शेयर बाजार में 29 अप्रैल को अच्छी तेजी दिखी। मारुति सुजुकी का शेयर 4 फीसदी से ज्यादा ऊपर चल रहा था। कोल इंडिया, मझगांव डॉक, टेक महिंद्रा, लोढ़ा डेवलपर्स के शेयरों में भी अच्छी तेजी दिखी। सेंसेक्स, निफ्टी, बैंक निफ्टी में 1 फीसदी से ज्यादा ऊपर चल रहे थे। बाजार का सेंटीमेंट पॉजिटिव दिखा। सवाल है कि क्या यह तेजी जारी रहेगी?
निवेशकों की चिंता की वजहें
इनवेस्टर्स क्रूड ऑयल की कीमतें 111 डॉलर प्रति बैरल तक पहुंच जाने से चिंतित हैं। उधर, अमेरिका-ईरान में दूसरे दौर की बातचीत शुरू होने में देर हो रही है। स्ट्रेट ऑफ होर्मुज अब भी बंद है। ऐसे में इनवेस्टर्स यह जानना चाहते हैं कि क्या 29 अप्रैल को बाजार में आई तेजी जारी रह सकती है? इस हफ्ते शेयर बाजार में सिर्फ 4 दिन कारोबार होगा। 1 मई को महाराष्ट्र दिवस के मौके पर शेयर बाजार बंद हैं।
निफ्टी के लिए ये लेवल अहम
जियोजित इनवेस्टमेंट्स के चीफ मार्केट स्ट्रेटेजिस्ट आनंद जेम्स ने कहा कि अब Nifty 50 की नजरें 24,350-470 अंक पर हैं। उन्होंने कहा, "अगर निफ्टी 24050 से ऊपर बने रहने में नाकाम रहता है तो इसके गिरकर 23,500 पर आ जाने का डर रहेगा।" उन्होंने कहा कि गल्फ रीजन से खबरें आ रही हैं, लेकिन होर्मुज के बंद होने से एनर्जी क्राइसिस का समाधान नहीं दिख रहा। UAE के OPEC से बाहर होने का असर मीडियम टर्म में क्रूड की कीमतों पर दिख सकता है, लेकिन शॉर्ट टर्म में इसका असर नहीं पड़ेगा। क्रूड का 110 डॉलर प्रति बैरल से ऊपर होना इंडिया के लिए खराब है।
एग्जिट पोल के नतीजों पर बाजार की नजरें
जियोजित इनवेस्टमेंट्स के चीफ इनवेस्टमेंट स्ट्रेटेजिस्ट वीके विजयकुमार ने कहा, "आज राज्यों के चुनाव खत्म हो रहे हैं। आज शाम एग्जिट पोल से चुनावी नतीजों के संकेत मिलेंगे। आज देर रात अमेरिकी केंद्रीय बैंक फेडरल रिजर्व की मॉनेटरी पॉलिसी भी आने वाली है। इसमें फेड चीफ की कमेंट्री काफी अहम होगी।" फेड के इंटरेस्ट रेट में किसी तरह का बदलाव नहीं करने की उम्मीद है। यह फेड चेयरमैन जेरोम पॉवेल की आखिरी मॉनेटरी पॉलिसी होगी।
निफ्टी के लिए 23,750-23,700 पर सपोर्ट
SAMCO Securities के डेरिवेटिव रिसर्च एनालिस्ट धूपेश धमीजा ने कहा, "गिरावट की स्थिति में 23,750-23,700 पर बड़ा सपोर्ट बना हुआ है। निफ्टी के इस लेवल पर नीचे जाने पर गिरावट का दबाव बढ़ जाएगा। तेजी की स्थिति में निफ्टी के लिए 24,200-24,300 की रेंज में रेसिस्टेंस का सामना करना पड़ेगा। इस रेंज से ऊपर ब्रेकआउट होने पर मोमेंटम में बदलाव की पुष्टि हो सकती है।"