NHPC Share Price: एनएचपीसी के शेयर में 2 जून को बड़ी गिरावट दिखी। शुरुआती कारोबार में यह 4 फीसदी गिर गया। इसके बाद गिरावट बढ़ गई। सरकार एनएचपीसी में अपनी 6 फीसदी तक हिस्सेदारी बेच रही है। इसके लिए उसने ऑफर फॉर सेल (ओएफएस) लॉन्च किया है। ओएफएस में कीमत बाजार में शेयर की चल रही कीमत से कम रखी गई है। एनएचपीसी एक हाइड्रोइलेक्ट्रिक कंपनी है, जिसमें सरकार की काफी हिस्सेदारी है।
दो दिन में शेयर में 6 फीसदी की गिरावट
NHPC के शेयर का प्राइस 10:30 बजे 4.60 फीसदी की गिरावट के साथ 73.64 रुपये चल रहा था। बीते दो सत्रों में यह शेयर 6 फीसदी से ज्यादा गिर चुका है। बीते एक साल में यह करीब 15 फीसदी टूटा है। इस दौरान निफ्टी 50 में करीब 6 फीसदी गिरावट आई है। डिपार्टमेंट ऑफ इनवेस्टमेंट एंड पब्लिक एसेट मैनेजमेंट (DIPAM) ने 1 जून को एनएचपीसी के ओएफएस का ऐलान किया था। नॉन-रिटेल इनवेस्टर्स के लिए OFS 2 जून को खुला है। रिटेल इनवेस्टर्स के लिए यह 3 जून को खुलेगा।
OFS में प्रति शेयर 71 रुपये की कीमत तय
सरकार ने ओएफएस के लिए प्रति शेयर 71 रुपये की कीमत तय की है। यह 1 जून को शेयर के क्लोजिंग प्राइस से करीब 8 फीसदी कम है। सीएनबीसी-टीवी18 के सर्वे के मुताबिक, ओएफएस का अनुमानित साइज 2,139.59 करोड़ रुपये है। ज्यादा शेयरों की बोली मिलने पर सरकार इतने ही अमाउंट के अतिरिक्त शेयर (ग्रीन शू ऑप्शन) इश्यू कर सकती है। इसका मतलब है कि ग्रीन शू ऑप्शन मिलाकर इस ओएफएस से करीब 4,300 करोड़ रुपये जुटा सकती है।
एनएचपीसी में सरकारी की 67% से ज्यादा हिस्सेदारी
इस साल मार्च तिमाही के अंत में एनएचपीसी में सरकार की 67.4 फीसदी हिस्सेदारी थी। इससे पहले बीते दो हफ्तों में सरकार ने कोल इंडिया और सेंट्रल बैंक ऑफ इंडिया में ओएफएस के जरिए अपनी हिस्सेदारी बेची है। यह सरकार के विनिवेश कार्यक्रम का हिस्सा है। कुछ दिन पहले एनएचपीसी ने मार्च तिमाही के नतीजों का एलान किया था। इस दौरान कंपनी का प्रॉफिट साल दर साल आधार पर 68.5 फीसदी बढ़ा था। कंपनी का मार्केट कैपिटलाइजेशन करीब 74,500 करोड़ रुपये है।
शेयर बाजार के प्रमुख सूचकांकों में गिरावट
शेयर बाजार में 2 जून को कारोबार की शुरुआत कमजोरी के साथ हुई। हालांकि, बाद में रिकवरी देखने को मिली। 10:50 बजे निफ्टी 0.24 फीसदी यानी 57 अंक गिरकर 23,322 पर चल रहा था। सेंसेक्स 0.20 फीसदी यानी 153 अंक गिरकर 74,106 पर चल रहा था। सेंसेक्स एक समय 450 अंक तक गिर गया था।
डिसक्लेमर: मनीकंट्रोल पर एक्सपर्ट्स की तरफ से व्यक्त विचार उनके अपने विचार होते हैं। ये वेबसाइट या इसके मैनेजमेंट के विचार नहीं होते। मनीकंट्रोल की यूजर्स को सलाह है कि उन्हें निवेश का फैसला लेने से पहले सर्टिफायड एक्सपर्ट्स की राय लेनी चाहिए।