पेटीएम (Paytm) ने स्टॉक्स में तेज गिरावट पर बीएसई को जवाब दे दिया है। पेटीएम की पेरेंट कंपनी वन97 कम्युनिकेशंस (One97 Communications) ने कहा है कि उसके पास ऐसी कोई जानकारी नहीं है, जिसका असर स्टॉक्स के प्राइस और वॉल्यूम पर पड़ सकता है। मंगलवार को पेटीएम के स्टॉक्स में तेज गिरावट पर बीएसई (BSE) ने वन97 कम्युनिकेशंस से स्पष्टीकरण मांगा था।
पेटीएम ने बीएसई के सवालों के जवाब बुधवार के दिए। उसने कहा कि कंपनी और उसका बिजनेस पूरी तरह से मजबूत हैं। उसने यह भी कहा है कि समय-समय पर वह सभी जरूरी जानकारियां तय समय के अंदर बीएसई को देती रही है। उसने कहा है, "कंपनी यह भी बताना चाहेगी कि बिजनेस फंडामेंटल्स मजबूत बने हुए हैं, जो 4 फरवरी, 2022 को जारी नतीजों में दिखता है।"
वन97 कम्युनिकेशंस ने कहा है, "हम फिर से यह कहना चाहते हैं कि कंपनी लिस्टिंग्स से जुड़े नियमों के पालन के लिए पूरी तरह से प्रतिबद्ध हैं। ऐसी कोई जानकारी/ऐलान जिसका असर कंपनी के शेयर के प्राइस और वॉल्यूम पर पड़ सकता है, उसे तय समय के अंदर स्टॉक एक्सचेंज को बताया जाएगा।"
पेटीएम के शेयर में काफी उतार-चढ़ाव दिखाई देने के बाद बीएसई ने कंपनी से स्पष्टीकरण मांगा था। बीएसई ने कहा था कि वह स्पष्टीकरण इसलिए मांग रहा है ताकि कंपनी से जुड़ी नई जानकारियां इनवेस्टर्स को मिले और उनके हित को किसी तरह का नुकसान न हो।
मंगलवार को पेटीएम के शेयर में 3.79 फीसदी की गिरावट के बाद बीएसई ने कंपनी से सवाल पूछे थे। दरअसल, स्टॉक एक्सचेंज में अच्छी तेजी के बावजूद मंगलवार को पेटीएम के शेयर में गिरावट आई थी। मंगलवार को पेटीएम का शेयर गिरकर 543.90 रुपये के सबसे निचले स्तर पर पहुंच गया था।
आरबीआई ने पेटीएम पेमेंट्स बैंक को नए ग्राहक बनाने से रोक दिया है। इसके बाद पिछले पांच कारोबारी सत्रों में पेटीएम के शेयर में 18 फीसदी गिरावट आ चुकी है। पेटीएम का आईपीओ पिछले साल आया था। कंपनी ने 2,150 रुपये के प्राइस पर इनवेस्टर्स को स्टॉक्स जारी किए थे। तब से यह शेयर 74.72 फीसदी गिर चुका है।
बुधवार को स्टॉक एक्सचेंज खुलने पर पेटीएम के शेयरों में रिकवरी दिखी। सुबह 9:23 कंपनी के शेयर का प्राइस 2.76 फीसदी की तेजी के साथ 558.35 रुपये पर चल रहा था। बीएसई सेंसेक्स 292 अंक की तेजी के साथ 58,286 अंक पर था।