Stock market : 4 दिसंबर को भारतीय शेयर बाजार में जोरदार तेजी आई। इसके चलते बेंचमार्क इंडेक्स अभूतपूर्व ऊंचाई पर पहुंच गए। निफ्टी 300 अंक चढ़कर रिकॉर्ड ऊंचाई पर पहुंच गया। फिलहाल निफ्टी 372.20 अंक यानी 1.84 फीसदी की बढ़त के साथ 20,640.90 के स्तर पर दिख रहा है। निफ्टी अब रिलेटिव स्ट्रेंथ इंडेक्स (आरएसआई) 80 के लेवल पर पहुंचने के साथ ही ओवरबॉटेड जोन में है। ये जुलाई 2023 के बाद का इसका उच्चतम RSI स्तर है। गौर तलब है कि RSI की 70 से ज्यादा की रीडिंग बाजार के ओवरबॉट जोन में जाने का संकेत होती है।
तीन राज्यों में भाजपा की बड़ी जीत को चलते निवेशकों में उत्साह भर गया है। जिसके चलते एनएसई निफ्टी 50 इंडेक्स और बीएसई सेंसेक्स ने 4 दिसंबर को नया ऑलट टाइम हाई लगाया है।। 30 शेयरों वाला सेंसेक्स 1200 अंक से ज्यादा बढ़कर 68,739.24 पर पहुंच गया, जबकि 50 शेयरों वाला निफ्टी 380 अंक से ज्यादा बढ़कर 20,651.55 पर पहुंच गया है।
मंत्री फिनमार्ट के फाउंडर अरुण मंत्री का कहना है कि निफ्टी ने डेली चार्ट पर एक अनफिल्ड गैप के साथ 20,200 के स्तर से ऊपर एक नया ब्रेकआउट दिया है और 70-72 ज़ोन पर आरएसआई के साथ खुले आसमान (uncharted territory)में प्रवेश कर गया है। ऐतिहासिक आंकड़ों पर नजर डालें तो पता चलता है एक ट्रेंडिंग बुलिश मार्केट में, आरएसआई 70- 80 के आसपास ओवरबॉट ज़ोन में रहता है। अंडरलाइंग शेयरों में शॉर्ट कवरिंग और मजबूती के बीच निफ्टी ऊपर की ओर बढ़ रहा है। ऐसे में आरएसआई के अगले कुछ दिनों के लिए ओवरबॉट ज़ोन में रहने की उम्मीद है। इसके साथ ही बाजार में तेजी की भावना भी जारी रहने की संभावना है, जो बेंचमार्क इंडेक्स को 20,800-20,900 की ओर ले जा सकती है।
एमके ग्लोबल के तकनीकी विश्लेषक कपिल शाह का कहना है कि यो ध्यान में रखना दिलचस्प है कि निफ्टी केवल 27 कारोबारी सत्रों में लगभग 10 फीसदी बढ़ गया है। आरएसआई रीडिंग वर्तमान में 80 के स्तर पर है जो उच्चतम नहीं है। अतीत में, आरएसआई रीडिंग 83 के स्तर के आसपास पहुंच गई थी। पिछले आंकड़ों से पता चलता है कि निफ्टी पिछले 27 सालों में 3.3 फीसदी की औसत बढ़त के साथ दिसंबर में 74 फीसदी मामलों में बढ़त के साथ बंद हुआ है। कुल मिलाकर बाजार का ट्रेंड पॉजिटिव बना हुआ है। निफ्टी में जल्दी ही हमें 21000 का स्तर देखने को मिल सकता है। हालांकि, हम बाजार में हल्के टाइम या प्राइस करेक्शन की संभावना से इंकार नहीं कर सकते। इंडेक्स में गिरावट खरीदारी का अच्छा मौका हो सकती है।
डिस्क्लेमर: मनीकंट्रोल.कॉम पर दिए गए विचार एक्सपर्ट के अपने निजी विचार होते हैं। वेबसाइट या मैनेजमेंट इसके लिए उत्तरदाई नहीं है। यूजर्स को मनी कंट्रोल की सलाह है कि कोई भी निवेश निर्णय लेने से पहले सर्टिफाइड एक्सपर्ट की सलाह लें।