Nykaa के शेयरों पर बोनस इश्यू के ऐलान की वजह से बिकवाली का दबाव दिखने की उम्मीद नहीं है। कंपनी ने बोनस इश्यू का ऐलान किया है। नायका की फाउंडर और सीईओ Falguni Nayar ने यह ऐलान शेयरों में संभावित बिकवाली को रोकने के लिए किया है। दरअसल, कंपनी के शेयरों में 10 नवंबर को लॉक-इन पीरियड खत्म हो रहा है। माना जा रहा है कि कुछ बड़े इनवेस्टर्स इस शेयर में बिकवाली कर सकते हैं।
FSN E-Commerce Ventures के करीब 67 फीसदी शेयरों को लॉक-इन खत्म होने के बाद बेचने का रास्ता खुल जाएगा। एफएसएन ई-कॉमर्स Nykaa ब्रांड नाम से कॉस्मेटिक्स से लेकर फैशन रिटेलिंग सेवाएं देती हैं।
लॉक-इन के दौरान नायका के प्रमोटर्स और शेयरहोल्डर्स आईपीओ से पहले एलॉट किए गए शेयरों को नहीं बेच सकते थे। लॉक-इन पीरियड की एक्सपायरी को देखते हुए कंपनी के मैनेजमेंट ने बोनस शेयरों के लिए रिकॉर्ड तारीख 10 नवंबर तय की है।
बोनस शेयर एलॉटमेंट के तहत कंपनी के हर शेयरधारक को एक शेयर के बदले पांच शेयर मिलेंगे। चूंकि 10 नवंबर को कंपनी के शेयर एक्स-बोनस हो जाएंगे, जिससे ट्रेड के लिए डीमैट अकाउंट में कम शेयर उपलब्ध होंगे। बोनस इश्यू के पांच शेयर कुछ दिन बाद ही डीमैट अकाउंट में आएंगे। इससे डीमैट अकाउंट में मौजूद शेयरों को बेचने की संभावना बहुत कम हो जाएगी।
डीलर्स का कहना है कि आम तौर पर इनवेस्टर्स के डीमैट अकाउंट में बोनस शेयर एक महीना के अंदर आ जाते हैं। कई बार कंपनियां बोनस शेयर एलॉट करने में देरी भी करती है। इसका मकसद लॉक-इन खत्म होने के बाद संभावित बिकवाली को रोकना होता है।
10 नवंबर यानी गुरुवार को बाजार खुलने पर नायका के शेयरों पर दबाव देखने को मिला। 9:36 बजे शेयर का प्राइस 2 फीसदी से ज्यादा कमजोरी के साथ 172.55 रुपये था। बोनस इश्यू के ऐलान के बाद 9 नवंबर को कंपनी के शेयरों में गिरावट आई थी। नायका ने पिछले साल अक्टूबर में आईपीओ पेश किया था।
इस आईपीओ को इनवेस्टर्स का अच्छा रिस्पॉन्स मिला था। शेयरों की लिस्टिंग भी शानदर प्रीमियम के साथ हुई थी। हालांकि, पिछले एक साल में यह शेयर काफी गिर चुका है।