बिग बुल राकेश झुनझुनवाला की निवेश वाली फार्मा कंपनी लुपिन फार्मा (Lupin Pharma) के शेयर आज स्टॉक मार्केट में गिरावट के बावजूद अपने 52-Weeks High पर पहुंच गए। कंपनी के शेयर BSE पर आज 4% से अधिक उछलकर इंट्राडे में 1267.50 के रिकॉर्ड हाई पर पहुंत गए, जो पिछले 4 साल में कंपनी के शेयर का सबसे उच्चतम स्तर है।

5 मई 2017 के बाद पहली बार कंपनी के शेयर 1267.50 रुपये के स्तर तक पहुंचे हैं। शेयर बाजार में निवेशकों ने कंपनी के फ्यूचर ग्रोथ की उम्मीदों के कारण आज बड़ी मात्रा में कंपनी के शेयर्स की खरीदारी की। स्टॉक मार्केट में आज लुपिन के 6,946,519 शेयर्स की खरीद-बिक्री हुई। आज कंपनी के शेयर BSE पर 2.68% की तेजी के साथ 1241.05 रुपये पर बंद हुए।

आपको बता दें कि 31 मार्च को खत्म तिमाही तक लुपिन फार्मा में दिग्गज निवेशक राकेश झुनझुनवाला की हिस्सेदारी 1.26% थी। यानी उनके पास कंपनी के 72.5 लाख इक्विटी शेयर थे। लुपिन फार्मा ने पिछले 6 महीने में अपने बेंचमार्क को भारी अंतर से आउट-परफॉर्म किया है।

पिछले 6 महीने में लुपिन फार्मा के शेयर में 38% की तेजी आई है, जबकि इस दौरान सेंसेक्स और निफ्टी में करीब 16% की तेजी देखने को मिली है। पिछले एक महीने में लुपिन फार्मा के शेयर में 17% से अधिक की उछाल आई है, जबति सेंसेक्स इस दौरान केवल 6% चढ़ा है।

लुपिन फार्मा ने आज घोषणा की कि अमेरिका में US FDA ने उसके बायोसिमिलर pegfilgrastim के बायोलॉजिक्स लाइसेंस एप्लीकेशन को स्वीकार कर लिया है। आपको बता दें कि कंपनी के बायोसिमिलर pegfilgrastim की अमेरिका में सालाना बिक्री 3.66 बिलियन डॉलर से अधिक है। कंपनी के MD नीलेश गुप्ता ने कहा कि यह कंपनी के लिए बड़ी उपलब्धि है, क्योंकि अमेरिका में कंपनी की यह पहली बायोसिमिलर फाइलिंग है। 
 
सोशल मीडिया अपडेट्स के लिए हमें Facebook (
https://www.facebook.com/moneycontrolhindi/) और Twitter (https://twitter.com/MoneycontrolH) पर फॉलो करें।