विदेशी ब्रोकरेज हाउस नोमुरा ने नायका (Nykaa) में अपनी 'buy' रेटिंग बनाए रखते हुए 214 रुपए का टारगेट दिया है। नोमुरा का कहना है कि आगे इस स्टॉक में हमें 137 रुपए की कल की क्लोजिंग प्राइस से 56 फीसदी की तेजी देखने को मिल सकती है। नोमुरा के वर्चुअल इंडिया कॉर्पोरेट डे के दौरान नायका के मैनेजमेंट ने कहा कि गैर जरूरी खर्चों में कमी से कंपनी के बीपीसी (ब्यूटी और व्यक्तिगत देखभाल) सेगमेंट की बिक्री पर असर पड़ने की संभावना नहीं है, क्योंकि इस प्लेटफॉर्म पर बिकने वाले उत्पाद कम कीमत वाले आइटम हैं।
कंपनी के मैनेजमेंट ने ये भी कहा कि ऑनलाइन प्लेटफॉर्म और ऑफलाइन स्टोर (3QFY23 के अंत में 135 स्टोर) के साथ सभी चैनलों में कंपनी की उपस्थिति सभी तरह के ग्राहकों की जरूरतों को पूरा करने में सहूलियत देती है। कंपनी को मैनेजमेंट ने ये भी बताया है कि कंपनी के आपूर्ति केंद्रों (fulfillment centers) के विस्तार की प्रक्रिया पूरी हो चुकी है। इसके चलते वर्तमान में कंपनी के बीपीसी (ब्यूटी और व्यक्तिगत देखभाल) सेगमेंट के पास कुल 37 आपूर्ति केंद्र (fulfillment centers)हो गए हैं। फैशन सेगमेंट पर बात करते हुए कंपनी प्रबंधन ने कहा कि नायका दूसरे ऑनलाइन मार्केटप्लेस प्लेटफॉर्म जैसे कि Amazon India, Flipkart, Myntra और Ajio से अलग तरह के प्रोडक्ट और सुविधाएं उपलब्ध करवा कर अपनी खास पहचान बनाने पर फोकस कर रही है।
नायक की बिक्री पर खपत स्तर में गिरावट का कोई खास असर नहीं
नोमुरा का कहना है कि भारत में खपत स्तर में गिरावट देखने को मिल रही है। हालांकि ब्यूटी प्रोडक्ट्स की कम कीमत को देखते हुए लगता है कि नायक की बिक्री पर खपत में इस गिरावट का कोई खास असर नहीं होगा। नोमुरा का अनुमान है कि वित्त वर्ष 2023-2028 की अवधि में नोमुरा की आय में सालाना आधार पर 27 फीसदी और मार्जिन में सालाना आधार पर 12 फीसदी की बढ़त देखने को मिल सकती है।
ब्रोकरेज फर्म मैक्वेरी ने जताई चिंता
बता दें कि पिछले हफ्ते के शुरुआत में एक और ब्रोकरेज फर्म मैक्वेरी ने नायका को 'underperform'रेटिंग देते हुए इसकी कवरेज शुरू की थी। ब्रोकरेज ने इस स्टॉक के लिए 115 रुपए प्रति शेयर का लक्ष्य दिया है। ब्रोकरेज फर्म ने ये भी कहा था कि ब्यूटी सेगमेंट की ग्रोथ अब छोटे शहरों में ज्यादा दिख रही है। ये कंपनी के लिए एक मुश्किल साबित हो सकती है। क्योंकि छोटे शहरों और कस्बों में कंपनी की पहुंच अभी कम है। मैक्वेरी का ये भी कहना है कि रिलायंस रिटेल (टीरा) और टाटा क्लिक जैसे नए खिलाड़ियों का प्रवेश Nykaa के लिए ऐसे समय में मुश्किलें बढ़ा सकता है जब इस सेगमेंट में पहले से ही कठिन प्रतिस्पर्धा है।
डिस्क्लेमर: मनीकंट्रोल.कॉम पर दिए गए विचार एक्सपर्ट के अपने निजी विचार होते हैं। वेबसाइट या मैनेजमेंट इसके लिए उत्तरदाई नहीं है। यूजर्स को मनी कंट्रोल की सलाह है कि कोई भी निवेश निर्णय लेने से पहले सर्टिफाइड एक्सपर्ट की सलाह लें।
हिंदी में शेयर बाजार, स्टॉक मार्केट न्यूज़, बिजनेस न्यूज़, पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App डाउनलोड करें।