24 सितंबर को शेयर बाजार में जबरदस्त गिरावट है। लेकिन रेमंड लिमिटेड के निवेशक मुनाफे में हैं। शेयर दिन में BSE पर पिछले बंद भाव से 7 प्रतिशत तक उछला। इसके साथ ही 52 सप्ताह का नया उच्च स्तर 1,196.75 रुपये क्रिएट हुआ। एक दिन पहले कंपनी ने शेयर बाजारों को जानकारी दी थी कि रेमंड ने एयरक्राफ्ट स्ट्रक्चर के क्षेत्र में कदम रखकर अपनी एयरोस्पेस क्षमताओं का विस्तार किया है। कंपनी ने बयान में कहा था कि सब्सिडियरी 'JK मैनी ग्लोबल एयरोस्पेस लिमिटेड' ने एक प्रमुख भारतीय एयरोस्पेस और डिफेंस OEM (ओरिजिनल इक्विपमेंट मैन्युफैक्चरर) से एक टेंडर हासिल किया है।
यह टेंडर एक बड़े स्वदेशी फाइटर एयरक्राफ्ट प्रोग्राम के लिए विंग स्ट्रक्चर और सेंटर फ्यूजलेज स्ट्रक्चर की असेंबली के लिए है। रेमंड लिमिटेड के इंजीनियरिंग वर्टिकल में अब दो मुख्य बिजनेस हैं- एयरोस्पेस व डिफेंस, टूल्स व ऑटो कंपोनेंट्स। रेमंड का इंजीनियरिंग बिजनेस, फाइल्स और हैंड टूल्स के निर्माण में लीडरशिप पोजिशन रखता है और राष्ट्रीय व अंतरराष्ट्रीय बाजारों में इसकी मजबूत मौजूदगी है।
शेयर 6 महीनों में 235 प्रतिशत चढ़ा
कंपनी का मार्केट कैप बढ़कर 7800 करोड़ रुपये से ज्यादा हो गया है। शेयर की फेस वैल्यू 10 रुपये है। यह BSE 1000 इंडेक्स का हिस्सा है। शेयर 2 सप्ताह में लगभग 40 प्रतिशत और एक महीने में करीब 86 प्रतिशत मजबूत हुआ है। कीमत 6 महीनों में 235 प्रतिशत उछली है। 5 साल में शेयर 650 प्रतिशत भागा है। कंपनी में जून 2026 के आखिर तक प्रमोटर्स के पास 48.87 प्रतिशत हिस्सेदारी थी। शेयर में लगातार तीसरे दिन तेजी है।
8 सितंबर को रेमंड के बोर्ड ने 214.71 करोड़ रुपये का फंड जुटाने को मंजूरी दी थी। यह फंड मिनरवा वेंचर्स फंड को 33,28,686 कनवर्टिबल वॉरंट जारी करके जुटाया जाएगा। इश्यू प्राइस 645 रुपये प्रति वॉरंट होगा। वॉरंट्स को प्राइवेट प्लेसमेंट बेसिस पर प्रिफरेंशियल अलॉटमेंट के जरिए जारी किया जाएगा। हर वॉरंट 10 रुपये फेस वैल्यू वाले 1 इक्विटी शेयर में कनवर्ट किया जा सकेगा।
Disclaimer: यहां मुहैया जानकारी सिर्फ सूचना के लिए दी जा रही है। यहां बताना जरूरी है कि मार्केट में निवेश बाजार जोखिमों के अधीन है। निवेशक के तौर पर पैसा लगाने से पहले हमेशा एक्सपर्ट से सलाह लें। मनीकंट्रोल की तरफ से किसी को भी पैसा लगाने की यहां कभी भी सलाह नहीं दी जाती है।