110% का तगड़ा रिटर्न मिलने के बाद राकेश झुनझुनवाला ने इस रियल्टी कंपनी के बेचे शेयर, आशीष कचोलिया ने किया होल्ड

Tarc Ltd की 31 दिसंबर तक की शेयरहोल्डिंग पैटर्न के मुताबिक, राकेश झुनझुनवाला ने इस कंपनी में अपनी हिस्सेदारी बेच दी है

अपडेटेड Jan 07, 2022 पर 3:48 PM
Story continues below Advertisement
शुक्रवार को इंट्राडे के दौरान Tarc Ltd के शेयर 4.18% की तेजी के साथ 51.05 रुपये पर कारोबार कर रहे थे

दिग्गज निवेशक राकेश झुनझुनवाला (Rakesh Jhunjhunwala) ने रियल एस्टेट कंपनी टार्क लिमिटेड (Tarc Ltd) में अपनी हिस्सेदारी बेच दी है। Tarc Ltd ने हाल ही में कंपनी की 31 दिसंबर 2021 तक की शेयरहोल्डिंग पैटर्न जारी किया, जिससे यह जानकारी मिली। Tarc Ltd रियल एस्टेट सेक्टर की एक स्मॉलकैप कंपनी है।

इससे पहले 30 सितबर 2021 तक की जारी शेयरहोल्डिंग पैटर्न के मुताबिक, राकेश झुनझुनवाला के पास इस कंपनी के 46,95,000 शेयर या 1.59 पर्सेंट हिस्सेदारी थी। हालांकि दिसंबर तिमाही की जारी शेयरहोल्डिंग पैटर्न में उनका नाम नहीं है।

बता दें कि राकेश झुनझुनवाला पिछली कई तिमाहियों से इस कंपनी में अपना निवेश घटा रहे थे। जून 2021 तिमाही के शेयरहोल्डिंग पैटर्न के मुताबिक, झुनझुनवाला के पास इस कंपनी की 3.4 पर्सेंट हिस्सेदारी थी, जिसे उन्होंने सितंबर 2021 तिमाही में घटाकर 1.6 पर्सेंट कर दिया था।


आशीष कोचालिया ने इस मल्टीबैगर स्टॉक में बढ़ाई हिस्सेदारी, 1 साल में दिया 2600% का रिटर्न, क्या है आपके पास?

Tarc Ltd की दिसंबर तिमाही तक के शेयरहोल्डिंग पैटर्न में शेयर बाजार के एक और दिग्गज निवेशक और ट्रेडर आशीष कचोलिया (Ashish Kacholia) का नाम शामिल दिखा। आशीष कचोलिया के पास टार्क लिमिटेड के 44,25,000 शेयर या करीब 1.50 फीसदी हिस्सेदारी है। सितंबर तिमाही के शेयरहोल्डिंग पैटर्न में आशीष कचोलिया के पास टार्क लिमिटेड की 1.50 पर्सेंट हिस्सेदारी थी। इसका मतलब है कि कचोलिया ने दिसंबर तिमाही के दौरान इस कंपनी में अपना निवेश घटाया या बढ़ाया नहीं है।

बता दें कि Tarc Ltd देश के सबसे बड़े रियल एस्टेट डेवलपर्स में से एक है, जो मुख्य रूप से दिल्ली-एनसीआर के बाजारों पर फोकस है। इसका मार्केट कैपिटलाइजेशन सिर्फ 1,500 करोड़ रुपये से कुछ ही अधिक है।

शुक्रवार को इंट्राडे के दौरान Tarc Ltd के शेयर 4.18 फीसदी की तेजी के साथ 51.05 रुपये प्रति शेयर पर कारोबार कर रहे थे। पिछले एक साल में इसने अपने निवेशकों को 110.08 तगड़ा रिटर्न दिया है। बाजार में जारी मौजूदा अस्थिरता के बावजूद पिछले एक महीने में यह स्टॉक 14.41 पर्सेंट चढ़ा है, जबकि पिछले छह महीनों में इसने अपने निवेशकों को करीब 33 फीसदी का रिटर्न दिया है।

बता दें कि राकेश झुनझुनवाला को अक्सर शेयर मार्केट का 'बिग बुल' कहा जाता है। Hurun's की रिच लिस्ट के मुताबिक, सितंबर तिमाही तक राकेश झुनझुनवाला और उनके परिवार की कुल संपत्ति 22,300 करोड़ रुपये थी। पिछले एक साल में उनकी संपत्ति में 52% की बढ़ोतरी हुई है।

हिंदी में शेयर बाजार स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।