गिरते बाजार में रेमंड लिमिटेड के निवेशक जबरदस्त मुनाफे में हैं। 11 सितंबर को शेयर BSE पर पिछले बंद भाव से लगभग 20 प्रतिशत तक उछला। इसके साथ ही 52 सप्ताह का नया उच्च स्तर 1024 रुपये क्रिएट हुआ। शेयर में लगातार दूसरे कारोबारी दिन तेजी है। एक दिन पहले इसने 5.5 प्रतिशत की तेजी देखी थी। शुक्रवार को दिखी शानदार तेजी हैवी वॉल्यूम की वजह से है।
कंपनी का मार्केट कैप बढ़कर 6500 करोड़ रुपये से ज्यादा हो गया है। शेयर की फेस वैल्यू 10 रुपये है। यह BSE 1000 इंडेक्स का हिस्सा है। शेयर एक सप्ताह में 33 प्रतिशत, 2 सप्ताह में 57 प्रतिशत, 3 महीनों में 78 प्रतिशत और 6 महीनों में 161 प्रतिशत उछला है। 5 साल में शेयर की कीमत 537 प्रतिशत भागी है।
Raymond जुटाएगी 215 करोड़ रुपये
8 सितंबर को रेमंड के बोर्ड ने 214.71 करोड़ रुपये का फंड जुटाने को मंजूरी दी थी। यह फंड मिनरवा वेंचर्स फंड को 33,28,686 कनवर्टिबल वॉरंट जारी करके जुटाया जाएगा। इश्यू प्राइस 645 रुपये प्रति वॉरंट होगा। वॉरंट्स को प्राइवेट प्लेसमेंट बेसिस पर प्रिफरेंशियल अलॉटमेंट के जरिए जारी किया जाएगा। प्रपोजल पर अभी शेयरहोल्डर्स की मंजूरी समेत अन्य जरूरी मंजूरियां लिया जाना बाकी है। हर वॉरंट 10 रुपये फेस वैल्यू वाले 1 इक्विटी शेयर में कनवर्ट किया जा सकेगा। वारंट को अलॉटमेंट की तारीख से मैक्सिमम 18 महीनों के अंदर एक या ज्यादा किश्तों में इक्विटी शेयरों में बदला जा सकता है।
जुलाई 2025 में Raymond Realty हुई थी डीमर्ज
रेमंड रियल्टी, रेमंड लिमिटेड से अलग होकर लिस्ट हुआ रियल्टी बिजनेस है। कंपनी के शेयर 1 जुलाई 2025 को शेयर बाजार में लिस्ट हुए थे। डीमर्जर के तहत रिकॉर्ड डेट 14 मई 2025 तक जिन शेयरहोल्डर्स के पास रेमंड के शेयर थे, उन्हें उनके पास मौजूद हर एक शेयर पर रेमंड रियल्टी का एक शेयर दिया गया। इससे पहले रेमंड समूह ने लाइफस्टाइल और फैशन कारोबार को अलग किया था। इसके बाद रेमंड लाइफस्टाइल लिमिटेड नामक एक अलग लिस्टेड एंटिटी सामने आई। इस डीमर्जर के हिस्से के रूप में, रेमंड लिमिटेड के शेयरधारकों को उनके पास मौजूद रेमंड के हर 5 शेयरों पर रेमंड लाइफस्टाइल के 4 शेयर मिले थे।
Disclaimer: यहां मुहैया जानकारी सिर्फ सूचना के लिए दी जा रही है। यहां बताना जरूरी है कि मार्केट में निवेश बाजार जोखिमों के अधीन है। निवेशक के तौर पर पैसा लगाने से पहले हमेशा एक्सपर्ट से सलाह लें। मनीकंट्रोल की तरफ से किसी को भी पैसा लगाने की यहां कभी भी सलाह नहीं दी जाती है।