Pricol Share Price: चढ़ते बाजार में शेयर 20% तक लुढ़का, एक ऐलान से तगड़ी सेलिंग

Pricol Share Price: डीमर्जर योजना के तहत, प्रिकोल लिमिटेड के पात्र शेयरधारकों को पेरेंट कंपनी में उनके पास मौजूद हर एक इक्विटी शेयर के बदले 'प्रिकोल ऑटोटेक' का एक इक्विटी शेयर मिलने की उम्मीद है। यह योजना और प्रस्तावित सौदा कई मंजूरियों और शर्तों के अधीन है

अपडेटेड Nov 16, 2026 पर 12:41 PM
  • Follow Us On Google
  • Add as a Preferred Source on Google

प्रिकोल लिमिटेड (Pricol Ltd) के शेयरहोल्डर 16 नवंबर को जबरदस्त नुकसान में हैं। शेयर BSE पर दिन में पिछले बंद भाव से 19.7 प्रतिशत तक लुढ़ककर ₹599.95 के लो तक गया। कंपनी का मार्केट कैप घटकर ₹7800 करोड़ पर आ गया है। वीकेंड पर कंपनी ने शेयर बाजारों को बताया था कि उसके प्रमोटर, ऑटोमोटिव इलेक्ट्रॉनिक्स कारोबार को एक अलग एंटिटी 'प्रिकोल ऑटोटेक' के रूप में अलग (डीमर्ज) कर रहे हैं। इसके बाद प्रमोटर उसमें अपनी पूरी 38.51 प्रतिशत हिस्सेदारी ग्लोबल प्राइवेट इक्विटी फर्म 'वारबर्ग पिंकस' को बेच देंगे। यह डील ₹1,663.07 करोड़ में होगी।

इसके बाद वारबर्ग पिंकस इस नई एंटिटी में पब्लिक शेयरधारकों से अतिरिक्त 26 प्रतिशत हिस्सेदारी खरीदने के लिए एक 'ओपन ऑफर' लाएगी। सौदे के पूरा होने पर वारबर्ग पिंकस, डीमर्ज्ड एंटिटी में सबसे बड़ी शेयरहोल्डर बन जाएगी। डील के तहत 4,69,34,833 शेयरों की बिक्री होगी। यह अधिग्रहण तब होगा, जब प्रिकोल का 'ड्राइवर इनफॉर्मेशन एंड कनेक्टेड व्हीकल सॉल्यूशंस' (DICVS) कारोबार 'प्रिकोल ऑटोटेक' के रूप में अलग हो जाएगा। फिर यह NSE और BSE पर लिस्ट होगा। यह प्रस्तावित अधिग्रहण, डीमर्जर के प्रभावी होने और जरूरी रेगुलेटरी व अन्य मंजूरियां मिलने पर निर्भर करेगा।

प्रिकोल लिमिटेड को इस प्रस्तावित सौदे से कोई रकम नहीं मिलेगी। ₹1,663.07 करोड़ तक की पूरी रकम प्रमोटर ग्रुप के उन सदस्यों और एंटिटीज को दी जाएगी, जो प्रिकोल ऑटोटेक में अपनी हिस्सेदारी बेच रहे हैं।


शेयर परचेज एग्रीमेंट को मंजूरी

इस डील के लिए प्रिकोल का बोर्ड एक शेयर परचेज एग्रीमेंट को मंजूरी दे चुका है। यह समझौता इन पक्षों के बीच है- वारबर्ग पिंकस LLC की एक संबद्ध इकाई 'टोपाज टेरेस इनवेस्टमेंट्स'; कंपनी के प्रमोटर और प्रमोटर ग्रुप के सदस्य- विजय मोहन, विक्रम मोहन, वनिता मोहन; विरेन मोहन, मानसा मोहन, मधुरा मोहन; प्रिकोल होल्डिंग्स प्राइवेट लिमिटेड, प्रिकोल इंजीनियरिंग इंडस्ट्रीज प्राइवेट लिमिटेड, श्रीमय एंटरप्राइजेज प्राइवेट लिमिटेड, प्रिकोल लॉजिस्टिक्स प्राइवेट लिमिटेड; प्रिकोल ऑटोटेक लिमिटेड।

Tata Motors PV Share Price: कंपनी के घाटे में आने से जबरदस्त सेलिंग, शेयर 9% तक फिसला; ब्रोकरेज ने घटाए टारगेट

Pricol के शेयरहोल्डर्स के लिए क्या बदलेगा

प्रिकोल के बोर्ड ने 27 जून 2026 को इस डीमर्जर के लिए एक योजना को मंजूरी दी थी। इस योजना के तहत, प्रिकोल लिमिटेड के पात्र शेयरधारकों को पेरेंट कंपनी में उनके पास मौजूद हर एक इक्विटी शेयर के बदले 'प्रिकोल ऑटोटेक' का एक इक्विटी शेयर मिलने की उम्मीद है। 'प्रिकोल ऑटोटेक' में DICVS कारोबार शामिल होगा, जो ड्राइवर इनफॉर्मेशन सिस्टम और ऑटोमोटिव इलेक्ट्रॉनिक्स (जैसे इंस्ट्रूमेंट क्लस्टर, टेलीमैटिक्स, सेंसर और ई-कॉकपिट सॉल्यूशंस) उपलब्ध कराता है। यह कंपनी टू-व्हीलर, थ्री-व्हीलर, पैसेंजर व्हीकल, कमर्शियल व्हीकल और ऑफ-हाइवे सेगमेंट में ओरिजिनल इक्विपमेंट मैन्युफैक्चरर्स (OEMs) को अपनी सेवाएं देती है।

यह योजना और प्रस्तावित सौदा कई मंजूरियों और शर्तों के अधीन है। इसमें शेयरधारकों, लेनदारों, स्टॉक एक्सचेंजों, सेबी, नेशनल कंपनी लॉ ट्रिब्यूनल (NCLT) और कॉम्पिटिशन कमीशन ऑफ इंडिया (CCI) जैसी एंटिटीज की मंजूरियां शामिल हैं, जो लागू नियमों के अनुसार आवश्यक होंगी।

Disclaimer: यहां मुहैया जानकारी सिर्फ सूचना के लिए दी जा रही है। यहां बताना जरूरी है कि मार्केट में निवेश बाजार जोखिमों के अधीन है। निवेशक के तौर पर पैसा लगाने से पहले हमेशा एक्सपर्ट से सलाह लें। मनीकंट्रोल की तरफ से किसी को भी पैसा लगाने की यहां कभी भी सलाह नहीं दी जाती है।

हिंदी में शेयर बाजार,  स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।