Rakesh Jhunjhunwala के इन दो शेयरों पर मिल सकता है अच्छा रिटर्न, मार्च तिमाही के नतीजों के बाद बुलिश हैं एक्सपर्ट्स

राकेश झुनझुनवाला (Rakesh Jhunjhunwala) के निवेश वाले टाटा ग्रुप के दो शेयरों (Tata Stocks) पर एक्सपर्ट मार्च तिमाही के नतीजों के बाद बुलिश दिख रहे हैं

अपडेटेड Apr 30, 2022 पर 9:31 PM
राकेश झुनझुनवाला ने इंडियन होटल्स और टाटा कम्युनिकेशंस में निवेश किया हुआ है

राकेश झुनझुनवाला (Rakesh Jhunjhunwala) के निवेश वाले टाटा ग्रुप के दो शेयरों (Tata Stocks) पर एक्सपर्ट बुलिश दिख रहे हैं। ये दो शेयर हैं- इंडियन होटल्स कंपनी (Indian Hotels Company) और टाटा कम्युनिकेशंस (Tata Communications) शामिल। इन दो शेयरों ने पहले ही महामारी के असर को पीछे छोड़ दिया है और स्टॉक एक्सचेंजों पर अपने समकक्ष कंपनियों से बेहतर रिटर्न दिया है। पिछले दो सालों में इन दोनों ही शेयरों ने मल्टीबैगर रिटर्न दिया है और एक्सपर्ट्स को आगे भी इसे लेकर आशावादी नजर आ रहे हैं। खासतौर से इनके हाल ही में आए चौथे तिमाही के नतीजों के बाद।

आइए जानते हैं कि इंडियन होटल्स और टाटा कम्युनिकेशंस को लेकर एक्सपर्ट्स का क्या कहना है-

इंडियन होटल्स

कंपनी ने मार्च तिमाही में 97.72 करोड़ रुपये का मुनाफा दर्ज किया है, जबकि पिछले वित्त वर्ष की इसी तिमाही में कंपनी को 71.57 करोड़ रुपये का नुकसान हुआ था। कंपनी की आमदनी मार्च तिमाही में बढ़कर 872.08 करोड़ रुपये रहा, जो एक साल पहले की इसी तिमाही में 615.02 करोड़ रुपये था।


ब्रोकरेज फर्म ICICI Securities ने इंडियन होटल्स पर बाय रेटिंग बरकरार रखी है और इसका टारगेट प्राइस 285 रुपये से बढ़ाकर 292 रुपये कर दिया है। ब्रोकरेज ने कहा इंडियन होटल्स का लंबी अवधि में आउटलुक बुलिश है और होटल इंडस्ट्री में रिकवरी का इस शेयर को फायला मिलेगा। ब्रोकरेज ने कहा कि अगर कोविड की कोई नई लहर आने वाले दिनों में आती है तो यह होटल के लिए एक जोखिम हो सकता है।2

यह भी पढ़ें- Jeff Bezos को एक दिन में हुआ 20 अरब डॉलर का नुकसान, नहीं रहे अब दुनिया के दूसरे सबसे अमीर इंसान

इंडियन होटल्स के शेयर शुक्रवार को बीएसई पर 3.9 फीसदी की बढ़त के साथ 256.25 रुपये के भाव पर बंद हुए है। पिछले एक साल में इस शेयर ने अपने निवेशकों को 137 फीसदी से अधिक का मल्टीबैगर रिटर्न दिया है। जबकि इस साल की शुरुआत से इसके शेयरों का दाम करीब 40 फीसदी बढ़ा है।

राकेश झुनझुनवाला की इंडियन होटल्स में हिस्सेदारी

31 मार्च तक के आंकड़ों के मुताबिक, राकेश झुनझुनावाला के पास कंपनी के कुल 30,016,965 शेयर या 2.1 फीसदी हिस्सेदारी थी। झुनझुनवाला ने जून 200 में इस शेयर को अपने पोर्टफोलियो में शामिल किया था।

टाटा कम्युनिकेशंस

टाटा कम्युनिकेशंस ने पिछले आठ तिमाही से लगातार अच्छा मुनाफा दर्ज किया है। वित्त वर्ष 2022 में कंपनी का मुनाफा सालाना आधार पर 18.5 फीसदी बढ़कर 1,482 करोड़ रुपये रहा। जबकि इसकी आमदनी करीब चार गुना बढ़कर 16,725 करोड़ रुपये रही।

ब्रोकरेज फर्म ICICI सिक्योरिटीज ने टाटा कम्युनिकेशन के शेयर को 1,600 रुपये के टारगेय प्राइस के साथ खरीदने की सलाह दी है। ब्रोकरेड ने कहा कि डेटा बिजनेस से कंपनी को होने वाली आमदनी सालाना आधार पर 5 फीसदी और तिमाही के आधार पर 0.7 फीसदी बढ़ी है। यह तीसरी तिमाही के ऑर्डरबुक से कमजोर है, लेकिन इसमें सुधार की गुंजाइश है। साथ ही कंपनी का मैनेजमेंट भरोसेमंद है और उसने रेवेन्यू ग्रोथ में बढ़ोतरी की बात कही है।

टाटा कम्युनिकेशन के शेयर शुक्रवार को बीएसई पर 0.93 फीसदी की बढ़त के साथ 1095.35 रुपये के भाव पर बंद हुए। पिछले दो सालों में इसने अपने निवेशकों को 365 फीसदी का भारी रिटर्न दिया है। शेयर का पिछले 52 हफ्तों का उच्चतम स्तर 1,590 रुपये है।

राकेश झुनझुनवाला की टाटा कम्युनिकेशन में हिस्सेदारी

मार्च तिमाही तक के शेयरहोल्डिंग पैटर्न के मुताबिक, राकेश झुनझुनवाला के पास टाटा कम्युनिकेशन की 1.1 फीसदी हिस्सेदारी या करीब 3,075,687 शेयर हैं। झुनझुनवाला ने दिसंबर 2020 में इस कंपनी को अपने पोर्टफोलियो में शामिल किया था।

डिस्क्लेमर: मनीकंट्रोल.कॉम पर दिए गए विचार एक्सपर्ट के अपने निजी विचार होते हैं। वेबसाइट या मैनेजमेंट इसके लिए उत्तरदायी नहीं है। यूजर्स को मनीकंट्रोल की सलाह है कि कोई भी निवेश निर्णय लेने से पहले हमेशा सर्टिफाइड एक्सपर्ट की सलाह लें।

हिंदी में शेयर बाजार स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।