Policybazaar और Paisabazaar प्लेटफॉर्म की पेरेंट कंपनी PB Fintech के शेयरों में 19 नवंबर को दिन में 6 प्रतिशत तक की गिरावट दिखी। बीएसई पर शेयर 970.70 रुपये के लो तक गया। कंपनी ने एक दिन पहले शेयर बाजारों को बताया था कि उसके को-फाउंडर, एग्जीक्यूटिव वाइस चेयरमैन और होलटाइम डायरेक्टर आलोक बंसल ने अपने एग्जीक्यूटिव पद से हटने की इच्छा जताई है। एग्जीक्यूटिव वाइस चेयरमैन, होलटाइम डायरेक्टर के रूप में उनका आखिरी कामकाजी दिन 31 मार्च 2027 होगा। बंसल 1 अप्रैल 2027 से कंपनी के बोर्ड में एक नॉन-एग्जीक्यूटिव, नॉन-इंडिपेंडेंट डायरेक्टर के रूप में बने रहेंगे।
बंसल का कहना है कि यह बदलाव उनकी अपनी निजी इच्छा के कारण है क्योंकि वह अब रोजमर्रा की कार्यकारी जिम्मेदारियों से पीछे हटना चाहते हैं। उन्होंने स्पष्ट किया है कि इस बदलाव के पीछे कोई अन्य महत्वपूर्ण कारण नहीं है।
आलोक बंसल ने साल 2008 में याशीष दहिया के साथ मिलकर पॉलिसीबाजार को शुरू किया था। लगभग दो दशकों में, उन्होंने पॉलिसीबाजार को भारत का प्रमुख इंश्योरेंस प्लेटफॉर्म बना दिया है। इस दौरान उन्होंने कंपनी की रणनीति, फंड जुटाने, कॉर्पोरेट विकास और निवेशकों के साथ संबंधों में अहम भूमिका निभाई।
PB Fintech साल 2021 में हुई थी लिस्ट
PB फिनटेक साल 2021 में शेयर बाजारों में लिस्ट हुई थी। इसका IPO 5,709.71 करोड़ रुपये का था। शेयर में गुरुवार को लगातार चौथे कारोबारी दिन गिरावट है। कंपनी के शेयर की फेस वैल्यू 2 रुपये है। यह BSE 100 इंडेक्स का हिस्सा है। कंपनी में सितंबर 2026 के आखिर तक पब्लिक शेयरहोल्डर्स के पास 99.86 प्रतिशत हिस्सेदारी थी। कंपनी का मार्केट कैप 46700 करोड़ रुपये से ज्यादा है।
जुलाई-सितंबर 2026 तिमाही में पीबी फिनटेक का स्टैंडअलोन बेसिस पर रेवेन्यू 5.40 करोड़ रुपये रहा। शुद्ध मुनाफा 13.45 करोड़ रुपये और प्रति शेयर अर्निंग 29 लाख रुपये रही। पूरे वित्त वर्ष 2026 के दौरान स्टैंडअलोन रेवेन्यू 208.37 करोड़ रुपये, शुद्ध मुनाफा 41.44 करोड़ रुपये और प्रति शेयर अर्निंग 90 लाख रुपये दर्ज की गई।
Disclaimer: मनीकंट्रोल.कॉम पर दिए गए सलाह या विचार एक्सपर्ट/ब्रोकरेज फर्म के अपने निजी विचार होते हैं। वेबसाइट या मैनेजमेंट इसके लिए उत्तरदायी नहीं है। यूजर्स को मनीकंट्रोल की सलाह है कि कोई भी निवेश निर्णय लेने से पहले हमेशा सर्टिफाइड एक्सपर्ट की सलाह लें।