Renewable Energy Stocks: रिन्यूएबल एनर्जी सेक्टर में हाहाकार! सुजलॉन, प्रीमियर और वारी तक के शेयरों में भारी गिरावट
Renewable Energy Stocks: रिन्यूएबल एनर्जी शेयरों में सोमवार को भारी बिकवाली देखने को मिली। Inox Wind और Vikram Solar के कमजोर नतीजों का असर Suzlon, Premier Energies और Waaree Energies पर भी पड़ा। जानिए इन कंपनियों के शेयर कितने गिरे और गिरावट की वजह क्या रही।
रिन्यूएबल सेक्टर की कंपनियों के शेयरों में गिरावट से साफ है कि निवेशक अब सिर्फ रेवेन्यू ग्रोथ नहीं देख रहे।
Renewable Energy Stocks: शेयर बाजार में सोमवार को रिन्यूएबल एनर्जी कंपनियों के शेयरों में भारी गिरावट देखने को मिली। Suzlon Energy, Premier Energies और Waaree Energies के शेयर इंट्राडे में 9% तक टूट गए। इसकी वजह इन कंपनियों के अपने नतीजे नहीं, बल्कि सेक्टर की दूसरी कंपनियों Inox Wind और Vikram Solar के कमजोर Q2 नतीजे रहे।
दोनों कंपनियों ने सितंबर तिमाही में मुनाफे और मार्जिन में बड़ी गिरावट दर्ज की। इसका असर पूरे सेक्टर के शेयरों पर दिखा। निवेशकों को चिंता है कि बढ़ती लागत और कमजोर मार्जिन का दबाव दूसरी कंपनियों पर भी पड़ सकता है।
Inox Wind का मुनाफा 36% गिरा
Inox Wind का सितंबर तिमाही में नेट प्रॉफिट 35.9% गिरकर ₹58.83 करोड़ रह गया। पिछले साल इसी तिमाही में कंपनी ने ₹91.75 करोड़ का मुनाफा कमाया था। हालांकि, रेवेन्यू 21% बढ़कर ₹1,354.3 करोड़ पहुंच गया।
कंपनी का EBITDA भी 10.1% गिरकर ₹205 करोड़ रहा। सबसे ज्यादा चिंता मार्जिन को लेकर रही। EBITDA मार्जिन पिछले साल के 20.4% से घटकर 15.2% रह गया। कंपनी ने इसकी वजह कमोडिटी की ऊंची कीमतों को बताया।
सोमवार को Inox Wind का शेयर इंट्राडे में 10% तक गिर गया। यह 28 मई 2024 के बाद शेयर की सबसे बड़ी एक दिन की गिरावट रही। शेयर अपने 52 हफ्ते के हाई से करीब 60% नीचे आ चुका है। यह सोमवार को 7.68% की गिरावट के साथ ₹59.50 पर बंद हुआ।
Vikram Solar के मुनाफे में 95% की गिरावट
विक्रम सोलर के नतीजे भी कमजोर रहे। कंपनी का नेट प्रॉफिट 95% गिरकर ₹5.9 करोड़ रह गया। पिछले साल सितंबर तिमाही में यह ₹128 करोड़ था। रेवेन्यू भी 2.9% घटकर ₹1,077 करोड़ रह गया।
कंपनी का EBITDA 57% गिरकर ₹101 करोड़ पर आ गया। वहीं, मार्जिन 21.1% से घटकर 9.3% रह गया। तिमाही के दौरान बिक्री वॉल्यूम भी घटा। यह 591 मेगावाट रहा, जबकि पिछले साल की समान अवधि में 1,006 मेगावाट था।
हालांकि, कंपनी ने इन मुश्किलों को अस्थायी बताया है। उसके मुताबिक, मानसून और प्रोजेक्ट के काम में देरी से नतीजों पर असर पड़ा। कंपनी को उम्मीद है कि दिसंबर 2026 में उसका पहला सोलर सेल तैयार हो जाएगा।
यह स्टॉक भी इंट्राडे में करीब 9% तक गिर गया था। हालांकि, बाद में थोड़ी रिकवरी हुई। यह आखिर में 3.24% की गिरावट के साथ ₹139.19 पर बंद हुआ।
Suzlon, Premier और Waaree में भी बिकवाली
कमजोर नतीजों का असर दूसरी कंपनियों पर भी पड़ा। Suzlon Energy का शेयर लगातार पांचवें कारोबारी सत्र में गिरा। सोमवार को यह 2.14% टूटकर ₹37.43 तक आ गया। पिछले एक महीने में शेयर 10.88% और छह महीने में 29.71% गिर चुका है।
Suzlon के मार्जिन पर भी दबाव है। कंपनी ने वित्त वर्ष के लिए EBITDA मार्जिन गाइडेंस घटाकर करीब 15% कर दी है। पहले यह 17% के आसपास रहने का अनुमान था।
Premier Energies का शेयर 8.19% गिरकर ₹822.50 पर बंद हुआ। हालांकि, कंपनी के नतीजे अच्छे रहे थे। सितंबर तिमाही में उसका मुनाफा 30% बढ़कर ₹458 करोड़ और रेवेन्यू 43.3% बढ़कर ₹2,632 करोड़ रहा। कंपनी के पास करीब ₹16,600 करोड़ की ऑर्डर बुक भी है।
वहीं, Waaree Energies का शेयर 4.12% फिसलकर ₹2,441 पर आ गया। कंपनी का रेवेन्यू 23.9% बढ़कर ₹7,518 करोड़ रहा, लेकिन मुनाफे में तेज गिरावट दर्ज हुई। EBITDA भी 5% घटकर ₹1,336 करोड़ रह गया। मार्जिन 23% से घटकर 18% पर आ गया।
निवेशकों को क्यों सतर्क रहना चाहिए?
रिन्यूएबल सेक्टर की कंपनियों के शेयरों में गिरावट से साफ है कि निवेशक अब सिर्फ रेवेन्यू ग्रोथ नहीं देख रहे। मुनाफा, EBITDA मार्जिन, कच्चे माल की लागत और ऑर्डर को समय पर पूरा करने की क्षमता भी अहम हो गई है। रिन्यूएबल एनर्जी सेक्टर में आगे भी कंपनियों के नतीजों और मार्जिन पर बाजार की नजर रहेगी।
ऐसे में अब निवेशकों को अतिरिक्त सतर्कता बरतनी चाहिए। क्योंकि एक्सपर्ट्स का मानना है कि रिन्यूएबल सेक्टर में वैल्यूएशन और कमाई का तालमेल बिगड़ रहा है।
Disclaimer: यहां मुहैया जानकारी सिर्फ सूचना के लिए दी जा रही है। यहां बताना जरूरी है कि मार्केट में निवेश बाजार जोखिमों के अधीन है। निवेशक के तौर पर पैसा लगाने से पहले हमेशा एक्सपर्ट से सलाह लें। मनीकंट्रोल की तरफ से किसी को भी पैसा लगाने की यहां कभी भी सलाह नहीं दी जाती है।