Railway Stock: जेफरीज ने रेल कंपनी के शेयरों का टारगेट बढ़ाया, 43% तक तेजी की उम्मीद

Railway Stock: रेलवे सेक्टर की टीटागढ़ रेल सिस्टम्स पर जेफरीज ने बुलिश रुख दिखाया है। ब्रोकरेज ने नए वैगन ऑर्डर और पैसेंजर कोच डिलीवरी में तेजी के चलते टारगेट बढ़ा दिया है। नए टारगेट के हिसाब से स्टॉक 43% तक चढ़ सकता है। जानिए डिटेल।

अपडेटेड Nov 16, 2026 पर 5:10 PM
  • Follow Us On Google
  • Add as a Preferred Source on Google
टीटागढ़ का Ramkrishna Forgings के साथ फोर्ज्ड व्हील प्लांट भी अहम है।

Railway Stock: ग्लोबल ब्रोकरेज फर्म जेफरीज ने रेलवे सेक्टर की कंपनी Titagarh Rail Systems के शेयर पर अपना भरोसा बढ़ाया है। ब्रोकरेज ने शेयर का टारगेट प्राइस ₹990 से बढ़ाकर ₹1,050 कर दिया है। साथ ही, Buy रेटिंग भी बरकरार रखी है। शेयर का मौजूदा भाव ₹733.40 है। इस हिसाब से इसमें करीब 43% की तेजी की गुंजाइश दिखती है।

जेफरीज के मुताबिक, कंपनी के बेहतर नतीजे, पैसेंजर कोच की बढ़ती डिलीवरी और नए वैगन ऑर्डर से आने वाले वर्षों में कमाई को सहारा मिल सकता है।

पैसेंजर कोच की डिलीवरी बढ़ी


टीटागढ़ ने सितंबर 2026 तिमाही में 51 पैसेंजर कोच की डिलीवरी की। जून तिमाही में यह आंकड़ा 30 था। वहीं, पूरे FY26 में कंपनी ने 64 कोच डिलीवर किए थे।

सितंबर तिमाही में पैसेंजर रेल बिजनेस का रेवेन्यू सालाना आधार पर 2.5 गुना बढ़ा। इस सेगमेंट का EBITDA भी जेफरीज के अनुमान से 22% बेहतर रहा। कंपनी का पैसेंजर रेल ऑर्डर बुक करीब ₹10,800 करोड़ है। इसमें वंदे भारत और मेट्रो प्रोजेक्ट शामिल हैं।

कंपनी FY27 में करीब 200 मेट्रो कोच डिलीवर करने का लक्ष्य रखती है। हालांकि, जेफरीज का अनुमान 180 कोच का है। कंपनी FY27 की चौथी तिमाही तक वंदे भारत का पहला प्रोटोटाइप भी पेश करना चाहती है।

नए वैगन ऑर्डर से उम्मीद

फ्रेट बिजनेस में सितंबर तिमाही के दौरान वैगन बिक्री 29% घट गई। हालांकि, 4,955 वैगन का नया ऑर्डर मिलने से तस्वीर बेहतर हुई है। Jefferies का मानना है कि इससे कंपनी को FY28 तक कमाई की बेहतर विजिबिलिटी मिल सकती है।

कंपनी FY27 की चौथी तिमाही तक हर महीने करीब 1,000 वैगन बनाने की क्षमता हासिल करना चाहती है। पहली छमाही में औसत उत्पादन 427 वैगन प्रति माह था।

व्हील प्लांट और विस्तार पर नजर

टीटागढ़ का Ramkrishna Forgings के साथ फोर्ज्ड व्हील प्लांट भी अहम है। इसमें ट्रायल प्रोडक्शन और रेलवे की जांच चल रही है। कमर्शियल प्रोडक्शन दिसंबर 2026 से शुरू होने की उम्मीद है।

जेफरीज ने FY27 से FY29 के लिए EPS अनुमान 6% से 30% तक बढ़ाया है। हालांकि, नए ऑर्डर मिलने में देरी और प्रोजेक्ट के धीमे एक्जीक्यूशन से जोखिम बना हुआ है।

Renewable Energy Stocks: रिन्यूएबल एनर्जी सेक्टर में हाहाकार! सुजलॉन, प्रीमियर और वारी तक के शेयरों में भारी गिरावट

Disclaimer: मनीकंट्रोल.कॉम पर दिए गए सलाह या विचार एक्सपर्ट/ब्रोकरेज फर्म के अपने निजी विचार होते हैं। वेबसाइट या मैनेजमेंट इसके लिए उत्तरदायी नहीं है। यूजर्स को मनीकंट्रोल की सलाह है कि कोई भी निवेश निर्णय लेने से पहले हमेशा सर्टिफाइड एक्सपर्ट की सलाह लें।

हिंदी में शेयर बाजार,  स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।