नेशनल स्टॉक एक्सचेंज (एनएसई) के शेयर आज यानी 11 नवंबर को रिकॉर्ड ऊंचाई पर पहुंच गए। आज एक समय शेयर करीब 2 फीसदी चढ़कर 1,965 रुपये पर पहुंच गया था। पहली बार शेयर इस लेवल पर पहुंचा। बाद में तेजी थोड़ी सुस्त पड़ी। आखिर में यह 0.92 फीसदी चढ़कर 1,945.90 रुपये पर बंद हुआ।
निचले स्तर से 19 फीसदी चढ़ा
NSE का शेयर अपने 1,640.25 रुपये के रिकॉर्ड निचले स्तर से करीब 19 फीसदी चढ़ चुका है। ब्रोकरेज फर्म मोतीलाल ओसवाल ने एनएसई के शेयर को कवर करना शुरू किया है। उसने शेयर पर 'बाय' रेटिंग यानी खरीदने की सलाह दी है। उसने शेयर के लिए 2,300 रुपये का टारगेट प्राइस दिया है। इसका मतलब है कि यह शेयर मौजूदा लेवल से करीब 19 फीसदी चढ़ सकता है।
NSE देश का सबसे बड़ा स्टॉक एक्सचेंज है। इसने इस साल सितंबर में आईपीओ पेश किया था। शेयर 24 सितंबर को BSE में लिस्ट हुए थे। कंपनी का शेयर 1,800 रुपये पर लिस्ट हुआ था, जो 1,785 रुपये के इश्यू प्राइस से 0.84 फीसदी का प्रीमियम था। लिस्टिंग के दिन शेयर ने 1,878 रुपये का इंट्राडे हाई बनाया था। कारोबार के अंत में 1,818 रुपये पर बंद हुआ था।
Motilal Oswal ने इस वजह से दी Buy रेटिंग
Motilal Oswal का मानना है कि भारत के कैपिटल मार्केट में लंबी अवधि की ग्रोथ का फायदा NSE को मिल सकता है। देश में निवेशकों की बढ़ती भागीदारी और शेयर बाजार में अभी अपेक्षाकृत कम पहुंच एक्सचेंज के कारोबार को आगे बढ़ाने में मदद कर सकती है।
ब्रोकरेज के मुताबिक, भारत में सक्रिय निवेशकों की भागीदारी करीब 3 फीसदी है। यह आंकड़ा बताता है कि देश में शेयर बाजार के विस्तार की काफी गुंजाइश मौजूद है। वित्तीय साक्षरता, डिजिटल ऑनबोर्डिंग और निवेश सेवाओं की बेहतर पहुंच से आने वाले वर्षों में निवेशकों की संख्या बढ़ सकती है।
शेयर बाजार में बढ़ रही युवा निवेशकों की भागीदारी
Motilal Oswal ने NSE के निवेशक आधार में युवाओं की बढ़ती हिस्सेदारी को भी ग्रोथ का अहम संकेत बताया है। ब्रोकरेज के अनुसार, NSE के व्यक्तिगत निवेशकों में 30 साल से कम उम्र के निवेशकों की हिस्सेदारी FY19 में 22.6 फीसदी थी, जो FY26 में बढ़कर 38.4 फीसदी हो गई।
ब्रोकरेज का मानना है कि जैसे-जैसे यह युवा निवेशक वर्ग उम्र के साथ आगे बढ़ेगा, वैसे-वैसे उसकी ट्रेडिंग गतिविधियां और प्रति ट्रेड निवेश की रकम (Ticket Size) बढ़ सकती है। इससे NSE के कारोबार को लंबी अवधि में फायदा मिलने की उम्मीद है।