RBI MPC Meeting 10 Points: आरबीआई ने अप्रैल की मॉनेटरी पॉलिसी का ऐलान कर दिया है। केंद्रीय बैंक के गवर्नर संजय मल्होत्रा ने सुबह 10 बजे इसका ऐलान किया। यह नए वित्त वर्ष की आरबीआई की पहली मॉनेटरी पॉलिसी थी। आरबीआई की अगली मॉनेटरी पॉलिसी जून में आएगी। आरबीआई की मॉनेटरी पॉलिसी कमेटी (एमपीसी) की बैठक 3 जून को शुरू होगी। इसके नतीजे 5 जून को आएंगे। आइए आज की मॉनेटरी पॉलिसी की 10 सबसे बड़ी बातें जानते हैं।
1. आरबीआई ने रेपो रेट में किसी तरह का बदलाव नहीं किया। यह 5.25 फीसदी पर बना हुआ है। केंद्रीय बैंक ने आखिरी बार दिसंबर 2025 में रेपो रेट में कमी की थी।
2. केंद्रीय बैंक ने अपनी पॉलिसी का रुख (Stance) न्यूट्रल बना रखा। इसका मतलब है कि आरबीआई की कोशिश ग्रोथ बढ़ाने के साथ ही इनफ्लेशन को कंट्रोल में रखने की होगी।
3. आरबीआई की मॉनेटरी पॉलिसी कमेटी (MPC) का मानना है कि आगे इनफ्लेशन बढ़ने का खतरा है। इसकी बड़ी वजह ग्लोबल और कुछ घरेलू स्थितियां हैं।
4. आरबीआई गवर्नर संजय मल्होत्रा ने कहा कि फरवरी के हाई-फ्रीक्वेंसी इंडिकेटर्स आर्थिक गतिविधियां मजबूत बने रहने के संकेत देते हैं। उन्होंने कहा कि भारत की आर्थिक स्थिति भी मजबूत है।
5. केंद्रीय बैंक के प्रमुख ने कहा कि सप्लाई चेन में आई बाधा अगर जल्द खत्म नहीं होती है तो आगे डिमांड साइड से प्रेशर दिख सकता है। मध्यपूर्व में लड़ाई का असर सप्लाई चेन पर पड़ा है।
6. आरबीआई ने कहा कि मध्यपूर्व में चल रही लड़ाई के बीच सरकार एक्सपोर्ट को सपोर्ट करने और सप्लाई चेन की बाधाएं दूर करने की कोशिश कर रही है। इससे बाहरी संकट की स्थिति में इकोनॉमी को सहारा मिलेगा।
7. आरबीआई ने कहा है कि जीडीपी की नई सीरीज में पिछले वित्त वर्ष में जीडीपी की ग्रोथ 7.6 फीसदी रह सकती है। हालांकि, जियोपॉलिटिकल टेंशन से ग्रोथ को खतरा है।
8. केंद्रीय बैंक ने कहा है कि वित्त वर्ष 2026-27 में जीडीपी ग्रोथ 6.9 फीसदी रह सकती है। हालांकि, आरबीआई ने पहली तिमाही में ग्रोथ के अनुमान को 6.9% से घटाकर 6.8% कर दिया है।
9. MPC ने इस वित्त वर्ष यानी FY27 में रिटेल इनफ्लेशन 4.6 फीसदी रहने का अनुमान जताया है। उसने कहा है कि पहली तिमाही में इनफ्लेशन 4.4 फीसदी रह सकता है।
10. आरबीआई ने पिछले वित्त वर्ष यानी FY26 के इनफ्लेशन के अनुमान को पहले के 2.1 फीसदी के अनुमान से बढ़ाकर 4.6 फीसदी कर दिया है। यह इस साल फरवरी में 3.21 फीसदी के रिटेल इनफ्लेशन से काफी ज्यादा है।