Paytm Stock Price: पेटीएम की ऑपरेटर कंपनी One97 communications के IPO की जितनी चर्चा थी, इसकी लिस्टिंग उतनी ही कमजोर हुई है। Paytm के शेयरों की लिस्टिंग NSE पर अपने इश्यू प्राइस से 9.30% नीचे 1950 रुपए पर हुई है। वहीं BSE पर इसके शेयर 9.07% नीचे 1955 रुपए पर लिस्ट हुए हैं। बाजार के जानकारों को पहले से ही इस बात का अनुमान था कि Paytm के शेयरों की लिस्टिंग कमजोर रह सकती है।
Paytm के शेयरों में ट्रेडिंग शुरू होने के बाद गिरावट बढ़कर 18% तक पहुंच गई। सुबह 10.11 मिनट पर Paytm के शेयर अपने इश्यू प्राइस से 20% नीचे 1714 रुपए पर ट्रेड कर रहे हैं। कंपनी के शेयरों का लोअर सर्किट 30% यानी 1564 रुपए है।
One97 Communications ने 18,300 करोड़ रुपए का IPO लॉन्च किया था। यह शेयर मार्केट के इतिहास का सबसे बड़ा IPO था। कंपनी का इश्यू 8 नवंबर को खुला और 10 नवंबर को बंद हुआ था। यह IPO सिर्फ 1.89 गुना ही सब्सक्राइब हो पाया था जो उम्मीद से बहुत कम था।
हाई नेटवर्थ इनवेस्टर्स की कैटेगरी में सब्सक्रिप्शन उतना नहीं रह पाया जितनी उम्मीद की जा रही थी। क्वालीफाइड इंस्टीट्यूशनल इनवेस्टर्स का हिस्सा सिर्फ 2.79 गुना बुक हुआ। जबकि रिटेल इनवेस्टर्स का हिस्सा 1.66 गुना भरा था।
Paytm का इश्यू प्राइस 2170-2180 रुपए था। ग्रे मार्केट में इसके अनलिस्टेड शेयरों का प्रीमियम घट गया था जिसके बाद इसके कमजोर लिस्टिंग का अनुमान लगाया जा रहा था।