रिन्यूएबल एनर्जी और एनर्जी स्टोरेज सेक्टर की कंपनी Pace Digitek को NTPC Green Energy से ₹2,691.3 करोड़ का ऑर्डर मिला है। कंपनी गुजरात के खावड़ा सोलर प्लांट में बैटरी एनर्जी स्टोरेज सिस्टम (BESS) लगाएगी। यह NTPC के 3,300 MWh क्षमता वाले प्रोजेक्ट का हिस्सा है।
इसके तहत कंपनी को दो ब्लॉक तैयार करने हैं। हर ब्लॉक की क्षमता 300 MW और 900 MWh होगी। दोनों की कुल क्षमता 600 MW और 1,800 MWh रहेगी।
सितंबर 2027 तक पूरा होगा प्रोजेक्ट
Pace Digitek को बैटरी सिस्टम की सप्लाई और इंटीग्रेशन के साथ इंस्टॉलेशन, टेस्टिंग और कमीशनिंग का काम भी करना होगा। इसमें सिविल वर्क और 15 साल तक ऑपरेशन एवं मेंटेनेंस की जिम्मेदारी भी शामिल है। कंपनी के मुताबिक, प्रोजेक्ट सितंबर 2027 तक पूरा करना है।
अक्टूबर में Pace Digitek को BSES राजधानी पावर से दिल्ली में 57.5 MW/115 MWh का बैटरी स्टोरेज प्रोजेक्ट मिला था। इसकी अनुमानित लागत ₹179.4 करोड़ है। यह प्रोजेक्ट 12 साल के BOOT मॉडल पर बनेगा और सात महीने में पूरा होने की उम्मीद है।
इससे कंपनी को सालाना करीब ₹27.1 करोड़ का रेवेन्यू मिलने का अनुमान है। कंपनी के मुताबिक, इस प्रोजेक्ट के साथ उसका यूटिलिटी-स्केल BOO/BOOT स्टोरेज पोर्टफोलियो 3.32 GWh हो जाएगा।
शेयर में 9% से ज्यादा तेजी
Pace Digitek का शेयर 9.42% चढ़कर ₹172.50 पर बंद हुआ। इसमें ₹14.85 की तेजी आई। हालांकि, पिछले 1 साल में स्टॉक 19.14% गिरा है। कंपनी का मार्केट कैप 3.68 हजार करोड़ रुपये है।
क्या है Pace Digitek का कारोबार?
Pace Digitek एनर्जी और टेलीकॉम इंफ्रास्ट्रक्चर सेक्टर में काम करती है। कंपनी के दो प्रमुख बिजनेस सेगमेंट हैं, एनर्जी और टेलीकॉम व ICT। एनर्जी कारोबार में यह बैटरी स्टोरेज सिस्टम, सोलर प्रोजेक्ट और लिथियम-आयन बैटरी से जुड़ी सेवाएं देती है। वहीं, टेलीकॉम कारोबार में पावर सिस्टम, मोबाइल टावर, ऑप्टिकल फाइबर नेटवर्क और इनके ऑपरेशन एवं मेंटेनेंस का काम करती है।
Disclaimer: यहां मुहैया जानकारी सिर्फ सूचना के लिए दी जा रही है। यहां बताना जरूरी है कि मार्केट में निवेश बाजार जोखिमों के अधीन है। निवेशक के तौर पर पैसा लगाने से पहले हमेशा एक्सपर्ट से सलाह लें। मनीकंट्रोल की तरफ से किसी को भी पैसा लगाने की यहां कभी भी सलाह नहीं दी जाती है।