शेयर बाजार के दिग्गज निवेशक राकेश झुनझुनवाला (Rakesh Jhunjhunwala) के निवेश वाले इंडियन होटल्स कंपनी (Indian Hotels Company) के शेयर गुरुवार को 5 फीसदी की उछाल के साथ 249.60 रुपये के भाव पर बंद हुए। कंपनी के शेयरों में उछाल उसकी तरफ से मार्च तिमाही के नतीजों के ऐलान के बाद आई है। इंडियन होटल्स, टाटा ग्रुप की हॉस्पिटैलिटी कंपनी है। मार्च तिमाही में इसका कंसॉलिडेटेड नेट प्रॉफिट 71.57 करोड़ रुपये रहा, जो पिछले साल की इसी तिमाही में 97.72 करोड़ रुपये था।
इंडिया होटल्स का वित्त वर्ष 2022 की मार्च तिमाही में आमदनी 872 करोड़ रुपये रही, जो पिछले साल की इसी तिमाही में 615 करोड़ रुपये था। 31 मार्च तक के आंकड़ों के मुताबिक, राकेश झुनझुनवाला के पास इस कंपनी के 1.57 करोड़ शेयर (1.11% हिस्सेदारी) और उनकी पत्नी रेखा झुनझुनवाला के पास 1.42 करोड़ शेयर (1.01% हिस्सेदारी) हैं।
इंडियन होटल्स के शेयरों में इस साल अभी तक 34 फीसदी की उछाल आ चुकी है, जबकि पिछले एक साल में इसके शेयरों की कीमत 124 फीसदी बढ़ी है। ब्रोकरेज फर्मों को इस स्टॉक पर अभी भी बुलिश हैं और उन्हें इसका भाव अभी 19 फीसदी और चढ़ने की उम्मीद है।
स्वास्तिका इनवेस्टमार्ट के रिसर्च हेड संतोष मीणा ने बताया, "इंडियन होटल्स के मार्च तिमाही के नतीजे बाजार की उम्मीदों से थोड़ा कम रहे। कोरोना महामारी की रफ्तार मंद होने के साथ जिन सेक्टर में सबसे अधिक उछाल आई है, उनमें होटल सेक्टर भी शामिल हैं। लोग घूमने और छुट्टियां बिताने निकल रहे हैं और साथ में बिजनेस ट्रैवल भी बढ़ा है। इसके चलते होटल सेक्टर में डिमांड बढ़ी है। हालांकि महंगाई में बढ़ोतरी और स्थायी लागत जैसी कुछ चुनौतियां भी है, जो इस सेक्टर के मार्जिन को कम कर सकते हैं।"
उन्होंने कहा, "होटल इंडस्ट्री में इंडियन होटल लीडर है और शेयर बाजार इसे लेकर काफी आशावादी है। होटल इंडस्ट्री के लिए लंबी अवधि का आउटलुक सकारात्मक है और निकट अवधि की चुनौतियों के बावजूद इंडियन होटल्स हमारे लिए पसंदीदा दांव बना रहेगा।"
ब्रोकरेज हाउस की क्या है इस स्टॉक पर राय
मोतीलाल ओसवाल के एनालिस्ट्स ने इंडियन होटल्स को 'BUY' रेटिंग दी है और इसे 278 रुपये के टारगेट प्राइस के साथ खरीदने की सलाह दी है। यह कंपनी के मौजूदा भाव से करीब 10 फीसदी अधिक है।
IDBI Capital ने भी इंडियन होटल्स के शेयरों को 278 रुपये के टारगेट प्राइस के साथ खरीदने की सलाह दी है। ब्रोकरेज ने कहा कि इंडियन होटल्स की घरेलू बाजार में दबदबे वाली स्थिति है और इसका ऑक्यूपेंसी रेट भी अच्छा है। कंपनी नए बिजनेसों पर भी फोकस कर रही है, जो इसके आमदनी के जरिए को बढ़ाएगा।
वहीं ICICI Securities ने इंडियन होटल्स के शेयरों के लिए 'BUY' रेटिंग दी है और इसका टारगेट प्राइस 285 रुपये से बढ़ाकर 292 रुपये कर दिया है। यह इसके मौजूदा भाव से करीब 19 फीसदी अधिक है। ब्रोकरेज का कहना है कि वित्त वर्ष 2023 की पहली छमाही (H1FY23) में होटल इंडस्ट्री में रिकवरी आने की उम्मीद है। इसका फायदा इंडियन होटल्स को होगा।
डिस्क्लेमर: मनीकंट्रोल.कॉम पर दिए गए विचार एक्सपर्ट के अपने निजी विचार होते हैं। वेबसाइट या मैनेजमेंट इसके लिए उत्तरदायी नहीं है। यूजर्स को मनीकंट्रोल की सलाह है कि कोई भी निवेश निर्णय लेने से पहले हमेशा सर्टिफाइड एक्सपर्ट की सलाह लें।