रेडिको खेतान के शेयरों में 25 सितंबर को तेजी दिखी। इसकी वजह ब्रोकरेज फर्म जेएम फाइनेंशियल की रिपोर्ट है। ब्रोकरेज फर्म ने रेडिको खेतान के शेयरों पर अपनी 'बाय' रेटिंग बनाए रखी है। इससे शुक्रवार को शेयरों में तेजी दिखी। यह शेयर 1.20 फीसदी चढ़कर 4,535 रुपये पर बंद हुआ।
कंपनी की ग्रोथ प्रतिद्वंद्वी कंपनियों से ज्यादा रह सकती है
जेएम फाइनेंशियल ने अपनी रिपोर्ट में रेडिको खेतान के शेयरों में 16 फीसदी तक तेजी की उम्मीद जताई है। उसने कहा है कि कंपनी के लिए FY27 की शुरुआत अच्छी रही है। प्रीमियम और इससे ऊपर के सेगमेंट में कंपनी की ग्रोथ प्रतिद्वंद्वी कंपनियों से ज्यादा रह सकती है। ब्रोकरेज फर्म ने FY26 से FY29 के बीच कंपनी के वोदका बिजनेस की वॉल्यूम ग्रोथ 20 फीसदी से ज्यादा CAGR रहने की उम्मीद जताई है।
इन प्रोडक्ट्स की अच्छी बिक्री से ग्रोथ को सपोर्ट मिलेगा
इस रिपोर्ट में कहा गया है कि व्हाइट स्पिरिट्स का इस्तेमाल बढ़ रहा है। साथ ही इनोवेशन और फ्लेवर-आधारित लॉन्चेज से ग्रोथ को सपोर्ट मिलेगा। उत्तर प्रदेश और राजस्थान जैसे महत्वपूर्ण बाजारों में अच्छी ग्रोथ की उम्मीद है, जिससे कुल ग्रोथ को मजबूती मिलेगी। 8पीएम प्रीमियम ब्लैक की सेल्स में रिकवरी है। आफ्टर डार्क की सेल्स अच्छी बनी हुई है। कंपनी के लग्जरी पोर्टफोलियो की डिमांड भी बढ़ी है।
कॉस्ट में इजाफा का कंपनी पर नहीं पड़ेगा ज्यादा असर
जेएम फाइनेंशियल को उम्मीद है कि नए पैकेजिंग में लॉन्च होने के बाद 8PM Premium Black की ग्रोथ 20-25 फीसदी रह सकती है। After Dark को तेलंगाना में एंट्री का फायदा मिलेगा। ब्रोकरेज फर्म का कहना है कि एक्स्ट्रा न्यूट्रल अल्कोहल (ENA) और पैकेजिंग पर आने वाला खर्च बढ़ा है। लेकिन, कंपनी बेहतर प्रोडक्ट मिक्स से बढ़े खर्च को संभाल सकती है।
जेएम फाइनेंशियल ने शेयर का टारगेट प्राइस बढ़ाया
जेएम फाइनेंशियल ने इन वजहों से रेडिको खेतान के शेयरों के टारगेट प्राइस को 4,955 रुपये से बढ़ाकर 5,190 रुपये कर दिया है। ब्रोकरेज फर्म का मानना है कि कंपनी के लग्जरी पोर्टफोलियो वॉल्यूम ग्रोथ 25 फीसदी से ज्यादा रह सकती है। इसमें इनोवेशन और डिस्ट्रिब्यूशन नेटवर्क के विस्तार का हाथ होगा। कंपनी को रॉयल रणथम्बोर, रामपुर सिंगल माल्ट और जैसलमेर जिन का सपोर्ट मिलेगा।
कमजोर बाजार में भी शेयरों का प्रदर्शन शानदार
रेडिको खेतान का शेयर उन शेयरों में शामिल है, जिनका कमजोर बाजार में भी शानदार प्रदर्शन रहा है। यह शेयर बीते छह महीनों में 65 फीसदी चढ़ा है। इस दौरान निफ्टी में 0.71 फीसदी गिरावट आई है। सेंसेक्स इस दौरान 1.83 फीसदी कमजोर हुआ है। इससे रेडिको खेतान के शेयरों के स्ट्रेंथ के बारे में पता चलता है।
डिसक्लेमर: मनीकंट्रोल पर एक्सपर्ट्स की तरफ से व्यक्त विचार उनके अपने विचार होते हैं। ये वेबसाइट या इसके मैनेजमेंट के विचार नहीं होते। मनीकंट्रोल की यूजर्स को सलाह है कि उन्हें निवेश का फैसला लेने से पहले सर्टिफायड एक्सपर्ट्स की राय लेनी चाहिए।