Prodocs Solutions IPO Listing: आईटी सर्विसेज मुहैया कराने वाली प्रोडॉक्यू सॉल्यूशंस के शेयरों की आज BSE SME पर मजबूत एंट्री हुई। इसके आईपीओ को ओवरऑल ढाई गुना से अधिक बोली मिली थी। आईपीओ के तहत ₹138 के भाव पर शेयर जारी हुए हैं। आज BSE SME पर इसकी ₹149.75 पर एंट्री हुई है यानी कि आईपीओ निवेशकों को 8.51% का लिस्टिंग गेन (Prodocs Solutions Listing Gain) मिला। हालांकि आईपीओ निवेशकों की खुशी थोड़ी ही देर में हल्की फीकी हो गई जब शेयर टूट गए। टूटकर यह ₹141 (Prodocs Solutions Share Price) पर आ गया। निचले स्तर से रिकवरी के साथ यह ₹151.20 के अपर सर्किट पर पहुंचा और इसी पर बंद भी हुआ यानी कि पहले कारोबारी दिन की समाप्ति पर आईपीओ निवेशक अब 9.57% मुनाफे में हैं।
Prodocs Solutions IPO के पैसे कैसे होंगे खर्च
प्रोडॉक्स सॉल्यूशंस का ₹27.60 करोड़ का आईपीओ सब्सक्रिप्शन के लिए 8-10 अक्टूबर तक खुला था। इस आईपीओ को निवेशकों का अच्छा रिस्पांस मिला था और ओवरऑल यह 2.66 गुना सब्सक्राइब हुआ था। इसमें क्वालिफाइड इंस्टीट्यूशनल बायर्स (QIB) के लिए आरक्षित हिस्सा 1.59 गुना (एक्स-एंकर), नॉन-इंस्टीट्यूशनल इनवेस्टर्स (NII) का हिस्सा 4.61 गुना और खुदरा निवेशकों का हिस्सा 2.38 गुना भरा था। इस आईपीओ के तहत ₹22.08 करोड़ के नए शेयर जारी हुए हैं। इसके अलावा ₹10 की फेस वैल्यू वाले 4 लाख शेयर ऑफर फॉर सेल विंडो के तहत बिके हैं। ऑफर फॉर सेल का पैसा तो शेयर बेचने वाले शेयरहोल्डर्स को मिला है। वहीं नए शेयरों के जरिए जुटाए गए पैसों में से ₹4.31 करोड़ कंपनी की खास जरूरतों के लिए सॉफ्टवेयर तैयार करने, ₹3.93 करोड़ आईटी इक्विपमेंट, हार्डवेयर और अन्य जरूरी चीजों की खरीदारी, ₹3.77 करोड़ कर्ज हल्का करने, ₹4.50 करोड़ वर्किंग कैपिटल की जरूरतों और बाकी पैसे आम कॉरपोरेट उद्देश्यों पर खर्च होंगे।
Prodocs Solutions के बारे में
मार्च 2019 में बनी प्रोडॉक्स सॉल्यूशंस नॉन-वॉइस बीपीओ सेगमेंट में आईटी से जुड़ी सर्विसेज मुहैया कराती है। यह इंडेक्सिंग सर्विसेज, टाइटल सर्विसेज और ई-पब्लिशिंग के साथ-साथ फाइनेंस और अकाउंटिंग और लिटिजेशन सपोर्ट जैसी सर्विसेज मुहैया कराती है। इसके क्लाइंट्स मुख्य रूप से अमेरिका और ऑस्ट्रेलिया में हैं। कंपनी के वित्तीय सेहत की बात करें तो वित्त वर्ष 2023 में इसे ₹1.54 करोड़ का शुद्ध मुनाफा हुआ था जो अगले वित्त वर्ष 2024 में उछलकर ₹3.16 करोड़ और वित्त वर्ष 2025 में ₹5.11 करोड़ पर पहुंच गया। हालांकि इस दौरान कंपनी की टोटल इनकम में उठा-पटक दिखी और वित्त वर्ष 2023 में ₹36.81 करोड़ और वित्त वर्ष 2024 में ₹45.66 करोड़ से गिरकर वित्त वर्ष 2025 में ₹42.78 करोड़ पर आ गई। चालू वित्त वर्ष 2026 की बात करें तो पहली छमाही अप्रैल-सितंबर 2025 में कंपनी को ₹3.43 करोड़ का शुद्ध मुनाफा और ₹21.11 करोड़ की टोटल इनकम हासिल हो चुकी है। सितंबर 2025 तिमाही के आखिरी में कंपनी पर ₹7.46 करोड़ का टोटल कर्ज था जबकि रिजर्व और सरप्लस में ₹16.98 करोड़ पड़े थे।
डिस्क्लेमर: यहां मुहैया जानकारी सिर्फ सूचना के लिए दी जा रही है। यहां बताना जरूरी है कि मार्केट में निवेश बाजार जोखिमों के अधीन है। निवेशक के तौर पर पैसा लगाने से पहले हमेशा एक्सपर्ट से सलाह लें। मनीकंट्रोल की तरफ से किसी को भी पैसा लगाने की यहां कभी भी सलाह नहीं दी जाती है।