नेशनल सिक्योरिटीज डिपॉजिटरी लिमिटेड (एनएसडीएल) के शेयरों में 11 अगस्त को नाटकीय उतार-चढ़ाव देखने को मिला। स्टॉक में मार्केट खुलते ही उछाल आया। फिर स्टॉक अपने हाई से 10 फीसदी तक गिर गया। एक समय स्टॉक की कीमतें लाल निशान में पहुंच गई थीं। फिर उसके बाद स्टॉक्स संभलने में कामयाब रहे। 1:20 बजे स्टॉक 2.18 फीसदी की तेजी के साथ 1,328.50 रुपये की कीमत पर चल रहा था। सवाल है कि क्या एनएसडीएल के इनवेस्टर्स को प्रॉफिट बुक कर लेना चाहिए?
लिस्टिंग के बाद से लगातार तेजी
NSDL के शेयरों में लिस्टिंग के बाद से लगातार तेजी दिखी है। 11 अगस्त को स्टॉक 1,425 रुपये तक पहुंच गया था। यह 800 रुपये के इश्यू प्राइस से 80 फीसदी से ज्यादा है। सिर्फ चार कारोबारी दिनों में यह शेयर इस लेवल पर पहुंचा है। एनएसडीएल का शेयर 6 अगस्त को लिस्ट हुआ था। उस दिन 3.7 करोड़ शेयरों की खरीदफरोख्त हुई थी। 7 अगस्त को 5.1 करोड़ शेयरों की खरीदफरोख्त हुई थी। 11 अगस्त को शुरुआती तीन घंटों में 2.5 करोड़ शेयरों में ट्रेडिंग हो चुकी है।
अब सस्ता नहीं रह गया है स्टॉक
शेयरों की लिस्टिंग के बाद कंपनी के मैनेजमेंट ने कहा था कि उसका फोकस रिटेल सेगमेंट में बाजार हिस्सेदारी बढ़ाने पर होगा। उसने यह भी कहा था कि एनएसडीएल की दोनों सब्सिडियरी कंपनियों के लिए भी ग्रोथ के अच्छे मौके दिख रहे हैं। मार्केट एक्सपर्ट अंबरीश बालिगा ने कहा, "कंपनी ने आईपीओ में जिस कीमत पर शेयर इश्यू किया था, उस पर स्टॉक पक्के तौर पर सीडीएसएल के शेयरों से सस्ता था। लेकिन, हालिया तेजी के बाद यह महंगा हो गया है।"
शॉर्ट टर्म इनवेस्टर्स बुक कर सकते हैं प्रॉफिट
उन्होंने कहा कि लंबी अवधि के इनवेस्टर्स सीडीएसएल से पैसे निकालकर एनएसडीएल के स्टॉक्स में लगा रहे हैं। इसके अलावा मोमेंटम ट्रेडर्स ने भी एनएसडीएल के शेयरों पर दांव लगाए हैं। इससे शेयरों की कीमतों में उछाल आया है। इसलिए आईपीओ में जिन इनवेस्टर्स को शेयर एलॉट हुए हैं वे प्रॉफिट बुक कर सकते हैं। वे पैसा सीडीएसएल में लगा सकते हैं।
लंबी अवधि के इनवेस्टर्स होल्ड कर सकते हैं
वैल्यूएशन के लिहाज से NSDL का शेयर सीडीएसएल के शेयरों के मुकाबले महंगा दिखता है। एनएसडीएल का पी/ई मल्टीपल करीब 77 है, जबकि सीडीएसएल का 66 है। इनवेस्टर्स एनएसडीएल के शेयरों के लिए प्रीमियम कीमत चुकाने को तैयार दिख रहे हैं। बोनांजा में सीनियर रिसर्च एनालिस्ट नितिन जैन ने कहा कि ऐसे इनवेस्टर्स जो शॉर्ट टर्म के लिए दांव लगाते हैं, वे अभी एनएसडीएल के शेयरों में प्रॉफिट बुक कर सकते हैं। लंबी अवधि के इनवेस्टर्स एनएसडीएल के शेयरों को अपने पास बनाए रख सकते हैं, क्योंकि यह हाई क्वालिटी स्टॉक है।