Purple Style Labs IPO Listing: कई दिग्गज डिजाइनर्स के कपड़े-गहने बेचने वाली पर्पल स्टाइल लैब्स के शेयरों की आज घरेलू मार्केट में डिस्काउंट एंट्री हुई। इसके आईपीओ को भी निवेशकों को मिला-जुला रिस्पांस मिला था और हर कैटेगरी का हिस्सा पूरा भर नहीं पाया था। आईपीओ के तहत ₹575 के भाव पर शेयर जारी हुए हैं। आज BSE पर इसकी ₹539.00 और NSE पर ₹535.00 पर एंट्री हुई है यानी कि आईपीओ निवेशकों को कोई लिस्टिंग गेन नहीं मिला बल्कि 6% से अधिक पूंजी ही घट गई। आईपीओ निवेशकों को और झटका तब लगा, जब शेयर और नीचे गए लेकिन फिर इसने रिकवरी की कोशिश भी की। फिलहाल BSE पर यह ₹546.00 (Purple Style Labs Share Price) पर है यानी कि आईपीओ निवेशक अब 5.04% घाटे में हैं।
Purple Style Labs IPO के पैसे कैसे होंगे खर्च
पर्पल स्टाइल लैब्स का ₹680 करोड़ का आईपीओ सब्सक्रिप्शन के लिए 31 सितंबर से 2 सितंबर तक खुला था। इस आईपीओ को निवेशकों का मिला-जुला रिस्पांस मिला था और ओवरऑल यह 1.36 गुना सब्सक्राइब हुआ था। इसमें क्वालिफाइड इंस्टीट्यूशनल बायर्स (QIB) के लिए आरक्षित हिस्सा 1.50 गुना (एक्स-एंकर), नॉन-इंस्टीट्यूशनल इनवेस्टर्स (NII) का हिस्सा 0.89 गुना और खुदरा निवेशकों का हिस्सा 1.66 गुना भरा था। इस आईपीओ के तहत ₹10 की फेस वैल्यू वाले 1,18,26,086 नए शेयर जारी हुए हैं। इन शेयरों के जरिए जुटाए गए पैसों में से ₹371.13 करोड़ अपनी पूर्ण मालिकाना हक वाली सब्सिडरी पीएसएल रिटेल में निवेश, ₹138.90 करोड़ सेल्स और मार्केटिंग, ₹103.13 करोड़ आम कॉरपोरेट उद्देश्यों और ₹66.84 करोड़ आईपीओ से जुड़े एक्सपेंसेज पर खर्च होंगे।
Purple Style Labs के बारे में
पर्पल स्टाइल लैब्स एक मल्टी-ब्रांड लग्जरी ओमनी-चैनल फैशन प्लेटफॉर्म है। यह पर्नियाज पॉप-अप शॉप (Pernia’s Pop-Up Shop) के जरिए बच्चों से लेकर पुरुषों-महिलाओं के कपड़े, ज्वैलरी और एक्सेसरीज बेचती है। इसका फोकस शादियों और किसी खास मौके से जुड़ी लग्जरी चीजों पर है। मार्च 2026 तक के आंकड़ों के मुताबिक यह 1109 एक्टिव डिजाइनर ब्रांड्स से प्रोडक्ट्स लेकर दुनिया भर में बेच रही है। 31 मार्च 2026 तक कंपनी के 14 एक्सपीरिएंस सेंटर्स थे, जिसमें भारत में 12. लंदन में 1 और न्यूयॉर्क में 1 थे। यह एक ओमनी-चैनल बिनेस मॉडल के जरिए काम करती है, जिसमें एक्सपीरियंस सेंटर, वेबसाइट, मोबाइल ऐप, टेलीफोन और डिजिटल सेल्स चैनल, इवेंट्स और एग्जिबिशन शामिल हैं।
कंपनी के वित्तीय सेहत की बात करें तो पिछले तीन वित्त वर्षों में टोटल इनकम में उठा-पटक के साथ इसका घाटा लगातार बढ़ रहा है। वित्त वर्ष 2024 में ₹47.71 करोड़ और वित्त वर्ष 2025 में 188.38 करोड़ के शुद्ध घाटे से यह वित्त वर्ष 2026 में ₹285.40 करोड़ के शुद्ध घाटे में आ गई। वहीं टोटल इनकम वित्त वर्ष 2024 में ₹510.03 करोड़ और वित्त वर्ष 2025 में ₹494.00 करोड़ से वित्त वर्ष 2026 में ₹567.07 करोड़ पर पहुंच गई। मार्च 2026 तिमाही के आखिरी में कंपनी पर ₹371.40 करोड़ का टोटल कर्ज था।
डिस्क्लेमर: यहां मुहैया जानकारी सिर्फ सूचना के लिए दी जा रही है। यहां बताना जरूरी है कि मार्केट में निवेश बाजार जोखिमों के अधीन है। निवेशक के तौर पर पैसा लगाने से पहले हमेशा एक्सपर्ट से सलाह लें। मनीकंट्रोल की तरफ से किसी को भी पैसा लगाने की यहां कभी भी सलाह नहीं दी जाती है।