Rakesh Jhunjhunwala Portfolio: शेयर बाजार के दिग्गज निवेशक राकेश झुनझुनवाला के पोर्टफोलियो में शामिल NCC लिमिटेड के शेयर (NCC Shares) इस साल अभी तक करीब 13 फीसदी गिर चुके हैं। इसके बावजूद कई ब्रोकरेज हाउस इस स्टॉक पर बुलिश बने हुए हैं। उन्होंने इसमें 75 फीसदी तक उछाल आने का अनुमान जताया है।
एक ब्रोकरेज हाउस का कहना है कि मार्च तिमाही में NCC लिमिटेड का मुनाफा करीब दोगुना बढ़ा है। इसके अलावा इसने चौथी तिमाही में 4,300 करोड़ रुपये के ऑर्डर हासिल किए हैं। इस वित्त वर्ष में उसने 15,000 करोड़ रुपये ऑर्डर हासिल करने का लक्ष्य रखा है। इस वजह से NCC लिमिटेड का स्टॉक आकर्षक दिख रहा है। NCC लिमिटेड के शेयर शुक्रवार को एनएसई पर फ्लैट 62.35 रुपये के भाव पर बंद हुए।
NCC लिमिटेड के शेयरों को खरीदें, बेचें या होल्ड करें? आइए जानते हैं ब्रोकरेज की इस पर क्या राय है
फिलिप कैपिटल (Philip Capital)
फिलिप कैपिटल ने NCC लिमिटेड के शेयरों को 107 रुपये के टारगेट प्राइस के साथ खरीदने की सलाह दी है, जो इसके मौजूदा बाजार भाव से करीब 68 फीसदी अधिक है। ब्रोकरेज हाउस ने कहा कि चौथी तिमाही में NCC लिमिटेड का रेवेन्यू 20 फीसदी बढ़ा है, लेकिन साथ ही इसका मार्जिन तिमाही आधार पर 2.30 फीसदी घटकर 8.5% पर आ गया है। कंपनी के मैनेजमेंट ने अगली तिमाही तक वापस मार्जिन के 10 फीसदी से अधिक होने का भरोसा जताया है। कंपनी का ऑर्डर बुक मजबूत है। सबसे अधिक सकरात्मक पहलू है यह है कि इसके कर्ज में 600 करोड़ रुपये की कमी आई है। ब्रोकरने ने कहा, "कंपनी के मार्जिन में आई अस्थायी कमजोरी की इसके कर्ज में कटौती से भरपाई हो जाती है। इसलिए हमने इस स्टॉक पर 'बाय' रेटिंग बरकरार रखते हुए इसके लिए 105 रुपये का टारगेट प्राइस दिया है।"
एचडीएफसी सिक्योरिटीज (HDFC Securities)
HDFC सिक्योरिटीज ने NCC लिमिटेड को 'बाय' रेटिंग दी है और 1 साल की समयसीमा के साथ स्टॉक के लिए 108 रुपये का टारगेट प्राइस तय किया है। यह इसके मौजूदा बाजार भाव से करीब 73 फीसदी अधिक है। ब्रोकरेज ने कहा, "कंपनी को मुंबई में सीवेज ट्रीटमेंट प्लांट का एक बड़ा ऑर्डर मिला है। इसके चलते मौजूदा वित्त वर्ष की पहली तिमाही में भी इसका ऑर्डर बुक मजबूत बना रहेगा। वित्त वर्ष 2023 में कंपनी की आमदनी 10 से 15 फीसदी बढ़ने का अनुनाम है और इसका EBITDA मार्जिन करीब 10 फीसदी के आसपास रह सकता है।"
आईसीआईसीआई डायरेक्ट (ICICI Direct)
ICICI डायरेक्ट ने NCC लिमिटेड के शेयरों की रेटिंग 'होल्ड' से बढ़ाकर 'बाय' कर दी है और इसके लिए 70 रुपये का टारगेट प्राइस दिया है। यह इसके मौजूदा बाजार भाव से करीब 12 फीसदी अधिक है। ब्रोकरेज ने कहा, "कर्ज में भारी कमी एक सकारात्मक पहलू है। हालांकि वित्त वर्ष 2023 के दौरान कंपनी का मार्जिन अस्थिर रह सकता है।" ब्रोकरेज को उम्मीद है कि NCC के रेवेन्यू में वित्त वर्ष 2022 से 2024 के दौरान 10 फीसदी से अधिक की बढ़ोतरी देखने को मिल सकती है।
आनंद राठी का मानना है कि NCC लिमिटेड के शेयर अब कंसॉलिडेशन से बाहर निकलने के लिए तैयार हैं और यह आने वाले समय में 95 रुपये तक जा सकता है। यह कंपनी के मौजूदा बाजार भाव से करीब 52 फीसदी अधिक है। ब्रोकरेज ने कहा, "कंपनी के कर्ज में कमी और मजबूत ऑर्डर बुक, चौथी तिमाही के नतीजे के सबसे आकर्षक बिंदू है। कंपनी की आमदनी में अच्छी बढ़ोतरी है और हमें उम्मीद है कि कंपनी इस वित्त वर्ष में भी अपना शानदार प्रदर्शन जारी रखेगी। "
राकेश झुनझुनवाला की हिस्सेदारी
मार्च 2022 तक के शेयरहोल्डिंग पैटर्न के मुताबिक, राकेश झुनझुनवाला के पास NCC लिमिटेड के 6,67,33,266 शेयर या करीब 10.94 फीसदी हिस्सेदारी है। वहीं उनकी पत्नी रेखा झुनझुनवाला के पास कंपनी के 11,600,000 शेयर या करीब 1.9 फीसदी हिस्सेदारी है। बता दें कि राकेश झुनझुनवाला अपनी और अपना पत्नी दोनों के नाम से निवेश करते हैं। इस तरह राकेश झुनझुनवाला के पास NCC लिमिटेड की कुल 12.84 फीसदी हिस्सेदारी है, जिसकी मार्केट वैल्यू करीब 488.41 करोड़ रुपये है।
डिस्क्लेमर: मनीकंट्रोल.कॉम पर दिए गए विचार एक्सपर्ट के अपने निजी विचार होते हैं। वेबसाइट या मैनेजमेंट इसके लिए उत्तरदायी नहीं है। यूजर्स को मनीकंट्रोल की सलाह है कि कोई भी निवेश निर्णय लेने से पहले हमेशा सर्टिफाइड एक्सपर्ट की सलाह लें।