Adani Company Big Order Win: अदाणी एनर्जी सॉल्यूशंस लिमिटेड ने शनिवार, 21 नवंबर को जानकारी दी कि उसकी पूर्ण स्वामित्व वाली सहायक कंपनी पावरपल्स ट्रेडिंग सॉल्यूशंस लिमिटेड (PTSL) को 25 वर्षों तक 1,750 मेगावाट रिन्यूएबल राउंड-द-क्लॉक बिजली आपूर्ति करने का लेटर ऑफ अवार्ड मिला है।
यह ऑर्डर पश्चिम बंगाल राज्य विद्युत वितरण कंपनी लिमिटेड (WBSEDCL) की ओर से 25 साल की अवधि के लिए दिया गया है। इस LoA में 750 MW का 'ग्रीनशू विकल्प' भी शामिल है, जिसका उपयोग WBSEDCL बाद की तारीख में कर सकती है। अगर इस विकल्प का उपयोग किया जाता है, तो कुल अनुबंधित क्षमता बढ़कर 2,500 MW हो जाएगी।
कब शुरू होगी बिजली की सप्लाई?
शुरुआती 1,750 MW क्षमता के लिए बिजली की आपूर्ति 1 जुलाई 2028 से शुरू होने वाली है। अगर 750 MW के ग्रीनशू विकल्प का उपयोग किया जाता है, तो उस अतिरिक्त क्षमता के लिए बिजली आपूर्ति 1 अप्रैल 2029 से शुरू होने का कार्यक्रम है।
इस बड़ी उपलब्धि पर AESL के सीईओ कंदर्प पटेल ने कहा, 'यह महत्वपूर्ण ऑर्डर स्केलेबल एनर्जी सॉल्यूशंस प्रदान करने की हमारी प्रतिबद्धता को मजबूत करता है और हमें पश्चिम बंगाल की दीर्घकालिक सतत बिजली जरूरतों को पूरा करने में WBSEDCL के साथ साझेदारी करने का अवसर देता है'।
कैसे मिला यह कॉन्ट्रैक्ट?
कंपनी ने यह कॉन्ट्रैक्ट एक प्रतिस्पर्धी बोली प्रक्रिया के बाद हासिल किया है, जिसमें ई-रिवर्स ऑक्शन के बाद PTSL सफल बोलीदाता के रूप में उभरी।
AESL ने बताया कि PTSL ने सोर्सिंग के मोर्चे पर लगभग 4.6 GW सौर और पवन ऊर्जा क्षमता के साथ-साथ करीब 3.5 गीगावाट-घंटे की बैटरी एनर्जी स्टोरेज सिस्टम (BESS) क्षमता के लिए करार किया है।
कंपनी ने यह भी कहा कि वह उद्योगों, डेटा सेंटरों, वाणिज्यिक संस्थाओं और वितरण कंपनियों सहित बड़े उपभोक्ताओं के साथ दीर्घकालिक आपूर्ति अनुबंधों का विस्तार कर रही है।
कैसा रहा है शेयर का प्रदर्शन?
इस ऑर्डर की घोषणा शनिवार को बाजार बंद रहने के दौरान हुई है, ऐसे में सोमवार के कारोबारी सत्र में अदाणी एनर्जी सॉल्यूशंस के शेयरों पर निवेशकों की खास नजर रहेगी। इससे पहले शुक्रवार को अदाणी एनर्जी सॉल्यूशंस के शेयर 1.25% की तेजी के साथ ₹1,491.80 के स्तर पर बंद हुए थे।
Disclaimer: यहां मुहैया जानकारी सिर्फ सूचना के लिए दी जा रही है। शेयर बाजार में निवेश बाजार जोखिमों के अधीन है। पैसा लगाने से पहले हमेशा अपने वित्तीय सलाहकार या एक्सपर्ट से सलाह जरूर लें। मनीकंट्रोल की ओर से किसी को भी पैसा लगाने की कभी भी सलाह नहीं दी जाती है।