Powerica IPO Listing: पावरिका के शेयर आईपीओ निवेशकों के पोर्टफोलियो को चार्ज नहीं कर पाए। आज घरेलू मार्केट में इसकी डिस्काउंट के साथ एंट्री हुई। इसके आईपीओ को निवेशकों का मिला-जुला रिस्पांस मिला था और हर कैटेगरी के लिए आरक्षित हिस्सा पूरा भर भी नहीं पाया था। आईपीओ के तहत ₹395 के भाव पर शेयर जारी हुए हैं। आज BSE पर इसकी ₹375.00 और NSE पर ₹366.00 पर एंट्री हुई है यानी कि आईपीओ निवेशकों को कोई लिस्टिंग गेन नहीं मिला बल्कि करीब 7% पूंजी ही घट गई। आईपीओ निवेशकों की और झटका तब लगा, जब शेयर टूट गए। टूटकर BSE पर यह ₹365.10 (Powerica Share Price) तक आ गया। हालांकि फिर रिकवर होकर ₹396.85 तक पहुंचा। हल्की मुनाफावसूली के साथ यह ₹390.00 पर बंद हुआ यानी कि पहले कारोबारी दिन की समाप्ति पर आईपीओ निवेशक 1.27% घाटे में हैं। एंप्लॉयीज थोड़ा बेहतर स्थिति में हैं क्योंकि उन्हें हर शेयर ₹37 के डिस्काउंट पर मिला है।
Powerica IPO के पैसे कैसे होंगे खर्च
पावरिका का ₹1,100 करोड़ का आईपीओ सब्सक्रिप्शन के लिए 24-27 मार्च तक खुला था। इस आईपीओ को निवेशकों का मिला-जुला रिस्पांस मिला था और ओवरऑल यह 1.53 गुना सब्सक्राइब हुआ था। इसमें क्वालिफाइड इंस्टीट्यूशनल बायर्स (QIB) के लिए आरक्षित हिस्सा 4.74 गुना (एक्स-एंकर), नॉन-इंस्टीट्यूशनल इनवेस्टर्स (NII) का हिस्सा 0.47 गुना, खुदरा निवेशकों का हिस्सा 0.16 गुना और एंप्लॉयीज का हिस्सा 1.30 गुना भरा था। इस आईपीओ के तहत ₹700 करोड़ के नए शेयर जारी हुए हैं। इसके अलावा ₹5 की फेस वैल्यू वाले 1,01,26,581 शेयर ऑफर फॉर सेल विंडो के तहत बिके हैं। ऑफर फॉर सेल का पैसा तो शेयर बेचने वाले शेयरहोल्डर्स को मिला है। वहीं नए शेयरों के जरिए जुटाए गए पैसों में से ₹525.00 करोड़ कर्ज हल्का करने और बाकी पैसे आम कॉरपोरेट उद्देश्यों पर खर्च होंगे।
पावरिका डीजल से चलने वाले जेनेरेटर सेट के बिजनेस में है। यह 7.5 kVA से 10,000 kVA के जेनेरेटर सेट ऑफर करती है। कंपनी के वित्तीय सेहत की बात करें तो यह लगातार मजबूत हो रही है। वित्त वर्ष 2023 में इसे ₹106.45 करोड़ का शुद्ध मुनाफा हुआ था जो अगले वित्त वर्ष 2024 में उछलकर ₹226.11 करोड़ और फिर वित्त वर्ष 2025 में ₹175.83 करोड़ पर पहुंच गया। इस दौरान कंपनी की टोटल इनकम भी सालाना 5% से अधिक की चक्रवृद्धि दर (CAGR) से बढ़कर ₹2,710.93 करोड़ पर पहुंच गई। पिछले वित्त वर्ष 2026 की बात करें तो पहली छमाही अप्रैल-सितंबर 2025 में कंपनी को ₹134.55 करोड़ का शुद्ध मुनाफा और ₹1,474.87 करोड़ का टोटल इनकम हासिल हुआ था। सितंबर 2025 तिमाही के आखिरी में कंपनी पर ₹571.95 करोड़ का टोटल कर्ज था जबकि रिजर्व और सरप्लस में ₹1,158.99 करोड़ पड़े थे।
डिस्क्लेमर: यहां मुहैया जानकारी सिर्फ सूचना के लिए दी जा रही है। यहां बताना जरूरी है कि मार्केट में निवेश बाजार जोखिमों के अधीन है। निवेशक के तौर पर पैसा लगाने से पहले हमेशा एक्सपर्ट से सलाह लें। मनीकंट्रोल की तरफ से किसी को भी पैसा लगाने की यहां कभी भी सलाह नहीं दी जाती है।