Rajputana Stainless IPO Listing: ₹122 का शेयर ₹123.95 पर लिस्ट, नई एंट्री से पहले चेक करें कारोबारी सेहत

Rajputana Stainless IPO Listing: राजपूताना स्टेनलेस लॉन्ग और फ्लैट स्टेनलेस स्टील प्रोडक्ट्स बनाती है। अब इसके शेयर लिस्ट हुए हैं। इसके आईपीओ को निवेशकों का मिला-जुला रिस्पांस मिला था। आईपीओ के तहत नए शेयर जारी हुए हैं और ऑफर फॉर सेल के तहत भी शेयरों की बिक्री हुई है। नई एंट्री से पहले चेक करें कंपनी की कारोबारी सेहत कैसी है और आईपीओ के जरिए जुटाए गए पैसों का इस्तेमाल कंपनी कैसे करेगी

अपडेटेड Mar 19, 2026 पर 4:14 PM
Story continues below Advertisement
Rajputana Stainless IPO Listing: राजपूताना स्टेनलेस का ₹255 करोड़ का आईपीओ सब्सक्रिप्शन के लिए 9-11 मार्च तक खुला था। आज इसके शेयरों की लिस्टिंग हुई है।

Rajputana Stainless IPO Listing: राजपूताना स्टेनलेस के शेयरों की आज घरेलू मार्केट में प्रीमियम एंट्री हुई। इसके आईपीओ को निवेशकों का मिला-जुला रिस्पांस मिला था और ओवरऑल 1.12 गुना बोली मिली थी। आईपीओ के तहत ₹122 के भाव पर शेयर जारी हुए हैं। आज BSE पर इसकी ₹123.95 और NSE पर ₹122.00 पर एंट्री हुई है यानी कि आईपीओ निवेशकों को महज डेढ़ फीसदी के करीब तक का लिस्टिंग गेन (Rajputana Stainless Listing Gain) मिला। आईपीओ निवेशकों को और झटका तब लगा, जब शेयर टूट गए। टूटकर BSE पर यह ₹111.25 (Rajputana Stainless Share Price)  पर आ गया। निचले स्तर पर हल्की रिकवरी के साथ यह ₹112.90 पर बंद हुआ यानी कि पहले कारोबारी दिन की समाप्ति पर आईपीओ निवेशक 7.46% घाटे में हैं।

Rajputana Stainless IPO के पैसे कैसे होंगे खर्च

राजपूताना स्टेनलेस का ₹255 करोड़ का आईपीओ सब्सक्रिप्शन के लिए 9-11 मार्च तक खुला था। इस आईपीओ को निवेशकों का मिला-जुला रिस्पांस मिला था और ओवरऑल यह 1.12 गुना सब्सक्राइब हुआ था। इसमें क्वालिफाइड इंस्टीट्यूशनल बायर्स (QIB) के लिए आरक्षित हिस्सा 2.51 गुना (एक्स-एंकर), नॉन-इंस्टीट्यूशनल इनवेस्टर्स (NII) का हिस्सा 2.59 गुना और खुदरा निवेशकों का हिस्सा महज 0.27 गुना भरा था।


इस आईपीओ के तहत ₹179 करोड़ के नए शेयर जारी हुए हैं। इसके अलावा ₹10 की फेस वैल्यू वाले 62.50 लाख शेयर ऑफर फॉर सेल विंडो के तहत बिके हैं। ऑफर फॉर सेल का पैसा तो शेयर बेचने वाले शेयरहोल्डर्स को मिला है। वहीं नए शेयरों के जरिए जुटाए गए पैसों में से ₹98.00 करोड़ कर्ज हल्का करने, ₹18.57 करोड़ प्रोडक्ट पोर्टफोलियो बढ़ाने के लिए स्टेनलेस स्टील सीमलेस पाइप्स की मैन्युफैक्चरिंग फैसिलिटी के सेटअप और बाकी पैसे आम कॉरपोरेट उद्देश्यों पर खर्च होंगे।

Rajputana Stainless के बारे में

वर्ष 1991 में बनी राजपूताना स्टेनलेस लॉन्ग और फ्लैट स्टेनलेस स्टील प्रोडक्ट्स बनाती है। यह बिलेट्स, फॉर्जिंग इनगॉट्स, रोल्ड ब्लैक और ब्राइंड बार्स, फ्लैट और पट्टी और अन्य एंसिलरी प्रोडक्ट्स की रेंज ऑफर करती है। घरेलू मार्केट के अलावा इसके प्रोडक्ट्स का यूएई, अमेरिका, टर्की, कुवैत और पोलैंड को निर्यात भी होता है।

कंपनी के वित्तीय सेहत की बात करें तो वित्त वर्ष 2023 में इसे ₹24.04 करोड़ का शुद्ध मुनाफा हुआ था जो अगले वित्त वर्ष 2024 में उछलकर ₹31.63 करोड़ और फिर वित्त वर्ष 2025 में ₹39.85 करोड़ पर पहुंच गया। हालांकि इस दौरान कंपनी की टोटल इनकम में उठा-पटक दिखी। वित्त वर्ष 2023 में ₹950.69 करोड़, वित्त वर्ष 2024 में ₹915.50 करोड़ और वित्त वर्ष 2025 में इसे ₹937.49 करोड़ की टोटल इनकम हासिल हुई थी।  चालू वित्त वर्ष 2026 की बात करें तो पहली छमाही अप्रैल-सितंबर 2025 में कंपनी को ₹24.41 करोड़ का शुद्ध मुनाफा और ₹502.77 करोड़ का टोटल इनकम हासिल हो चुका है। सितंबर 2025 तिमाही के आखिरी में कंपनी पर ₹85.91 करोड़ का टोटल कर्ज था जबकि रिजर्व और सरप्लस में ₹108.16 करोड़ पड़े थे।

CMPDI IPO: Coal India की कंपनी होगी लिस्ट, आईपीओ में निवेश से पहले समझ लें ये 10 अहम बातें

डिस्क्लेमर: यहां मुहैया जानकारी सिर्फ सूचना के लिए दी जा रही है। यहां बताना जरूरी है कि मार्केट में निवेश बाजार जोखिमों के अधीन है। निवेशक के तौर पर पैसा लगाने से पहले हमेशा एक्सपर्ट से सलाह लें। मनीकंट्रोल की तरफ से किसी को भी पैसा लगाने की यहां कभी भी सलाह नहीं दी जाती है।

हिंदी में शेयर बाजार स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।