भारतीय शेयर बाजारों में तेजी लौट आई है। पिछले 12 कारोबारी सत्रों में से 10 में सेंसेक्स करीब 8,755 अंक चढ़ा है, जबकि निफ्टी में 2,655 अंकों की तेजी आई है। यह करीब 12 फीसदी का उछाल है। इससे सेंसेक्स और निफ्टी फरवरी के बाद सबसे हाई लेवल पर पहुंच गए हैं।
इन वजहों से बदला बाजार का माहौल
बाजार की इस तेजी के पीछे कई वजहें हैं। इसमें सबसे अहम अमेरिका में मिड टर्म इलेक्शंस के नतीजे है। ट्रंप की पार्टी की चुनावों में करारी हार से वैश्विक स्तर पर अनिश्चितता कम हुई है। क्रूड ऑयल की कीमतों में बड़ी गिरावट आई है। AI कंपनियों को लेकर सेंटीमेंट बदला है। इससे विदेशी निवेशकों ने भारतीय बाजार का रुख किया है। इधर, भारत में सितंबर तिमाही के कंपनियों के नतीजों ने भी सेटीमेंट मजबूत किया है।
अमेरिका-ईरान में सुलह की उम्मीद बढ़ी
ईरान को लेकर अमेरिका का रुख बदला है। कतर की मध्यस्थता में दोनों पक्षों के बीच सुलह की कोशिशें जारी हैं। इससे क्रूड ऑयल की कीमतों में नरमी आई है। क्रूड में उछाल से पूरी दुनिया में महंगाई बढ़ी है। महंगाई को बढ़ने से रोकने के लिए केंद्रीय बैंकों को इंटरेस्ट रेट बढ़ाने पर मजबूर होना पड़ा है।
बाजार में बने रहने वाले निवेशक क्या करें?
जिन निवेशकों ने गिरावट के दौरान भी अपना निवेश बनाए रखा, उनके पोर्टफोलियो में अब रिकवरी दिख रही है। ऐसे निवेशकों के सामने अब मुनाफावसूली का सवाल हो सकता है। हालांकि, केवल कुछ हफ्तों की तेजी के आधार पर शेयर बेचने का फैसला सही रणनीति नहीं होगी। निवेशकों को अपने वित्तीय लक्ष्य, निवेश की अवधि और एसेट एलोकेशन को ध्यान में रखकर फैसला करना चाहिए।
गिरावट में शेयर बेचने वाले निवेशक अब क्या करें?
जिन निवेशकों ने बाजार की गिरावट के दौरान अपने शेयर बेच दिए थे, उनके सामने अब दोबारा निवेश करने की चुनौती है। बाजार करीब 12 फीसदी चढ़ चुका है। ऐसे में तेजी देखकर एकमुश्त निवेश करना जोखिम भरा हो सकता है। इस स्थिति में एक साथ पूरी रकम लगाने के बजाय चरणबद्ध तरीके से निवेश करना बेहतर रणनीति हो सकती है। इससे निवेशकों को बाजार के उतार-चढ़ाव के बीच अलग-अलग स्तरों पर निवेश करने का मौका मिलेगा।
पहली बार निवेश करने वालों को क्या करना चाहिए?
पहली बार शेयर बाजार में निवेश करने वालों को मौजूदा तेजी देखकर अपनी पूरी बचत इक्विटी में लगाने से बचना चाहिए। सिस्टमैटिक इन्वेस्टमेंट प्लान (SIP) के जरिए निवेश करने से अलग-अलग बाजार स्तरों पर खरीदारी होती है। इससे किसी एक स्तर पर निवेश करने का जोखिम कम किया जा सकता है। वहीं, एकमुश्त निवेश करने वालों को शेयरों की वैल्यूएशन, अपनी जोखिम लेने की क्षमता और निवेश की अवधि का आकलन करना चाहिए।
डिसक्लेमर: मनीकंट्रोल पर एक्सपर्ट्स की तरफ से व्यक्त विचार उनके अपने विचार होते हैं। ये वेबसाइट या इसके मैनेजमेंट के विचार नहीं होते। मनीकंट्रोल की यूजर्स को सलाह है कि उन्हें निवेश का फैसला लेने से पहले सर्टिफायड एक्सपर्ट्स की राय लेनी चाहिए।