कल 11 नवंबर को शेयर बाजार में आ सकती है तूफानी तेजी, Gift Nifty दे रहा संकेत

भारतीय शेयर बाजारों में तेजी की सबसे बड़ी वजह क्रूड की कीमतों में तेज गिरावट है। भारतीय समय के मुताबिक, दोपहर बाद अंतरराष्ट्रीय बाजार में ब्रेंट क्रूड गिरकर 90 डॉलर प्रति बैरल पर आ गया। डब्ल्यूटीआई क्रूड भी गिरकर 85 डॉलर प्रति बैरल पर आ गया

अपडेटेड Nov 10, 2026 पर 4:47 PM
  • Follow Us On Google
  • Add as a Preferred Source on Google
भारतीय शेयर बाजारों को लेकर विदेशी संस्थागत निवेशकों (FII) का रुख बदला है।

भारतीय शेयर बाजारों में कल यानी बुधवार 11 नवंबर को तूफानी तेजी आ सकती है। गिफ्ट निफ्टी से यह संकेत मिल रहा है। 10 नवंबर यानी मंगलवार को दोपहर में गिफ्टी निफ्टी 277.50 अंक यानी 1.11 फीसदी की बढ़त के साथ 25,321.50 पर कारोबार कर रहा था। यह बताता है कि सेंसेक्स और निफ्टी में अच्छी तेजी देखने को मिल सकती है।

क्रूड में तेज गिरावट से चढ़ेगा बाजार

भारतीय शेयर बाजारों में तेजी की सबसे बड़ी वजह क्रूड की कीमतों में तेज गिरावट है। भारतीय समय के मुताबिक, दोपहर बाद अंतरराष्ट्रीय बाजार में ब्रेंट क्रूड गिरकर 90 डॉलर प्रति बैरल पर आ गया। डब्ल्यूटीआई क्रूड भी गिरकर 85 डॉलर प्रति बैरल पर आ गया। अगस्त के बाद पहली बार क्रूड की कीमतें इस लेवल पर आई हैं। अमेरिका और ईरान के बीच समझौते की उम्मीद बढ़ने से क्रूड में गिरावट आई है।


फॉरेन इनवेस्टर्स का भी रुख बदला

भारतीय शेयर बाजारों को लेकर विदेशी संस्थागत निवेशकों (FII) का रुख बदला है। पिछले तीन हफ्तों में भारतीय बाजारों में करीब 6 अरब डॉलर का विदेशी निवेश आया है। लंबे समय बाद विदेशी निवेशक भारतीय बाजार में निवेश में दिलचस्पी दिखा रहे हैं। इसका असर भारतीय बाजार पर दिखा है।

9 सत्रों में से 8 में शेयर बाजारों में तेजी

अगर मुहूर्त ट्रेडिंग को छोड़ दिया जाए तो 9 नवंबर को बाजार लगातार 8वें सत्र चढ़कर बंद हुए। सोमवार सेंसेक्स 107.25 अंक यानी 0.13 फीसदी चढ़कर 81,106.65 पर बंद हुआ था। वहीं, निफ्टी 50 में 58.25 अंक यानी 0.23 फीसदी की बढ़त रही और यह 25,044.65 पर बंद हुआ था।

निफ्टी का आउटलुक पॉजिटिव 

टेक्निकल एनालिस्ट के मुताबिक, निफ्टी का शॉर्ट टर्म आउटलुक सकारात्मक बना हुआ है। हालांकि, तेजी को आगे बढ़ाने के लिए इंडेक्स को 25,150-25,200 के दायरे को निर्णायक रूप से पार करना होगा।

गिरावट पर खरीदारी की सलाह

LKP Securities के टेक्निकल एनालिस्ट वत्सल भुवा का कहना है कि जोरदार तेजी के बाद निफ्टी पिछले दो कारोबारी सत्रों से कंसोलिडेशन में है। इसके बावजूद लगातार खरीदारी से बाजार में तेजी के ट्रेंड के जारी रहने का संकेत मिलता है। उनके मुताबिक, इंडेक्स ट्रेडर्स के लिए फिलहाल Buy on Dips यानी गिरावट पर खरीदारी की रणनीति सही है।

कहां है Nifty के लिए सपोर्ट और रेजिस्टेंस?

वत्सल भुवा के मुताबिक:

तत्काल रेजिस्टेंस: 25,200

महत्वपूर्ण सपोर्ट: 24,750-24,800

स्टॉप लॉस: निचले स्तरों से खरीदारी करने वाले ट्रेडर्स के लिए 24,800

तेजी के लिए निफ्टी का 25200 पार करना जरूरी

उन्होंने कहा कि निफ्टी हालिया तेजी के बाद थोड़ा ओवरबॉट जोन में है। ऐसे में कुछ गिरावट या हेल्दी करेक्शन से इनकार नहीं किया जा सकता। हालांकि, फिलहाल बाजार में कमजोरी के कोई बड़े संकेत नहीं दिखाई दे रहे हैं। बाजार का मौजूदा रुझान सकारात्मक है, लेकिन निफ्टी के लिए 25,200 का स्तर पार करना महत्वपूर्ण रहेगा। अगर इंडेक्स इस स्तर के ऊपर टिकता है तो तेजी को और गति मिल सकती है। दूसरी तरफ, 24,750-24,800 का सपोर्ट जोन टूटने पर बाजार में दबाव बढ़ सकता है।

हिंदी में शेयर बाजार,  स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।