Ramco Cements shares: रामको सीमेंट्स लिमिटेड के शेयरों में मंगलवार 10 फरवरी को तेज गिरावट देखने को मिली। कंपनी के शेयर शुरुआती कारोबार में 5 प्रतिशत तक टूटकर 1,134.10 रुपये के स्तर पर आ गए। यह गिरावट कंपनी के दिसंबर तिमाही के नतीजों के बाद आई, जो ब्रोकरेज फर्मों की उम्मीदों से कमजोर रहे। कई ब्रोकरेज फर्मों ने भी नतीजों के बाद रामको सीमेंट के शेयर की रेटिंग और टारगेट प्राइस में कटौती की है, जिससे निवेशकों का सेंटीमेंट कमजोर हुआ।
कंपनी ने बताया कि दिसंबर तिमाही के दौरान सीमेंट की औसत कीमतों में तिमाही आधार पर 6 प्रतिशत की गिरावट आई, जबकि बाजार को करीब 4 प्रतिशत की गिरावट की उम्मीद थी। खास तौर पर ट्रेड सीमेंट की कीमतों पर दबाव रहा। सितंबर 2025 के एग्जिट प्राइस की तुलना में दक्षिण भारत में ट्रेड सीमेंट की कीमतें 8 प्रतिशत और पूर्वी भारत में 9 प्रतिशत तक गिर गईं।
मुनाफा बढ़ा, लेकिन ऑपरेशनल दबाव बरकरार
कंपनी का रेवेन्यू सालाना आधार पर 6.2 प्रतिशत बढ़कर 2,105 करोड़ रुपये रहा, लेकिन EBITDA 279 करोड़ रुपये पर लगभग स्थिर रहा। ऑपरेटिंग मार्जिन घटकर 13.3 प्रतिशत रह गया, जो एक साल पहले 14 प्रतिशत था। बढ़ी हुई लागत और कमजोर कीमतों का असर मार्जिन पर साफ नजर आया।
लागत में बढ़ोतरी से मार्जिन पर दबाव
मोतीलाल ओसवाल के अनुमानों की तुलना में ऑपरेटिंग प्रॉफिट (EBITDA) करीब 11 प्रतिशत कम रहा। ब्रोकरेज के अनुसार, ऊंची ईंधन लागत और रुपये के अवमूल्यन ने मार्जिन पर दबाव डाला। तमिलनाडु में चूना पत्थर पर 160 रुपये प्रति टन का मिनरल बियरिंग लैंड टैक्स लगाए जाने से कच्चे माल की लागत बढ़ी, जिसका असर दिसंबर तिमाही में करीब 47 करोड़ रुपये के रूप में पड़ा।
पावर और फ्यूल लागत सालाना आधार पर 27 रुपये प्रति टन और तिमाही आधार पर 59 रुपये प्रति टन बढ़ी। इसके अलावा, कंस्ट्रक्शन केमिकल्स बिजनेस के लिए ब्रांड प्रमोशन पर अधिक खर्च और रिपेयर व मेंटेनेंस लागत बढ़ने से दूसरे खर्चों में भी इजाफा हुआ। राहत की बात यह रही कि एसेट मोनेटाइजेशन के चलते कंपनी का नेट कर्ज घटा है।
CLSA ने रामको सीमेंट्स की रेटिंग घटाकर ‘अंडरपरफॉर्म’ कर दी है और इसका टारगेट प्राइस घटाकर 890 रुपये प्रति शेयर कर दिया है। ब्रोकरेज का मानना है कि शेयर में हालिया तेजी, जो सीमेंट कीमतों में बढ़ोतरी की उम्मीद पर आधारित थी, उचित नहीं है। हालांकि नॉन-कोर एसेट्स, खासकर जमीन की बिक्री से मिलने वाली नकदी को पॉजिटिव माना गया है, लेकिन यह कंपनी की बुनियादी ऑपरेशनल कमजोरियों की भरपाई के लिए पर्याप्त नहीं है। CLSA ने आगे अनुमानों में तेज कटौती के जोखिम की भी चेतावनी दी है।
दूसरी ओर, जेफरीज ने स्टॉक पर ‘होल्ड’ की रेटिंग बनाए रखी है और 1,045 रुपये का टारगेट प्राइस तय किया है। ब्रोकरेज का कहना है कि कंपनी कर्ज घटाने पर लगातार काम कर रही है और सीमेंट के अलावा कंस्ट्रक्शन केमिकल्स जैसे नॉन-सीमेंट उत्पादों को बढ़ाने की कोशिश कर रही है। हाल ही में क्वार्ट्जाइट खदान की खोज से भविष्य में नॉन-सीमेंट बिजनेस के विस्तार के अवसर मिल सकते हैं, हालांकि इन पहलों का कमाई पर असर अभी निगरानी के दायरे में है। जेफरीज ने FY26 और FY27 के EBITDA अनुमानों में 5 से 8 प्रतिशत की कटौती की है।
डिस्क्लेमरः Moneycontrol पर एक्सपर्ट्स/ब्रोकरेज फर्म्स की ओर से दिए जाने वाले विचार और निवेश सलाह उनके अपने होते हैं, न कि वेबसाइट और उसके मैनेजमेंट के। वेबसाइट या मैनेजमेंट इसके लिए उत्तरदाई नहीं है। Moneycontrol यूजर्स को सलाह देता है कि वह कोई भी निवेश निर्णय लेने के पहले सर्टिफाइड एक्सपर्ट से सलाह लें।