PC Jeweller Share Price: एक और बैंक का कर्ज चुकता, कंपनी इसी महीने बन सकती है डेट-फ्री; शेयर में 13% की तूफानी तेजी

PC Jeweller Share Price: पीसी ज्वेलर ने 14 बैंकों से कर्ज लिया हुआ था। इनमें से अब तक 9 बैंकों का पूरा बकाया चुका दिया गया है। कंपनी ने बाकी 5 बैंकों के कुल बकाये के 96 प्रतिशत से अधिक का भी भुगतान कर दिया है

अपडेटेड Sep 04, 2026 पर 4:32 PM
  • Follow Us On Google
  • Add as a Preferred Source on Google
PC Jeweller का मार्केट कैप बढ़कर 11600 करोड़ रुपये से ज्यादा हो गया है।

ज्वेलरी सेक्टर की कंपनी पीसी ज्वेलर लिमिटेड के शेयरहोल्डर्स 4 सितंबर को तगड़े मुनाफे में हैं। शेयर में दिन में पिछले बंद भाव से 15 प्रतिशत तक का उछाल दिखा। BSE पर शेयर 12.12 रुपये के हाई तक गया। बाद में करीब 13 प्रतिशत बढ़त के साथ 11.90 रुपये पर सेटल हुआ। कंपनी का मार्केट कैप बढ़कर 11500 करोड़ रुपये से ज्यादा हो गया है। शेयर लगातार दूसरे कारोबारी दिन चढ़ा। कंपनी ने एक दिन पहले शेयर बाजारों को बताया था कि उसने एक और बैंक का बकाया कर्ज चुका दिया है। यह भुगतान 30 सितंबर, 2024 को हुए एकबारगी निपटान (वन टाइम सेटलमेंट) समझौते के तहत किया गया है।

एक्सचेंज फाइलिंग के मुताबिक, पीसी ज्वेलर ने 14 बैंकों से कर्ज लिया हुआ था। इनमें से अब तक 9 बैंकों का पूरा बकाया चुका दिया गया है। सभी भुगतान निर्धारित समयसीमा से पहले किए गए हैं। कंपनी ने बाकी 5 बैंकों के कुल बकाये के 96 प्रतिशत से अधिक का भी भुगतान कर दिया है। अब कंपनी पर इन बैंकों का 4 प्रतिशत से भी कम बकाया है। कंपनी बाकी बची उधारी भी इसी महीने चुका कर कर्जमुक्त बनने का लक्ष्य लेकर चल रही है।

पीसी ज्वेलर और 14 बैंकों के समूह के बीच वन टाइम सेटलमेंट समझौता 30 सितंबर, 2024 को हुआ था। बैंकों के इस समूह का नेतृत्व भारतीय स्टेट बैंक (SBI) कर रहा है। कंपनी पर मार्च, 2024 तक इन बैंकों का करीब 4,100 करोड़ रुपये का कर्ज था।


14 बैंकों की लिस्ट में कौन-कौन

पीसी ज्वेलर को कर्ज देने वाले बैंकों के इस समूह में SBI के अलावा यूनियन बैंक ऑफ इंडिया, पंजाब नेशनल बैंक, एक्सिस बैंक, इंडसइंड बैंक, बैंक ऑफ इंडिया, IDBI बैंक, करुर वैश्य बैंक, कोटक महिंद्रा बैंक, इंडियन ओवरसीज बैंक, केनरा बैंक, इंडियन बैंक, बैंक ऑफ बड़ौदा और IDFC फर्स्ट बैंक शामिल हैं।

Physicswallah में है बहुत जान, बुल केस में दिख सकता है 82% तक उछाल; मोतीलाल ओसवाल बुलिश

शेयर एक महीने में 21 प्रतिशत मजबूत

पीसी ज्वेलर के शेयर की फेस वैल्यू 1 रुपये है। यह BSE 1000 इंडेक्स का हिस्सा है। शेयर एक महीने में 21 प्रतिशत और 3 महीनों में लगभग 30 प्रतिशत चढ़ा है। 3 साल में कीमत लगभग 350 प्रतिशत भागी है। कंपनी में जून 2026 के आखिर तक प्रमोटर्स के पास 38.49 प्रतिशत हिस्सा था। कंपनी का अप्रैल-जून 2026 तिमाही में रेवेन्यू 803.82 करोड़ रुपये और शुद्ध मुनाफा 171 करोड़ रुपये रहा। पूरे वित्त वर्ष 2026 के दौरान पीसी ज्वेलर का रेवेन्यू 3,352.88 करोड़ रुपये और शुद्ध मुनाफा 710.62 करोड़ रुपये दर्ज किया गया।

Disclaimer: मनीकंट्रोल.कॉम पर दिए गए सलाह या विचार एक्सपर्ट/ब्रोकरेज फर्म के अपने निजी विचार होते हैं। वेबसाइट या मैनेजमेंट इसके लिए उत्तरदायी नहीं है। यूजर्स को मनीकंट्रोल की सलाह है कि कोई भी निवेश निर्णय लेने से पहले हमेशा सर्टिफाइड एक्सपर्ट की सलाह लें।

हिंदी में शेयर बाजार स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।