प्रोटियन ईगव टेक (Protean eGov Tech) में ब्लॉक डील के जरिये 236 करोड़ के शेयरों की बिक्री हुई है। सूत्रों के मुताबिक, इन शेयरों की बिक्री स्टैंडर्ड चार्टर्ड बैंक ने की है। ब्लॉक डील के तहत तकरीबन 12 लाख शेयर यानी 3.2 पर्सेंट स्टेक की बिक्री हुई। यह ट्रांजैक्शन 1,805 रुपये प्रति शेयर के फ्लोर प्राइस पर हुआ, जो पिछले क्लोजिंग प्राइस में 3 पर्सेंट डिस्काउंट पर है। ब्लॉक डील के बाद प्रोटियन ईगव का शेयर 8 अगस्त को शुरुआती कारोबार में 4 पर्सेंट तक लुढ़क गए। 11 बजकर 27 मिनट पर कंपनी का शेयर 0.95 पर्सेंट गिरकर 1,849.85 रुपये पर बंद हुआ।
बहरहाल, मनीकंट्रोल इस सौदे में शामिल पक्षों की स्वतंत्र तौर पर पुष्टि नहीं कर सका है। सीएनबीसी टीवी 18 (CNBC-TV18) ने खबर दी थी कि स्टैंडर्ड चार्टर्ड बैंक, प्रोटियन ईगव का अपनी 3.09 पर्सेंट स्टेक बेचने की तैयारी में है और इस स्टेक के जरिये 221.90 करोड़ रुपये जुटाने का इरादा है। अप्रैल-जून के दौरान प्रोटियन ईगव टेक्नोलॉजीज की सेल्स और नेट प्रॉफिट में गिरावट देखने को मिली।
मौजूदा वित्त वर्ष की पहली तिमाही में कंपनी की नेट सेल्स सालाना आधार पर 11 पर्सेंट की गिरावट के साथ 196.54 करोड़ रुपये रही, जबकि एक साल पहले इसी अवधि में यह आंकड़ा 220.41 करोड़ रुपये था। इसके अलावा, कंपनी का तिमाही नेट प्रॉफिट 34.5 पर्सेंट गिरकर 21.09 करोड़ रुपये हो गया, जबकि पिछले साल की इसी अवधि में यह आंकड़ा 32.21 करोड़ रुपये था।