न्यूजेन सॉफ्टवेयर टेक्नोलॉजीज के शेयरों में आज 18 जुलाई को 7 फीसदी तक की गिरावट देखी गई। इस समय यह स्टॉक 3.27 फीसदी की गिरावट के साथ 1013.30 रुपये के भाव पर ट्रेड कर रहा है। दरअसल्, कंपनी ने FY25 की पहली तिमाही में कमजोर नतीजे पेश किए हैं। अप्रैल-जून तिमाही में कंपनी का नेट प्रॉफिट तिमाही आधार पर 55 फीसदी घट गया है। इस खबर के बाद आज कंपनी के शेयरों में जमकर बिकवाली हो रही है। आज की गिरावट के साथ कंपनी का मार्केट कैप घटकर 14,215 करोड़ रुपये हो गया है।
कैसे रहे Newgen Software के तिमाही नतीजे
Newgen Software ने आज 18 जुलाई को जून तिमाही के नतीजे जारी किए। कंपनी का नेट प्रॉफिट तिमाही आधार पर 55 फीसदी घटकर 47.6 करोड़ रुपये रह गया। वहीं, इसके रेवेन्यू में तिमाही आधार पर 16 फीसदी की गिरावट आई और यह 315 करोड़ रुपये रह गया।
सीएनबीसी-टीवी18 ने बताया कि तिमाही आधार पर EBIT 65 फीसदी से अधिक घटकर 40 करोड़ रुपये रह गया, जबकि मार्जिन पिछली तिमाही के 31 फीसदी से घटकर 13 फीसदी रह गया। हालांकि, सालाना आधार पर कंपनी का नेट प्रॉफिट 57 फीसदी और रेवेन्यू 25 फीसदी बढ़ा है।
Newgen Software ने 4 साल में दिया 1076% रिटर्न
न्यूजेन एक ग्लोबल सॉफ्टवेयर कंपनी है जो प्रोसेस ऑटोमेशन, कंटेंट सर्विसेज और कम्युनिकेशन मैनेजमेंट के साथ एक इंटीग्रेटेड डिजिटल ट्रांसफॉर्मेशन प्लेटफॉर्म प्रोवाइड करती है। पिछले एक महीने में स्टॉक ने करीब 10 फीसदी का रिटर्न दिया है। पिछले 6 महीने में यह स्टॉक 21 फीसदी चढ़ा है। इस साल अब तक कंपनी के शेयरों में 27 फीसदी की तेजी आ चुकी है। पिछले एक साल में इसके निवेशकों को 195 फीसदी का तगड़ा रिटर्न मिला है। इतना ही नहीं, पिछले 4 सालों में इसने 1076 फीसदी का मुनाफा कराया है।