ब्रोकरेज फर्म नुवामा (Nuvama) ने वित्त वर्ष 2025 के लिए बायोकॉन लिमिटेड के प्रति शेयर अर्निंग (EPS) अनुमानों को 38 पर्सेंट तक घटा दिया है। दरअसल, कंपनी को लगता है कि उसे अपने जेनरिक बिजनेस के लिए संघर्ष करना पड़ सकता है। ब्रोकरेज फर्म के मुताबिक, कंपनी की बेंगुलरु यूनिट को USFDA मंजूरी मिलने, Aflibercept के मुकदमों के नतीजों, मलेशिया यूनिट की फिर से जांच आदि फैक्टर्स का असर आने वाले समय में बायोकॉन के शेयरों पर देखने को मिल सकता है।
ब्रोकरेज फर्म ने बायोकॉन के लिए 'होल्ड' रेटिंग दी है और इसका टारगेट प्राइस 310 रुपये है। दूसरी तरफ, नुमावा ने ल्यूपिन, नैटको फार्मा, सन फार्मा और रेड्डीज लैब के EPS अनुमानों में सिंगल डिजिट में बढ़ोतरी की थी। हालांकि, आने वाले समय में सन फार्मा और सिप्ला के लिए निकट भविष्य में चुनौती देखने को मिल सकती है।
देश की सबसे बड़ी दवा निर्माता कंपनी सन फार्मा के मामले में नुवामा का मानना है कि कंपनी की स्टडीज को अमलीजामा पहनाने, इस साल की दूसरी छमाही में रिसर्च एंड डिवेलपमेंट पर ज्यादा खर्च, मुकदमेबाजी के नकारात्मक परिणाम, ये सारी चीजें स्टॉक के लिए नेगेटिव फैक्टर हो सकती हैं। आने वाले समय में USFDA की अहम फैसिलिटीज की फिर से जांच, क्लीनिकल स्टडीज को पूरा करना आदि वजहों से आने वाले समय में सन फार्मा को फायदा हो सकता है।
नुवामा ने अपने नोट में लिखा है कि अक्टूबर से तकरीबन 8% गिरावट के बावजूद फार्मा इंडेक्स में वैल्यूएशन प्रीमियम मौजूद है और इस वजह से वित्त वर्ष 2025 और 2026 के EPS अनुमानों में सिंगल डिजिट में कटौती की गई है।