केट्स क्रैश होने से डर गए हैं, जानिए आपको क्या करना है

कुछ इनवेस्टर्स को तो पूंजी डूबने का डर भी सता रहा है। लेकिन, आपने अगर शेयरों में इनवेस्ट किया है तो आपको घबराने की जरूरत नहीं है। इस मुश्किल घड़ी में मनीकंट्रोल आपके साथ है। वह आपको बता रहा है कि आपको अभी क्या करने की जरूरत है

अपडेटेड Feb 24, 2022 पर 12:15 PM
कई इनवेस्टर्स खुद ही शेयर खरीदने की फैसले लेते हैं। कुछ ने तो डेरिवेटिव में भी ट्रेडिंग शुरू की है। अभी सावधानी बरतने का वक्त है। आपको उन शेयरों में इनवेस्ट नहीं करना चाहिए, जिनके बारे में आपको कुछ पता नहीं है।

यूक्रेन पर रूस के हमले (Russia Attacks on Ukraine) से स्टॉक मार्केट्स क्रैश (Stock Markets Crash) कर गया है। 2,000 अंक तक गिरने के बाद सेंसेक्स (Sensex) दिन में 11:44 बजे 1600 अंक से नीचे चल रहा था। यही हाल निफ्टी (Nifty) का भी है। वह 440 अंक की कमजोरी दिखा रहा है। इस गिरावट ने शेयरों के निवेशकों को चिंता में डाल दिया है। उन्हें बड़े नुकसान का डर सता रहा है। अगर गिरावट और बढ़ती है तो उनका पूरा मुनाफा साफ हो जाएगा।

कुछ इनवेस्टर्स को तो पूंजी डूबने का डर भी सता रहा है। लेकिन, आपने अगर शेयरों में इनवेस्ट किया है तो आपको घबराने की जरूरत नहीं है। इस मुश्किल घड़ी में मनीकंट्रोल आपके साथ है। वह आपको बता रहा है कि आपको अभी क्या करने की जरूरत है।

1. अपना सिप (SIP) बंद नहीं करें

शेयर बाजार में गिरावट से घबराकर आपको अपना सिप बंद नहीं करना है। हमारी इस सलाह के पीछे ठोस आधार है। आईडीएफसी म्यूचुअल फंड (IDFC Mutual Fund) की स्टडी से पता चलता है कि अगर 2020 में कोरोना शुरू होने पर शेयर मार्केट में क्रैश के बाद भी जिन इनवेस्टर्स ने अपने सिप जारी रखे हैं उन्हें उन लोगों के मुकाबले कई गुना ज्यादा प्रॉफिट होगा, जिन्होंने घबराकर अपने सिप बंद कर दिए थे।


यह भी पढ़ें : Nifty-Sensex मे करीब 3% की गिरावट, वो अहम वजहें जो बाजार को खींच रही हैं पीछे

2. इनवेस्ट करें, सट्टेबाजी से बचें

कई इनवेस्टर्स खुद ही शेयर खरीदने की फैसले लेते हैं। कुछ ने तो डेरिवेटिव में भी ट्रेडिंग शुरू की है। अभी सावधानी बरतने का वक्त है। आपको उन शेयरों में इनवेस्ट नहीं करना चाहिए, जिनके बारे में आपको कुछ पता नहीं है। आपको डेरिवेटिव सहित ऐसा कोई सौदा नहीं करना है, जिसकी समझ आपको नहीं है। खासकर दोस्त और रिश्तेदारों की सलाह पर बिल्कुल इनवेस्ट नहीं करें। अगर आप कुछ पैसा लगा सकते हैं तो उन कंपनियों में लगाए, जिनके प्रदर्शन को लेकर चिंता की कोई बात नहीं है। स्थिति सामान्य होते ही उनकी कीमतें फिर से नई ऊंचाई पर पहुंच जाएंगी।

3. डायवर्सिफिकेशन का ध्यान रखें

अगर आपने अलग-अलग तरह के एसेट्स में इनवेस्ट किया है तो यह बहुत अच्छा है। अपने पोर्टफोलियो को डायवर्सिफाय बनाए रखे। इसका मतलब है कि आपको सिर्फ एक तरह के एसेट में इनवेस्ट करने से बचना चाहिए। आपके पोर्टफोलियो में शेयर, गोल्ड सहित दूसरे एसेट भी होने चाहिए। अगर आपने सिर्फ शेयरों में इनवेस्ट किया है तो भी डायवर्सिफिकेशन का ध्यान रखना जरूरी है। इसका मतलब है कि आपके पोर्टफोलियो में सिर्फ एक ही सेक्टर के शेयर नहीं होने चाहिए।

4. गोल्ड में निवेश का महत्व समझें

अगर आपने गोल्ड या गोल्ड बेस्ट इंस्ट्रूमेंट्स (गोल्ड म्यूचुअल फंड, गोल्ड बॉन्ड) में इनवेस्ट किया है तो उसे बनाए रखे। जब दुनिया में उथल-पुथल का माहौल होता है तो गोल्ड सबसे सुरक्षित माना जाता है। यही वजह है कि ऐसे टाइम गोल्ड की कीमतें बढ़ जाती हैं। इसलिए सोने में निवेश पर मिलने वाला रिटर्न भले ही कम है, लेकिन यह मुश्किल वक्त में आपके पैसे को सुरक्षित बनाए रखने में हेल्प करता है।

5. अतिरिक्त पैसा है तभी इनवेस्ट करें

कुछ इनवेस्टर्स शेयर बाजार में गिरावट के मौके का इस्तेमाल नए निवेश के लिए करते हैं। यह रणनीति सही है। लेकिन, अभी जो स्थिति है, उसके बारे में कुछ भी अनुमान लगाना मुश्किल है। इसलिए अगर आपके पास ऐसा पैसा है जिसकी अगल कुछ साल तक आपको जरूरत नहीं है तभी उसका निवेश शेयरों या म्यूचुअल फंड में करें। इसलिए कि मुश्किल हालात में कैश का महत्व बढ़ जाता है। उस पैसे को इनवेस्ट करने से बचे जो मुश्किल वक्त का सामना करने में आपकी हेल्प करेगा।

हिंदी में शेयर बाजार स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।