पिछले दो कारोबारी सत्रों में शेयर बाजार में उतार-चढ़ाव देखने को मिली और बाजार लगऊग फ्लैट बंद हुए। आज सेंसेक्स जहां 0.75% यानी 379.99 अंकों का तेजी के साथ बंद हुआ, वहीं मंगलवार को यह 15 अंकों की मामूली गिरावट के साथ बंद हुआ था। लेकिन इस उठापटक के बीच 2 दिनों में राकेश झुनझुनवाला (Rakesh Jhunjhunwala) की पसंदीदा कंपनियों में शामिल टाइटन (Titan) के शेयर करीब 5% चढ़े हैं।

Titan के शेयर मंगलवार को 3% से अधिक तेजी के साथ 1571.15 रुपये पर बंद हुए, जबकि सोमवार को कंपनी के शेयर 1520 रुपये पर बंद हुए थे। वहीं आज कंपनी के शेयर करीब 3% तक उछलकर इंट्राडे में 1614 रुपये के भाव तक पहुंचकर अपने 52-Weeks High के करीब पहुंच गए। लेकिन बाद में प्रॉफिट बुकिंग के कारण इसके शेयर की कीमतों में थोड़ी नरमी आई और टाइटन के शेयर 0.98% की तेजी के साथ 1584.50 रुपये पर बंद हुए।

यानी पिछले दो दिनों में Titan ने अपने निवेशकों को प्रति शेयर 64 रुपये का मुनाफा कराया है। यह स्टॉक पिछले 2 दिन में 6 फीसदी चढ़ चुका है जबकि इस दौरान शेयर बाजार सीमित दायरे में ट्रेड कर रहा है। आपको बता दें कि तनिष्क ब्रांड (Tanishq) के नाम से ज्वैलरी बनाने वाली इस कंपनी का शेयर इसी साल 6 जनवरी को 1620.95 रुपये के रिकॉर्ड हाई पर पहुंचा था।

Titan कंपनी में स्टॉक मार्केट के बिग बुल राकेश झुनझुनवाला और उनकी पत्नी रेखा झुनझुनवाला की 5.1% हिस्सेदारी है। झुनझुनवाला ने मार्च तिमाही में कंपनी में अपनी हिस्सेदारी घटाई है। दिसंबर तिमाही में उनके पास कंपनी के 5.3% शेयर थे। राकेश झुनझुनवाला कंपनी के सबसे बड़े नॉन इंस्टीट्यूशनल माइनोरिटी शेयरहोल्डर हैं। मार्च तिमाही में कंपनी की बिक्री में सालाना आधार पर 61 फीसदी की तेजी आई है।

सोशल मीडिया अपडेट्स के लिए हमें Facebook (https://www.facebook.com/moneycontrolhindi/) और Twitter (https://twitter.com/MoneycontrolH) पर फॉलो करें।