Tata Motors PV Share Price: कंपनी के घाटे में आने से जबरदस्त सेलिंग, शेयर 9% तक फिसला; ब्रोकरेज ने घटाए टारगेट

Tata Motors PV Share Price: सितंबर 2025 तिमाही में कंपनी 76,170 करोड़ रुपये के मुनाफे में थी। सितंबर 2026 तिमाही के दौरान ऑपरेशंस से कंसोलिडेटेड रेवेन्यू सालाना आधार पर 34 प्रतिशत बढ़कर 96,920 करोड़ रुपये हो गया

अपडेटेड Nov 16, 2026 पर 11:38 AM
  • Follow Us On Google
  • Add as a Preferred Source on Google
सितंबर 2026 तिमाही में Tata Motors PV को 5,531 करोड़ रुपये का शुद्ध कंसोलिडेटेड घाटा हुआ है।

टाटा मोटर्स पैसेंजर व्हीकल्स लिमिटेड (TMPV) के शेयरों में 16 नवंबर को बिकवाली का जबरदस्त दबाव है। कंपनी के घाटे में लौटने से सेंटिमेंट बिगड़ा है। शेयर दिन में पिछले बंद भाव से 9 प्रतिशत तक टूटकर बीएसई पर 260.50 रुपये के लो तक गया। कंपनी का मार्केट कैप घटकर 96,400 करोड़ रुपये पर आ गया है। TMPV ने शुक्रवार को शेयर बाजारों को बताया था कि जुलाई-सितंबर 2026 तिमाही में उसे 5,531 करोड़ रुपये का शुद्ध कंसोलिडेटेड घाटा हुआ है। एक साल पहले समान तिमाही में कंपनी 76,170 करोड़ रुपये के मुनाफे में थी।

सितंबर 2026 तिमाही के दौरान TMPV ने 6,738 करोड़ रुपये के असाधारण मद देखे। इनमें मुख्य रूप से कर्मचारियों की छंटनी और सेवा समाप्ति से जुड़े 3,776 करोड़ रुपये और एसेट वैल्यू में कमी से संबंधित 2,856 करोड़ रुपये शामिल हैं। हालांकि, तिमाही के दौरान TMPV का कंसोलिडेटेड बेसिस पर ऑपरेशंस से रेवेन्यू सालाना आधार पर 34 प्रतिशत बढ़कर 96,920 करोड़ रुपये हो गया। सितंबर 2025 तिमाही में यह 72,000 करोड़ रुपये के आसपास था। ब्याज, टैक्स, डेप्रिसिएशन और अमॉर्टाइजेशन से पहले की कमाई (EBITDA) 4,866 करोड़ रुपये रही।

JLR का बिजनेस


कंपनी के लग्जरी व्हीकल ब्रांड जगुआर लैंड रोवर (JLR) ने भी तिमाही के दौरान 53 करोड़ पाउंड के असाधारण मद दर्ज किए। कंपनी ने JLR के रेवेन्यू गाइडेंस को पहले के £26 अरब से घटाकर £25 अरब कर दिया है। EBIT मार्जिन गाइडेंस को पहले के 4 प्रतिशत से घटाकर 2-3 प्रतिशत कर दिया है। सितंबर 2026 तिमाही में JLR का ऑपरेशंस से रेवेन्यू 20.3 प्रतिशत बढ़कर 589.4 करोड़ पाउंड रहा।

Stock Market Gain: सेंसेक्स 719 अंक उछला, निफ्टी गया 25300 के पार; 3 कारणों से बाजार गुलजार

Tata Motors PV के शेयर पर ब्रोकरेज की क्या राय?

ब्रोकरेज फर्म मोतीलाल ओसवाल ने टाटा मोटर्स PV के नतीजों के बाद शेयर के लिए "सेल" रेटिंग बरकरार रखी है। प्राइस टारगेट घटाकर 240 रुपये प्रति शेयर कर दिया है। अर्निंग प्रति शेयर (EPS) अनुमान में वित्त वर्ष 2027 के लिए 69 प्रतिशत और वित्त वर्ष 2028 के लिए 5 प्रतिशत की कटौती की है। इसके पीछे कई कारण बताए गए हैं, जैसे कि JLR के सामने आ रही चुनौतियां। इन चुनौतियों में कमोडिटी की कीमतों में उतार-चढ़ाव, चीन में मांग में लगातार कमजोरी, कर्ज बढ़ने के कारण ब्याज लागत में बढ़ोतरी, पूरे साल के लिए मार्जिन गाइडेंस में की गई कटौती शामिल हैं। ब्रोकरेज ने अपने नोट में लिखा है कि भारत के कारोबार पर कच्चे माल की बढ़ती कीमतों का असर भी मार्जिन पर दबाव बनाए रखेगा।

सिटी ने टाटा मोटर्स PV के शेयर पर "सेल" रेटिंग बरकरार रखी है। प्राइस टारगेट 235 रुपये तय किया है। सिटी का कहना है कि इंडिया बिजनेस और JLR, दोनों ही कारोबारों के नतीजे उम्मीद से कमजोर रहे हैं। ब्रोकरेज ने "सेल" रेटिंग के पीछे रेवेन्यू, EBIT और फ्री कैश फ्लो गाइडेंस में की गई कटौती का हवाला दिया है।

नोमुरा ने स्टॉक पर "न्यूट्रल" रेटिंग बरकरार रखी है। प्राइस टारगेट 287 रुपये तय किया है। ब्रोकरेज का कहना है कि भले ही भारत के कारोबार में पैसेंजर व्हीकल्स का आउटलुक मजबूत है, लेकिन मार्जिन से जुड़े जोखिम अभी भी बने हुए हैं।

Disclaimer: मनीकंट्रोल.कॉम पर दिए गए सलाह या विचार एक्सपर्ट/ब्रोकरेज फर्म के अपने निजी विचार होते हैं। वेबसाइट या मैनेजमेंट इसके लिए उत्तरदायी नहीं है। यूजर्स को मनीकंट्रोल की सलाह है कि कोई भी निवेश निर्णय लेने से पहले हमेशा सर्टिफाइड एक्सपर्ट की सलाह लें।

हिंदी में शेयर बाजार,  स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।