Realty Stocks : रियल्टी सेक्टर में आज शानदार तेजी है। रियल्टी इंडेक्स पर नजर डालें तो आदित्य बिड़ला रियल्टी में 9% की तेज़ी आई है। जबकि लोढ़ा 8% ऊपर चढ़ा हैं।प्रेस्टीज,फीनिक्स,शोभा,गोदरेज प्रॉपर्टीज़,DLF,ओबेरॉय रियल्टी,अनंत राज और ब्रिगेड एंटरप्राइजेज में भी आज 5-8% की बढ़त देखने को मिली है। इस बीच प्रेस्टीज एस्टेट्स ने अपने चौथी तिमाही के बिजनेस अपडेट भी जारी किए हैं। इस स्टॉक को अपने अच्छे बिजने अपडेट का भी फायदा मिला है।
प्रेस्टीज एस्टेट्स के कारोबारी अपडेट
प्रेस्टीज एस्टेट्स के कारोबारी अपडेट्स पर नजर डालें तो चौथी तिमाही में कंपनी के प्री-सेल्स 10% बढ़कर 7,697 करोड़ रुपए पर रहे हैं। वहीं, पूरे वित्त वर्ष 2026 में इसके प्री-सेल्स आंकड़े 76% बढ़कर 30,024 करोड़ रुपए पर रहे हैं। सभी बड़े मार्केट में कंपनी के कारोबार में अच्छी ग्रोथ देखने को मिली है। न्यू लॉन्च और इन्वेंट्री से मजबूत सेल्स ग्रोथ देखने को मिली है। कंपनी ने पहली बार सालाना 30,000 करोड़ रुपए की सेल्स हासिल की है। सेल्स ग्रोथ में आगे और भी बेहतर ग्रोथ की उम्मीद है।
इस बीच आरबीआई ने आज अपनी नीति दरों में कोई बदलाव नहीं किया है। बाजार ने इस फैसले का स्वागत किया है। रियल एस्टेट सेक्टर के लिए ब्याज़ दरों में निरंतरता मोमेंट बनाए रखने के लिए अहम भूमिका निभाती है। उधार लेने की स्थिर लागत से घर खरीदने वालों की खरीदने की क्षमता को बनाए रखने में मदद मिलती है। इसके साथ ही डेवलपर्स को ज़्यादा आत्मविश्वास के साथ योजना बनाने की सहूलियत मिलती है। ऐसे माहौल में जहां मैक्रोइकोनॉमिक इंडीकेटर्स लोगों की सोच को आसानी से प्रभावित कर सकते हैं,दरों में उतार-चढ़ाव का न होना बाज़ार के लिए एक भरोसेमंद फैक्टर का काम करता है। कर्ज की लागतें स्थिर रहने से संभावित खरीदार घर खरीदने जैसे लंबे समय के निवेश के लिए फैसला लेने के लिए बेहतर स्थिति में होते हैं।
नाइट फ्रैंक इंडिया के इंटरनेशनल पार्टनर,चेयरमैन और मैनेजिंग डायरेक्टर शिशिर बैजल ने कहा कुल मिलाकर,RBI का फ़ैसला रियल एस्टेट सेक्टर के लिए एक संतुलित माहौल बनाएगा,जिससे मांग बनी रहेगी है और आने वाले समय में बाज़ार की गतिविधियों को जारी रखने के लिए ज़रूरी भरोसा मिलेगा।
रियल्टी सेक्टर पर जेफरीज की राय
मध्य-पूर्व में चल रहे संघर्ष के कारण वित्त वर्ष 2027 की पहली तिमाही में घर खरीदने के फ़ैसले धीमे पड़ सकते हैं। वित्त वर्ष 2027 में प्री-सेल्स ग्रोथ सालाना आधार पर धीमी होकर लगभग 6% रहने का अनुमान है,जबकि वित्त वर्ष 2026 में यह 21% पर थी। वैल्यूएशन में गिरावट आई है और वे कमज़ोर-साइकिल के स्तरों से भी नीचे आ गए हैं। जेफरीज को निवेश के नजरिए से डीएलएफ,गोदरेज प्रॉपर्टीज और लोढ़ा पसंद हैं।
जेफरीज ने DLF पर BUY रेटिंग बनाए रखते हुए 800 रुपए का टारगेट दिया है। वहीं, LODHA पर भी BUY रेटिंग बनाए रखते हुए 1,215 रुपए का टारगेट दिया है। गोदरेज प्रॉपर्टीज पर भी इसने BUY रेटिंग बनाए रखते हुए 2,420 रुपए का टारगेट दिया है। प्रेस्टीज एस्टेट्स पर इसने BUY रेटिंग बनाए रखते हुए 1,635 रुपए का टारगेट दिया है। वहीं, ओबेराय रियल्टी पर इसने होल्ड रेटिंग बनाए रखते हुए 1,680 रुपए का टारगेट दिया है।
डिस्क्लेमर: मनीकंट्रोल.कॉम पर दिए गए विचार एक्सपर्ट के अपने निजी विचार होते हैं। वेबसाइट या मैनेजमेंट इसके लिए उत्तरदाई नहीं है। यूजर्स को मनी कंट्रोल की सलाह है कि कोई भी निवेश निर्णय लेने से पहले सर्टिफाइड एक्सपर्ट की सलाह लें।